Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

4 अप्रैल का विश्व इतिहास - भारत एवं दुनिया में 2600 वर्षों में हुई महत्वपूर्ण घटनाओं, दिवसों और मशहूर हस्तियों के जन्म, निधन तिथियों की जानकारी World History of April 4

हममें से सबसे बुरे इंसान में भी कुछ अच्छाई होती है, और हममें से सबसे अच्छे इंसान में भी कुछ बुराई होती है। जब हमें यह बात समझ आ जाती है, तो हम अपने दुश्मनों से नफरत कम करने लगते हैं। -मार्टिन लूथर किंग जूनियर



503 ईसा पूर्व 4 अप्रैल को रोमन कौंसुल अग्रिप्पा मेनेनियस लैनाटस ने सबाइन्स पर सैन्य विजय मिलने पर भव्य जश्न का आयोजन किया।

188 ईस्वी में 4 अप्रैल को कैराकल्ला के नाम से सुपरिचित मार्कस ऑरेलियस एंटोनिनस (लुसियस सेप्टिमियस बैसियानस) का जन्म लुगडुनम में हुआ। सेवेरन राजवंश के सम्राट सेप्टिमियस सेवेरस और महारानी जूलिया डोम्ना का बड़ा बेटा मार्कस ऑरेलियस एंटोनिनस 198 से 217 ईस्वी तक रोमन सम्राट रहा।

190 ईस्वी में 4 अप्रैल को चीन में शासक डोंग झूओ ने अपने सैनिकों से राजधानी लुओयांग को खाली करा लिया और उसे जलवा दिया।

397 ईस्वी में 4 अप्रैल को धर्मशास्त्री और राजनेता एंब्रोस ऑफ मिला (ऑरेलियस एम्ब्रोसियस) का निधन हुआ। मिलान के बिशप एंब्रोस को संत एम्ब्रोस के रूप में संत घोषित किया गया है।

611 ईस्वी में 4 अप्रैल को कालकमुल के माया राजा उनेह चान ने दक्षिणी मेक्सिको में प्रतिद्वंद्वी शहर-राज्य पैलेनक को बर्खास्त कर दिया।

636 ईस्वी में 4 अप्रैल को हिसपालिस, विसिगोथिक साम्राज्य में हिस्पानो-रोमन विद्वान, धर्मशास्त्री और सेविले के आर्कबिशप इसिडोर ऑफ सेविले (इसिडोरस हिस्पलेंसिस) का निधन हुआ।

801 ईस्वी में 4 अप्रैल को कई महीनों की घेराबंदी के बाद राजा लुईस द पियस ने बार्सिलोना (अब स्पेन में) पर कब्जा कर लिया।

896 ईस्वी में 4 अप्रैल को पोप और पैपल राज्यों के शासक पोप फॉर्मोसस का निधन हुआ। कॉन्स्टेंटिनोपल के पैट्रिआर्कट, पश्चिमी फ्रांसिया के साम्राज्य और पवित्र रोमन साम्राज्य में सत्ता संघर्षों में फॉर्मोसस के हस्तक्षेप की प्रमुख भूमिका रही।

968 ईस्वी में 4 अप्रैल को दमिश्क के नजदीक सादाद में अरब राजकुमार, कवि, उत्तरी सीरिया और ऊपरी मेसोपोटामिया में शासक रहे अबू फिरास अल-हमदानी (अल-हरिथ इब्न अबील-अलास सईद इब्न हमदान अल-तगलिबी) का इंतकाल हुआ।

1268 वेनिस के दूतों और सम्राट माइकल 8वें पलैलोगोस के मध्य 5 वर्ष की बीजान्टिन-विनीशियन शांति संधि हस्ताक्षरित हुई।

1287 एक योद्धा वारेरु बिन्नया डाला ने पहले से स्थापित शासन को उखाड़ फेंका और निचले बर्मा में हंथावाडी साम्राज्य स्थापित कर स्वयं को राजा घोषित किया।

1423 गैलीपोली की लड़ाई में हंगरी साम्राज्य और ओटोमन साम्राज्य के खिलाफ जीत हासिल करने वाले वेनिस के डोगे टोमासो मोसेनिगो की मृत्यु हुई।

