बिना चिंतन-मनन (दर्शन) के जीना, सच कहूँ तो बिल्कुल वैसा ही है जैसे आँखें बंद करके रखना और उन्हें खोलने की कोई कोशिश ही न करना। -रेने डेकार्ट
32 ईसापूर्व 31 मार्च को प्रमुख रोमन संपादक, बैंकर और पत्रों के संरक्षक टाइटस पोंपोनियस एटिकस (प्रसिद्ध रोमन राजनेता मार्कस टुलियस सिसरो के मित्र) का रोम में निधन हुआ।
307 ईस्वी में 31 मार्च को रोमन सम्राट कॉन्स्टेंटाइन ने अपनी पत्नी मिनर्विना को तलाक देने के बाद सेवानिवृत्त रोमन सम्राट मैक्सिमियन की बेटी फॉस्टा से शादी की।
528 ईस्वी में 31 मार्च को जियानबेई के नेतृत्व वाले चीनी उत्तरी वेई राजवंश के सम्राट जियाओमिंग ((व्यक्तिगत नाम युआन) का निधन हुआ। जियाओमिंग को डिंग मौसोलियम में दफ्नाया गया।
627 ईस्वी में 31 मार्च को मुस्लिम-कुरैशी कबीलों यानी जनजातियों के एक परिसंघ ने मुहम्मद (मुख्य इस्लामी पैंगंबर हजरत मोहम्मद) और उसकी सेना के खिलाफ यत्रिब (अब मदीना) की घेराबंदी शुरू की।
963 ईस्वी में 31 मार्च को जारंग (दक्षिण-पश्चिमी अफगानिस्तान) में सफ्फारी शासन के संस्थापक, सिस्तान के अमीर और कला के महान संरक्षक अबू जाफर अहमद इब्न मुहम्मद (जन्म 21 जून, 906) का इंतकाल हुआ।
1146 क्लेरवाक्स के फ्रांसीसी मठाधीश बर्नार्ड ने राजा लुईस सप्तम के साथ जनता की एक सभा को धर्मोपदेश दिया, जिसमें दूसरे धर्मयुद्ध की आवश्यकता का आग्रह किया गया।
1174 काहिरा में सलादीन (कुर्द कमांडर और शासक) के खिलाफ एक तख्ता पलट साजिश, फातिमिद खिलाफत को फिर से बहाल करने का आरोप कुछ लोगों पर लगा। जिसमें पिछली फातिमिद हुकूमत के बड़े अधिकारी और शायर उमारा अल-यमानी इत्यादि शामिल, जिन्हें बाद में फांसी की सजा दी गई।
1251 इतालवी पादरी और पोप राजनयिक विलियम ऑफ मोडेना (विलियम ऑफ सबीना) का निधन हुआ। उन्हें ल्यों (फ्रांस) स्थित चर्च ऑफ डोमिनिकंस में दफ्नाया गया।
1360 लीसेस्टर कैसल, लीसेस्टर, इंग्लैंड में फिलिपा (फिलिपा ऑफ लैंकेस्टर) का जन्म हुआ। बड़े होने पर फिलिपा का विवाह पुर्तगाल के राजा जॉन प्रथम से हुआ। फिलिपा ऑफ लैंकेस्टर इंग्लैंड के शाही परिवार में जन्मीं, पुर्तगाल की पहली अंग्रेज रानी थीं। फिलिपा ऑफ लैंकेस्टर ने कई बच्चों को जन्म दिया, जिन्हें पुर्तगाल में शानदार पीढ़ी के नाम से जाना गया।
1492 कैस्टिले की रानी इसाबेला ने अलहंब्रा डिक्री जारी की, जिसमें उन्होंने आदेश दिया कि 150,000 यहूदी और मुस्लिम ईसाई धर्म में परिवर्तित हों या देश से बाहर जाएं।
1504 मुक्तसर, पंजाब में श्री फेरूमल और रामो के एक बालक का जन्म हुआ जो आगे चलकर गुरु अंगद देव के नाम से जाना गया। अंगद देव गुरु नानक के बाद सिखों का दूसरे गुरु बने।-
1521 फर्डिनेंड मैगलन और उनके पचास लोग फिलीपींस में पहले कैथोलिक जनसमूह में भाग लेने के लिए लिमासावा पहुंचे।
1596 डेकार्ट, फ्रांस में रेने डेकार्ट का जन्म हुआ। रेने डेकार्ट विश्व विख्यात फ्रांसीसी दार्शनिक, वैज्ञानिक, तर्कशास्त्री और गणितज्ञ बने। उन्हें पुनर्जागरण काल के दौरान आधुनिक दर्शन और विज्ञान के अत्यंत महत्वपूर्ण हस्ती माना जाता है। रेने डेकार्ट का एक गंभीर उद्धरण, यह जानने के लिए कि लोग असल में क्या सोचते हैं, इस बात पर ध्यान दें कि वे क्या करते हैं, न कि इस बात पर कि वे क्या कहते हैं।
1621 विनेस्टेड, यूनाइटेड किंगडम में एंड्रयू मार्वेल का जन्म हुआ। एंड्रयू मार्वेल विख्यात अंग्रेजी कवि, व्यंग्यकार, राजनीतिज्ञ, हाउस ऑफ कॉमन्स के सदस्य और चर्चित अंग्रेजी कवि जॉन मिल्टन के सहयोगी और मित्र बने। एंड्रयू मार्वेल का एक उद्धरण, इस दुनिया में असल में बस दो ही तरह के लोग होते हैं, अच्छे और बुरे, और ये दोनों ही हर जगह आपस में घुले-मिले रहते हैं।
1727 महान भौतिकशास्त्री आइजैक न्यूटन का निधन हुआ।
1736 अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर के अलमहाउस में बेल्व्यू अस्पताल की स्थापना की गई, यह अमेरिका का पहला सार्वजनिक अस्पताल बना।
1774 बंगाल के गवर्नर वॉरेन हेस्टिंग्स ने कलकत्ता में देश का पहला प्रधान डाकघर स्थापित करवाया। 1 अक्टूबर 1854 को वॉयसराय लार्ड डलहौजी ने डाक सेवा का केंद्रीकरण किया।
1814 नेपोलियन बोनापार्ट विरोधी सैनिकों ने पेरिस पर कब्जा कर लिया।
1822 इंडिपेंडेंस-ओटोमन सैनिकों के यूनानी युद्ध में चियोस द्वीप पर 20,000 से अधिक यूनानियों का नरसंहार शुरू किया।
1854 अमेरिकी नौसेना के कमोडोर मैथ्यू सी. पेरी और तोकुगावा ने कनागावा कन्वेंशन पर हस्ताक्षर किए, जिसने अमेरिकी व्यापार के लिए जापानी बंदरगाहों को खोलने का मार्ग प्रशस्त किया।
1860 प्रसिद्ध भारतीय लेखक रमा शंकर व्यास का जन्म हुआ।
1865 भारत की पहली महिला डॉक्टर आनंदी बाई जोशी का जन्म हुआ। जोशी 1886 में वेस्टर्न मेडिसिन में डिग्री हासिल करने वाली पहली महिला बनीं।
1867 मुंबई में प्रार्थना समाज की स्थापना हुई।
1870 अमेरिका में पहली बार किसी अश्वेत नागरिक ने वोट दिया। अमेरिकी संविधान के 15वें संशोधन के बाद न्यूजर्सी के थॉमस पैटर्सन-मुंडी वोट करने वाले पहले अश्वेत बने।
1889 पेरिस का मशहूर एफिल टावर आधिकारिक तौर पर खुला। 324 मीटर ऊंचे इस टावर को देखने के लिए हर साल 70 लाख से ज्यादा लोग आते हैं।
1906 कोडंडेरा सुबैया थिमैया का जन्म मेडिकेरी में हुआ। कोडंडेरा सुबैया थिमैया विख्यात भारतीय सैन्य अधिकारी और थलसेनाध्यक्ष रहे, पद्म भूषण से 1954 में सम्मानित किए गए।
1914 मेक्सिको सिटी में ओक्टेवियो पाज लोजानो का जन्म हुआ। ओक्टेवियो पाज विश्व विख्यात मेक्सिकन दार्शनिक, कवि और राजनयिक बने। उन्हें 1977 में जेरूसलम पुरस्कार, 1981 में मिगुएल डे सर्वेंट्स पुरस्कार, 1982 में साहित्य के लिए न्यूस्टाड्ट अंतर्राष्ट्रीय पुरस्कार और 1990 में साहित्य का नोबेल पुरस्कार मिला। ओक्टेवियो पाज का एक उद्धरण, संभवतः यही कविता का सबसे उदात्त उद्देश्य है, अपने आस-पास के संसार के साथ स्वयं को एकाकार कर लेना, अपनी कामनाओं को प्रेम में रूपांतरित कर देना, और अंततः उस तत्व को अंगीकार कर लेना जो सदैव हमारी पकड़ से परे रहता है, जो हमारी पहुँच से बाहर है, किंतु जो सदैव वहीं विद्यमान है, वह अनकहा, वह चेतन-तत्व, और वह आत्मा।
1917 अमेरिका ने डेनिश वेस्ट इंडीज खरीदा और उसका नाम वर्जिन आइलैंड रखा।
1918 अर्मेनियाई रिवोल्यूशनरी फेडरेशन और बोल्शेविकों के सहयोगी सशस्त्र समूहों ने जातीय अजरबैजानियों का नरसंहार किया गया जिसमें करीब 12 हजार अजरबैजानी मुसलमान मारे गए।
1921 रॉयल ऑस्ट्रेलिया एयरफोर्स की स्थापना हुई। 1921 में इसी दिन भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के झंडे को अंगीकार किया गया।