1460 स्विट्जरर्लैंड में बासेल यूनिवर्सिटी की स्थापना की गई। बासेल विश्वविद्यालय स्विट्जरलैंड में उच्च शिक्षा का सबसे पुराना अग्रणी संस्थान है। 

1581 जल मार्ग से विश्व भ्रमण करने वाले फ्रांसिस ड्रेक को ब्रिटिश महारानी एलिजाबेथ प्रथम ने नाइट की उपाधि दी।

1716 उत्तरी जर्मनी के विस्मार पर रुस और प्रशिया की सेनाओं ने कब्जा किया।

1721 व्हिग पार्टी नेता रॉबर्ट वाल्पोल ग्रेट ब्रिटेन के पहले प्रधानमंत्री बनाए गये।

1737 एंथनी वैन हेम को डच पेंशन सलाहकार के पद पर नियुक्त किया गया।

1722 जेकब रोजरविन ने पूर्वी आयरलैंड की खोज की।

1774 लंदन, यूनाइटेड किंगडम में प्रसिद्ध एंग्लो-आयरिश कवि, उपन्यासकार, नाटककार और पेशेवर लेखक ओलिवर गोल्डस्मिथ (जन्म 10 नवंबर 1728) का निधन हुआ। ओलिवर गोल्डस्मिथ विभिन्न शैलियों में साहित्यिक रचनाएँ कीं और उन्हें जॉर्जियाई युग के सबसे बहुमुखी लेखकों में से एक माना जाता है। ओलिवर गोल्डस्मिथ ने लिखा है, जीवन एक यात्रा है जिसे पूरा करना ही पड़ता है, चाहे रास्ते और रहने की जगह कितनी भी खराब क्यों न हों।

1785 फ्रैंकफर्ट एम मेन, जर्मनी में बेटिना वॉन अर्निम (एलिजाबेथ कैथरीना लुडोविका मैग्डालेना ब्रेंटानो) का जन्म हुआ। बेटिना वॉन अर्निम प्रतिष्ठित जर्मन लेखिका, संगीतकार, उपन्यासकार, प्रकाशक, गायिका, दृश्य कलाकार, चित्रकार, युवा प्रतिभाओं की संरक्षक और प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ता बनीं। बेटिना वॉन अर्निम का एक कथन, आत्मा पर राज करने के लिए दुनिया चाहे जो भी नियम बनाए, मैं उन्हें मानने से इनकार करती हूँ। 

1818 अमेरिकी कांग्रेस ने राष्ट्रध्वज में 13 लाल और सफेद स्ट्रिप्स तथा 20 सितारे शामिल करने को मंजूरी दी।

1841 नौवें राष्ट्रपति विलियम हेनरी हैरिसन कार्यालय में मरने वाले पहले अमेरिकी राष्ट्रपति बने।

1855 तमिलनाडु राज्य गीत के रचयिता, विख्यात तमिल नाटककार मनोमणियम सुंदरम पिल्लई का जन्म केरल में हुआ।

1858 ह्ययूज रोज के नेतृत्व में ब्रिटिश सेना के साथ युद्ध हारने के बाद पकड़े जाने के डर से झांसी की रानी लक्ष्मीबाई झांसी से निकलकर काल्पी पहुंची और बाद में ग्वालियर की ओर चली गई।

1887 पहली अमेरिकी महिला महापौर सुसाना मेडोरा साल्टर को चुना गया।

1889 विख्यात हिंदी कवि, लेखक, नाटककार और पत्रकार माखनलाल चतुर्वेदी का जन्म बबाई, होशंगाबाद, मध्य प्रदेश में हुआ।

1905 मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के प्रमुख राजनीतिज्ञ नृपेन चक्रबर्ती का जन्म हुआ। इसी दिन हिमाचल प्रदेश की कांगड़ा घाटी में 1905 में आये जबरदस्त भूकंप से लगभग 20000 लोगों की जान गई।

1908 भारतीय संविधान सभा की एकमात्र मुस्लिम महिला सदस्य बेगम ऐजाज रसूल का जन्म हुआ।

1909 फुटबॉल टीम स्पोर्ट क्लब इंटरनेशनल पोर्टो एलेग्रे ब्राजील में स्थापित किया गया।

1910 प्रख्यात दार्शनिक श्री अरबिंदो घोष ने पांडिचेरी में योग और आध्यात्मिक केंद्र खोला।

1916 अमेरिकन सीनेट ने प्रथम विश्व युद्ध में हिस्सा लेने को मंजूरी दी।

1922 प्रख्यात अमेरिकी संगीतज्ञ एलमर बर्नस्टाइन का जन्म हुआ।

1928 सेंट लुइस, मिसौरी में माया एंजेलो का जन्म हुआ। माया एंजेलो विख्यात, बहु पुरस्कृत, प्रतिष्ठित अमेरिकी संस्मरणकार, कवि, निबंधकार, फिल्म, नाटक, टीवी शो पटकथा लेखिका, नागरिक अधिकार कार्यकत्री बनीं। माया एंजेलो ने 7 आत्मकथाएँ, निबंधों की 3 पुस्तकें और कविता की कई पुस्तकें प्रकाशित की हैं, 50 वर्षों से अधिक समय तक नाटकों, फिल्मों और टेलीविजन शो में योगदान दिया। माया एंजेलो का एक उद्धरण, नफरत, इसने दुनिया में बहुत सारी समस्याएँ पैदा की हैं, लेकिन अभी तक एक भी समस्या का समाधान नहीं किया है।

1929 लैडेनबर्ग, बाडेन, वाइमर गणराज्य में प्रसिद्ध जर्मन इंजन डिजाइनर और ऑटोमोटिव इंजीनियर कार्ल बेंज (कार्ल फ्रेडरिक माइकल वैलियंट, जन्म 25 नवंबर 1844) का निधन हुआ। 1885 में बनी कार्ल बेंज की बेंज पेटेंट-मोटरवैगन पहली व्यावहारिक, आधुनिक ऑटोमोबाइल और बड़े पैमाने पर उत्पादन और उपयोग में लाई गई पहली कार बनी।

1933 भारत के विख्यात क्रिकेट खिलाड़ी बापू नादकर्णी का जन्म हुआ।

1938 प्रख्यात भारतीय अमेरिकी माइक्रोबायोलोजिस्ट, वैज्ञानिक एवं शोधकर्ता आनंद मोहन चक्रवर्ती का जन्म सैंथिया, पश्चिम बंगाल में हुआ।

1941 लीबिया के बेनगाजी शहर पर जर्मनी की सेना ने कब्जा किया।

1942 भारत के हैदराबाद में जुबैदा तारिक का जन्म हुआ। वे पाकिस्तान में खान-पान कला विशेषज्ञ हुईं। उन्हें जुबैदा आपा के नाम से पुकारा जाता है।

1944 ब्रिटिश सेना ने इथोपिया के आदिश अबाबा पर कब्जा किया।

1949 नाटो यानी नाॅर्थ अटलांटिक ट्रीटी आॅर्गनाइजेशन (हिंदी में उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन) की स्थापना हुई। 4 अप्रैल को नाटो दिवस मनाया जाता है। इसे उत्तरी मैसेडोनिया सहित सभी मित्र देशों में मनाया जाता है। 

1952 अंकुश, प्रतिघात और तेजाब जैसी अनेक लोकप्रिय फिल्में बनाने वाले जाने माने बाॅलीवुड फिल्मकार चंद्रशेखर नार्वेकर या एन चंद्रा का जन्म बंबई में हुआ।

1954 भारत की बेहद खूबसूरत, बोल्ड मशहूर बॉलीवुड फिल्म अभिनेत्री परवीन बॉबी का जन्म गुजरात के जूनागढ़ में हुआ। अपने ग्लैमर्स अभिनय के कारण बेहद लोकप्रिय हुई परवीन को अनेक पुरस्कार और सम्मान मिले।

1955 फेमिना मिस इंडिया वल्र्ड 1971 एवं 1971 में ही मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता की भारतीय प्रतिस्पर्धी, खूबसूरत, बोल्ड अभिनेत्री तथा माॅडल प्रेमा नारायण का जन्म कलिमपोंग में हुआ।

1959 प्रसिद्ध, खूबसूरत, बोल्ड दक्षिण भारतीय फिल्म अभिनेत्री तथा माॅडल गुड्डी मारुति का जन्म हुआ।