1922 प्रसिद्ध अमेरिकी अभिनेता और गायक रिचर्ड काइली का जन्म हुआ।
1930 सरकारी सेंसरशिप से बचने के लिए, हॉलीवुड फिल्म स्टूडियो ने उद्योग सेंसरशिप दिशा-निर्देशों के अपने स्वयं के सेट की स्थापना की, जिसे हेस कोड के रूप में जाना जाता है।
1930 प्रसिद्ध भारतीय स्वतंत्रता सेनानी कहे गये श्यामजी कृष्ण वर्मा का निधन हुआ।
1931 भारत के विशिष्ठ निबंधकारों में से एक पूर्णसिंह का निधन हुआ।
1934 अंग्रेजी और मलयालम की प्रसिद्ध लेखिका और कवियत्री कमला सुरैया उर्फ कमला दास उर्फ माधवीकुट्टी का जन्म हुआ।
1938 भारत की प्रसिद्ध महिला राजनीतिज्ञ तथा दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित का जन्म हुआ।
1945 रक्षा मंत्री और उप प्रधानमंत्री रहे बाबू जगजीवन राम की बेटी प्रसिद्ध राजनीतिज्ञ, पहली महिला लोकसभा अध्यक्ष, केंद्र में मंत्री रहीं मीरा कुमार का जन्म हुआ।
1948 वाशिंगटन, डीसी में अल्बर्ट अर्नोल्ड गोर जूनियर का जन्म हुआ। अर्नोल्ड गोर अमेरिकी राजनीतिज्ञ, व्यवसायी, पर्यावरणविद, संयुक्त राज्य अमेरिका के 45वें उपराष्ट्रपति हुए।
1959 बौद्ध धर्मगुरु दलाई लामा (वास्तविक नाम ल्हामो थोंडुप और ग्यालवा रिंपोछे) को तिब्बत से निर्वासन के बाद भारत में शरण दी गई। 31 मार्च 1959 को तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा तिब्बत की राजधानी ल्हासा से भारत पहुंचे थे। मार्च 1959 के शुरु में खबर फैली कि चीन दलाई लामा को बंधक बनाकर बीजिंग ले जाने वाला है। इसके बाद तिब्बत की राजधानी ल्हासा में 10 मार्च 1959 से चीन के खिलाफ विद्रोह शुरू हो गया। करीब 30,000 तिब्बती लोग चीनी सेना को रोकने के लिए इंसानी दीवार बनाकर दलाई लामा के महल के बाहर जमा हो गए। चीनी सेना को लोगों को हटाने के लिए तोप और मशीन गन तक लगानी पड़ी। लोगों को बुरी तरह मारा-पीटा गया। कहा जाता है कि दलाई लामा के बॉडीगार्ड्स को मार दिया गया। कई दिन चले संघर्ष के बाद जब चीनी सेना महल में दाखिल हुई, तब तक दलाई लामा वहां से भाग चुके थे। 17 मार्च को 20 शिष्यों के साथ ल्हासा छोड़ने के 15 दिन बाद वो भारत पहुंचे। भारत ने उन्हें राजनीतिक संरक्षण दिया। तब से आज तक वो भारत में ही हैं। हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में वह निवास करते हैं और पूरी तिब्बती सरकार धर्मशाला में संचालित होती है जिसके संचालन के लिए भारत सरकार हर साल मोटी रकम देती है।
1950 हलधर नाग का जन्म हुआ। नाग ओड़ीसा के कोसली भाषा के कवि एवम लेखक हैं। लोककवि रत्न के नाम से प्रसिद्ध हलधर के बारे में विशेष बात यह है कि उन्हें अपनी लिखी सारी कविताएँ और 20 महाकाव्य कण्ठस्थ हैं। भारत सरकार द्वारा उन्हें 2016 में राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के हाथों पद्मश्री से सम्मानित किया गया।
1962 रामकी के नाम से प्रसिद्ध तमिल फिल्म अभिनेता रामकृष्णन का जन्म सत्तूर में हुआ।
1963 हिंदी, मराठी, तमिल, तेलुगू, कन्नड़ इत्यादि अनेक भाषाओं की प्रसिद्ध गीत गायिका सुजाता मोहन का कोच्चि में जन्म हुआ।
1964 बंबई में इलेक्ट्रिक ट्राम आखिरी बार चली।
1966 सोवियत रूस ने पहला चंद्रयान लूना10 लांच किया।