1960 अफ्रीकी देश सेनेगल को फ्रांस की गुलामी से आजादी हासिल हुई।

1965 बेहद विवादित स्वंभू महिला संत, महिला भगवान, टीवी शो होस्ट और बिग बाॅस 14 की प्रतिभागी रही राधे मां यानी सुखविंदर कौर का जन्म दोरंगला, पंजाब में हुआ।

1968 विख्यात अमेरिकी मानवाधिकार कार्यकर्ता मार्टिन लूथर किंग जूनियर (जन्म 15 जनवरी 1929 अटलांटा, जॉर्जिया) की हत्या जेम्स अर्ल रे ने की। रे को 99 साल की जेल की सजा हुई और उसने 1998 में जेल में ही दम तोड़ा। एक दिन पहले ही अपने अंतिम सार्वजनिक वक्तव्य में मार्टिन लूथर किंग जूनियर ने अपनी असामयिक मृत्यु की आशंका जताई थी। मार्टिन लूथर किंग जूनियर का एक कथन, एक समय ऐसा आता है जब चुप्पी भी एक तरह का विश्वासघात होती है।

1969 खूबसूरत, बोल्ड जानी मानी भारतीय फिल्म तथा टेलीविजन अभिनेत्री पल्लवी जोशी का जन्म हुआ।

1972 भारत में जानी मानी कनाडाई फिल्म अभिनेत्री एवं फैशन मॉडल लीसा रे का जन्म टोरंटो, कनाडा में हुआ।

1975 बिल गेट्स और पॉल एलन के बीच हुए समझौते के फलस्वरूप माइक्रोसॉफ्ट की स्थापना हुई। माइक्रोसॉफ्ट एक ऐसी कंपनी है, जिसने पूरी दुनिया में कंप्यूटर की लोकप्रियता बढ़ाने का काम किया। इसकी स्थापना 4 अप्रैल 1975 को हुई थी, जब ज्यादातर अमेरिकी टाइपराइटर्स का इस्तेमाल करते थे। बचपन के दो दोस्तों बिल गेट्स और पॉल एलन ने माइक्रोसॉफ्ट बनाई, जो कंप्यूटर सॉफ्टवेयर बनाती है। 1979 में न्यू मैक्सिको से माइक्रोसॉफ्ट वॉशिंगटन स्टेट में शिफ्ट हुई और यहां एक बड़ी मल्टीनेशनल टेक्नोलॉजी कॉर्पोरेशन के तौर पर उभरी। 1987 में माइक्रोसॉफ्ट ने शेयर निकाले और 31 साल के गेट्स दुनिया के सबसे युवा अरबपति बन गए। गेट्स और एलन ने जब माइक्रोसॉफ्ट शुरू की तो इसे माइक्रो-सॉफ्ट कहा गया यानी माइक्रोप्रोसेसर्स और सॉफ्टवेयर के शुरुआती शब्दों को जोड़ कर। 

1975 अगुआस ब्यूनस, प्यूर्तो रिको में जॉयस मैरी जिराउड मोजिका का जन्म हुआ। वे जॉयस जिराउड डी ओहोवेन के नाम से भी जानी जाती हैं। जॉयस मैरी जिराउड मोजिका बोल्ड, खूबसूरत प्यूर्टो रिकान अभिनेत्री, मॉडल और सौंदर्य प्रतियोगिताओं की प्रतियोगी रही हैं। 1994 में उन्होंने मिस वर्ल्ड 1994 में प्रतिस्पर्धा की और मिस इंडिया ऐश्वर्या राय से हार गईं। 1998 में जिराउड को मिस यूनिवर्स प्यूर्टो रिको 1998 चुना गया और मिस यूनिवर्स 1998 में प्यूर्टो रिको का प्रतिनिधित्व किया, जहां वह दूसरी रनर-अप रहीं। इसके बाद उन्होंने टेलीविजन और फिल्म में अभिनय, मॉडलिंग, रियलिटी शो इत्यादि में भागीदारी शुरु कर दी।

1976 सिमरन के नाम से सुपरिचित हिंदी सहित विभिन्न दक्षिण भारतीय फिल्मों में काम करने वाली खूबसूरत, बोल्ड अभिनेत्री, डांसर, माॅडल और फिल्म निर्मात्री ऋषिबाला नवल यानी सिमरन बग्गा का जन्म बंबई में हुआ।

1977 न्यू होप, जॉर्जिया में एक राजमार्ग पर दक्षिणी एयरवेज की उड़ान 242 दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें 72 लोग मारे गए।

1979 पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री जुल्फिकार अली भुट्टो को फांसी के फंदे पर 4 अप्रैल की सुबह लटका दिया गया। उन पर हत्या के षड्यंत्र में शामिल होने का आरोप था। गिरफ्तारी के समय न सिर्फ भुट्टो की खूब पिटाई की गई थी, बल्कि फांसीघर तक उन्हें स्ट्रेचर पर जबरन ले जाया गया। उससे पहले की रात वे लगातार रोते रहे। भुट्टो फौजी तानाशाह जिया उल हक ने कई देशों की माफी की अपील को भी ठुकरा दिया था। उस समय भारत में प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई ने इसे पाकिस्तान का आंतरिक मसला कहकर टाल दिया था। पर पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने जरूर माफी की अपील की थी। कहते हैं कि फौजी तानाशाह जनरल जिया उन्हें सख्त नापसंद कर रहे थे और कहा जाता है कि फर्जी आरोपों में उन्हें मार दिया गया।

1979 अंग्रेजी फिल्मों के विख्यात अभिनेता हीथ लैजर का जन्म हुआ। इसी दिन जाने माने भारतीय टेलीविजन अभिनेता और माॅडल गौरव चोपड़ा का जन्म दिल्ली में हुआ।

1983 जानी मानी, खूबसूरत बोल्ड मलयालम फिल्म एवं टेलीविजन अभिनेत्री, कुचिपुड़ी नर्तकी तथा माॅडल रचना नारायणनकुट्टी का जन्म त्रिसूर में हुआ।

1984 जाने माने भारतीय गायक, संगीतकार, रैपर और अभिनेता गैरी संधू यानी गुरमुख सिंह का जन्म जालंधर के फिल्लौर तहसील के गांव रुरका कलां में हुआ। इसी दिन फिल्म अभिनेता से नेता बने अमेरिकी राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन ने रासायनिक हथियारों पर अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंध का आह्वान किया।

1986 जाने माने टेलीविजन अभिनेता और माॅडल मोहित मल्होत्रा का जन्म दिल्ली में हुआ।

1987 नई दिल्ली में साहित्य अकादमी, ज्ञानपीठ पुरस्कार प्राप्त लेखक, कवि, उपन्यासकार, साहित्य आलोचक, पत्रकार, अनुवादक, क्रांतिकारी, समाचार पत्रिका दिनमान के संपादक सच्चिदानंद हीरानंद वात्स्यायन अज्ञेय (जन्म 7 मार्च 1911 कासिया, आगरा और अवध के संयुक्त प्रांत, ब्रिटिश भारत) का निधन हुआ। उन्होंने हिंदी कविता के साथ कथा साहित्य, आलोचना और पत्रकारिता में आधुनिक प्रवृत्तियों की शुरुआत की। उन्हें आधुनिक हिंदी साहित्य में प्रयोगवाद आंदोलन का प्रणेता माना जाता है। अज्ञेय का एक उद्धरण, अगर मैं अपने से बड़े किसी विचार, आदर्श, आइडिया के लिए जीता हूँ तो स्पष्ट है कि मेरा जीवन एक यज्ञ है, उस विचार या आदर्श के लिए अर्पित आहुति मैं हूँ।

1988 अमेरिका में एरिजोना के गवर्नर इवान मेखम को महाभियोग चलाकर दोषी ठहराया और उसके बाद पद से हटाया गया।

1990 ब्रिटेन से आजादी के बाद हांगकांग का वर्तमान ध्वज सातवें राष्ट्रीय पीपुल्स कांग्रेस के तीसरे सत्र में अपनाया गया।

1991 मिस्टर सुपरनेशनल 2018 जाने माने फुटबाल खिलाड़ी और माॅडल प्रथमेश मौलिंगकर का जन्म तिविम, गोवा में हुआ। 1991 में इसी दिन पेंसिल्वेनिया के सीनेटर जॉन हेंज और छह अन्य की मौत हो गई जब मेरियन, पेंसिल्वेनिया में एक प्राथमिक विद्यालय के ऊपर एक हेलीकॉप्टर उनके हवाई जहाज से टकरा गया। इसी दिन गुड गाइज सैक्रामेंटो, कैलिफोर्निया में इलेक्ट्रॉनिक्स स्टोर के अंदर इकतालीस लोगों को बंधक बना लिया गया। बंधक बनाने वालों में से 3 और बंधकों में से 3 कुल 6 लोग मारे गए

1994 तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा ने तिब्बती बालक उग्येन थिनले दोरजी को नये कर्मापा के रूप में घोषणा की।

1995 भारत की प्रसिद्ध समाजसेवी, स्वतंत्रता सेनानी और शिक्षाविद हंसा मेहता का निधन हुआ।

1997 क्रयशक्ति की क्षमता के मद्देनजर विश्व बैंक ने भारत को विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश घोषित किया।

2002 दशकों से चले आ रहे ग्रहयुद्ध के दौरान अंगोला सरकार और यूनिटा विद्रोहियों ने एक शांति संधि पर हस्ताक्षर किए, जिसमें 1994 के लुसाका प्रोटोकॉल का पालन करने और गृह युद्ध समाप्त करने पर सहमति बनी।

2004 नेपाली माओवादी विद्रोहियों ने भारत-नेपाल की अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर 18 भारतीय तेल टैंकरों में आग लगा दी।

2005 अमेरिकी एनसीएए पुरुष बास्केटबॉल चैम्पियनशिप में उत्तरी कैरोलिना ने इलिनोइस को 75 -70 से हराया।

2006 इराक के अमेरिका द्वारा अपदस्थ राष्ट्रपति सद्दाम हुसैन पर नए आरोप लगाए गये। 4 अप्रैल को पहला खदान जागरूकता और खदान कार्रवाई में सहायता के लिए अंतर्राष्ट्रीय दिवस मनाया गया। यह अशांत / युद्धरत क्षेत्रों में प्रभावितों के कल्याण के लिए है। इसे मनाने की घोषणा 8 दिसंबर 2005 को संयुक्त राष्ट्र महासभा ने की।

2008 पाकिस्तान की नई सरकार ने सेना के गुप्तचर एजेंसी के प्रमुख के पद से मेजर जनरल नदीम को हटाया।

2010 माओवादियों द्वारा किए गए उड़ीसा, भारत के कोरापुट जिले में बारुदी सुरंग विस्फोट में दस सुरक्षाकर्मियों की मौत हुई।

2013 महाराष्ट्र के ठाणे में अवैध रूप से निर्मित एक बहुमंजिला इमारत गिरने से तकरीबन 80 लोग मारे गए। इसी दिन 2013 में छत्तीसगढ़ में एक कुल्हाड़ी-हत्या कांड में नौ लोग मारे गए।

2014 बिसाऊ-गिनी के सैनिक, राजनीतिज्ञ और राष्ट्रपति रहे कुम्बा इअला एंबालो का निधन हुआ।

2017 सीरिया ने रासायनिक हथियारों का उपयोग करके खान शायखुन पर हवाई हमला किया, जिसमें 89 सामान्य, निर्दोष नागरिक मारे गए।

2019 प्रमुख उपनिषदों के आख्यानों, अवधारणाओं, पदों, और शब्दों की युक्तियुक्त व्याख्या करने वाले वेदवती वैदिक का निधन हुआ।

2020 चीन ने उन शहीदों के लिए राष्ट्रीय शोक दिवस मनाया जो कोरोना वायरस बीमारी के प्रकोप के खिलाफ लड़ाई में मारे गए।

2021 हिंदी सिनेमा की प्रख्यात भारतीय खलनायिका शशिकला का निधन हुआ।

2023 तुर्की द्वारा सदस्यता अनुरोध स्वीकार करने के बाद फिनलैंड नाटो का सदस्य बन गया। इसी दिन गुजरात के सूरत की सत्र अदालत द्वारा जमानत की अवधि बढ़ाए जाने के एक दिन बाद राहुल गांधी ने मंगलवार को अडानी कंपनियों में धन के लेन-देन पर फिर से सवाल उठाया। राहुल गांधी केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) की बैठक के लिए कांग्रेस कार्यालय पहुंचे। जब उनसे न्यायपालिका पर दबाव बनाने के भाजपा के आरोप के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने जवाब दिया, आप यह क्यों पूछते हैं कि भाजपा क्या कहती है। एकमात्र सवाल यह है कि अडानी शेल कंपनियों में 20,000 करोड़ रुपये किसके हैं। अदालत ने राहुल गांधी को सोमवार को आपराधिक मानहानि मामले में जमानत दी। राहुल गांधी ने कहा था कि सच्चाई इस संघर्ष में उनका हथियार है। हिंदी में ट्वीट्स की एक श्रृंखला में, गांधी ने कहा कि यह लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई और मित्र काल के खिलाफ है, और इस संघर्ष में, सत्य मेरा हथियार है और सत्य मेरा आश्रय है। इसी दिन पंजाब में गुरदासपुर जिले के थाना तिब्बड़ के अंतर्गत गांव भुंभली में मंगलवार को पंजाब पुलिस के एक एएसआई भूपिंदर सिंह ने घरेलू विवाद के चलते पहले अपने 19 साल के बेटे पर गोली चला दी जिसे बचाने आई मां पर भी गोलियां चला कर उसकी हत्या कर दी। इस पर करीब में ही भौंक रहे अपने पालतू कुत्ते को भी गोली मारकर हत्या कर दी। इसी दिन विश्व बैंक ने कहा कि भारत की जीडीपी वृद्धि 2023-24 में खपत में कमी आने की वजह से धीमी पड़कर 6.3 प्रतिशत पर आ सकती है, जो पहले के 6.6 प्रतिशत के अनुमान से कम है। दूसरी ओर एशियाई विकास बैंक (एडीबी) ने भी कहा कि भारत की आर्थिक वृद्धि दर चालू वित्त वर्ष में घटकर 6.4 प्रतिशत रहने का अनुमान है। एडीबी की रिपोर्ट के अनुसार, सख्त मौद्रिक रुख और तेल कीमतों में तेजी के कारण अर्थव्यवस्था पर दबाव रहेगा।

2024 अमेरिका समर्थित इस्राइल के फिलिस्तीन में नरसंहार से घरेलू और वैश्विक स्तर पर आलोचनाओं का शिकार हो रहे अमेरिकी राष्ठªपति जो बाइडन ने गुरुवार को इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से कहा कि गाजा में नाागरिकोें की सुरक्षा सुनिश्चित होने पर ही अमेरिका इजराइल का समर्थन करेगा। अमेरिकी राष्ट्रपति ने वहां सामान्य स्थिति के लिए तत्काल युद्धविराम का भी आह्वान किया। बताया जाता है कि स्पेनिश अमेरिकी शेफ और रेस्तरां मालिक जोस एंड्रेस के वर्ल्ड सेंट्रल किचन के छह सहायता कर्मियों की हत्या पर दुनिया भर में बढ़ते आक्रोश के बीच दोनों नेताओं ने फोन पर बात की। 2024 में इसी दिन जानी मानी ब्रिटिश लेखिका लिन रीड बैंक्स, अमेरिकी रोमन कैथोलिक धर्माधिकारी थॉमस गम्बलटन एवं प्रसिद्ध अमेरिकी बेसबॉल खिलाड़ी पैट जैचरी का निधन हुआ।

2025 मुंबई में मनोज कुमार (हरिकृष्ण गिरि गोस्वामी, जन्म 24 जुलाई 1937, एबटाबाद, पाकिस्तान) का निधन हुआ। 1950, 1960 और 1070 के दशक के लोकप्रिय हिंदी फिल्म अभिनेता, निर्देशक, पटकथा लेखक, गीतकार और संपादक थे। मनोज कुमार को हिंदी सिनेमा में सबसे कुशल अभिनेताओं में से एक माना जाता है। उन्हें देशभक्ति पर आधारित फिल्मों में अपने अभिनय के लिए जाना जाता है, जिसके लिए मनोज कुमार को भारत कुमार भी कहा गया। चार दशकों से अधिक लंबे अपने करियर में मनोज कुमार ने 55 फिल्मों में काम किया। मनोज को दादा साहेब फाल्के और पद्मभूषण सम्मान मिले। इसी दिन ऑस्ट्रेलियाई राजनेता, तस्मानिया के 40वें प्रीमियर टोनी रंडल का निधन हुआ।

2026 ईरानी अधिकारियों ने अमेरिका की संपत्तियों पर करारे हमले करने की चेतावनी दी है। इजराइल डिफेंस फोर्सेज ने बेरूत में हिज्बुल्लाह के ठिकानों पर हमला किया, लेबनान के टायर में हवाई हमलों में ग्यारह लोग घायल हो गए। मध्य पूर्व में इस्राइल और अमेरिका द्वारा युद्ध करके दुनिया पर थोपे गए संकट के कारण बाधित हवाई यातायात के दौर में एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने पश्चिम एशिया के लिए वहां से 42 विशेष उड़ानों की घोषणा की। अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में आए भूकंप में आठ लोगों की मौत हो गई, और इसके झटके उत्तरी भारत में भी महसूस किए गए। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने होर्मुज जलडमरूमध्य से संबंधित एक मतदान को टाल दिया है। एलिस मीना और व्लादिमीरो सेल्वा ने सैन मैरिनो के नए कैप्टन रीजेंट के रूप में शपथ ली। माइक्रोसॉफ्ट ने पंजाब में एक एआई कौशल केंद्र स्थापित करने के लिए चंडीगढ़ विश्वविद्यालय के साथ एक एमओयू पर हस्ताक्षर किए। 12 अप्रैल तक चलने वाला दून पुस्तक महोत्सव 2026 देहरादून में शुरू हुआ।

अश्लीलता, क्रूरता और हिंसा से भरी दुनिया में, प्यार मौजूद है। मुझे यह जानकर खुशी हुई कि यह मौजूद है। -माया एंजेलो 

(Disclaimer विशेष सूचना- हमने तथ्यों को यथासंभव जांचकर प्रस्तुत किया है। फिर भी किसी भूल के लिए हम क्षमाप्रार्थी होंगे। पाठक कृपया अपने स्तर पर भी तथ्यों को जांच-परख लें, साथ ही हमारा निवेदन है कि यदि आपको कोई त्रृटि दिखी तो कृपया हमें सूचित करें ताकि हम उसे सुधार सकें। आपकी प्रतिक्रियाएं, सुझाव, रचनाएं आमंत्रित हैं। धन्यवाद ! -संपादक - पीपुल्स फ्रैंड)

प्रस्तुति: एपी भारती (पत्रकार, संपादक पीपुल्स फ्रैंड, रुद्रपुर, उत्तराखंड)

कृपया देखिए हमारा हिंदी समाचार पोर्टल एक्सप्लेनर24.कॉम https://explainer24.com अपने सुझाव दीजिए ! धन्यवाद !

प्रेस / मीडिया विशेष - आप अपने समाचार, विज्ञापन, रचनाएं छपवाने, समाचार पत्र, पत्रिका पंजीयन, सोशल मीडिया, समाचार वेबसाइट, यूट्यूब चैनल, कंटेंट राइटिंग इत्यादि प्रेस/मीडिया विषयक कार्यों हेतु व्हाट्सऐप 9411175848 पर संपर्क करें।

#WorldHistoryofApril4 #MineAwarenessDay #MayaAngelou #ManojKumar #Agyeya #ZulfikarAliBhutto #MartinLutherKingJr #Microsoft #CarlBenz #BettinavonArnim #MakhanlalChaturvedi #OliverGoldsmith #PallaviJoshi #Twitter #Blogger #Medium #Iran #Israel #Donaldtrump #War #Quotes #Thoughts #Motivation #Inspiration #Facts #Truth #Nature #Science #Politics #Economy #World #Business #jobs #Inflation #Uttarakhand #Rudrapur #Udhamsinghnagar #Peoplesfriend #Newspaper #APBharati #Journalism #Writing #Socialmedia #Viralphoto #Iran #Israel #War #Hormuz #IRGC #Donaltrump #explainer24.com #Newsportal #ICC #X #ZubaidaTariq

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