1972 क्लार्क्स, नेब्रास्का, अमेरिका में इवान क्लार्क विलियम्स का जन्म हुआ। इवान विलियम्स वैश्विक पहचान रखने वाले अमेरिकी इंटरनेट उद्यमी हैं। इवान विलियम्स सोशल मीडिया मंच ट्विटर, ब्लागर और मीडियम के सह-संस्थापक हैं और वेंचर कैपीटल फर्म ओबवियस वेंचर्स के भी सहसंस्थापक हैं।
1972 प्रख्यात भारतीय अभिनेत्री मीना कुमारी का निधन हुआ। फरवरी 1972 में मीना कुमारी अभिनीत फिल्म पाकीजा रिलीज हुई। इसके कुछ दिन बाद ही वो बीमार पड़ गईं। उनके लिवर में दिक्कत थी। कहते हैं कि इसकी वजह उनका जरूरत से ज्यादा शराब पीना तथा अत्यधिक तनावग्रस्त रहना था। उनकी ये बीमारी जानलेवा साबित हुई। उन्होंने बचपन से बड़े दुख झेले थे। कहते हैं कि पैदा होते ही उनके मां-बाप उन्हें अनाथाश्रम छोड़ आए थे। लेकिन उन्हें परिवार, समाज के कारण वापस लाना पड़ा। उनका कमाल अमरोही सहित कई लोगों ने काफी शोषण किया। मीना कुमारी ने बैजू बावरा, दिल अपना और प्रीत पराई, भाभी की चूड़ियां, मेरे अपने, बहू बेगम जैसी दर्जनों कामयाब फिल्में की थीं। उन्हें बॉलीवुड की ट्रेजडी क्वीन कहा जाता था। महज 19 साल की उम्र में उन्होंने अपने से 15 साल बड़े शादीशुदा कमाल अमरोही से शादी की। ये शादी ज्यादा दिन नहीं चली। आठ साल बाद दोनों का तलाक हो गया। कुछ साल बाद 1964 में दोनों ने फिर से शादी की। इसके बाद मीना कुमारी को शराब की लत लगी। कमाल अमरोही ने ही मीना कुमारी के साथ मिलकर अपनी ड्रीम फिल्म पाकीजा बनाई। इसे बनाने में ही 16 साल लग गए थे। पाकीजा रिलीज होते ही दर्शकों को भा गई, लेकिन 126 मिनट की इस फिल्म की कामयाबी देखने के लिए मीना कुमारी 126 दिन भी जिंदा नहीं रहीं। मीना कुमारी का जन्म एक अगस्त 1932 को हुआ था और उनका नाम महजबीं बानो था। शानदार अदाकारा होने के साथ ही वे एक बेहतरीन शायरा भी थीं।
1979 विख्यात सिंगापुरी, नेपाली एवं अमेरिकी फैशन डिजाइनर प्रबाल गुरुंग का जन्म सिंगापुर में हुआ। इसी दिन माल्टा ने ब्रिटेन से स्वतंत्रता की घोषणा की।
1980 अमेरिका के महान फर्राटा धावक जेसी ओवंस का निधन हुआ। ओवंस ने 1936 के बर्लिन ओलंपिक खेलों में अपने देश के लिए चार स्वर्ण पदक जीते थे।
1981 एक घरेलू विमान का अपहरण करने वाले इंडोनेशिया के पांच आतंकियों में से चार को थाइलैंड के बैंकॉक में मार दिया गया। विमान में सवार सभी 55 लोग सुरक्षित रहे। आतंकियों ने इंडोनेशिया की जेलों में बंद 80 लोगों को रिहा कराने के लिए 28 मार्च को विमान का अपहरण किया था और उसे बैंकॉक ले गए थे।
1983 कोलंबिया के शहर पोपायन में आए विनाशकारी भूंकप में 500 लोगों की मौत हुई।़
1984 फेमिना मिस इंडिया, जानी मानी खूबसूरत बोल्ड माॅडल और बाॅलीवुड अभिनेत्री नेहा कपूर का जन्म हुआ।
1984 कन्नड़ फिल्मों की खूबसूरत, बोल्ड लोकप्रिय अभिनेत्री, टेलीविजन हस्ती, निर्मात्री और निर्देशिका रक्षिता का जन्म हुआ। उनका वास्तविक नाम श्वेता है।
1986 मेक्सिको के विमान 940 के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से विमान में सवार सभी 167 यात्रियों की मौत हो गई।
1987 जानी मानी भारतीय ग्रैंडमास्टर शतरंज कोनेरू हंपी का जन्म हुआ।
1988 खूबसूरत, बोल्ड, जानी मानी तमिल एंव मलयालम फिल्म अभिनेत्री एवं माॅडल जनानी अय्यर का जन्म, खटिवक्कम, एन्नोर में हुआ।
1990 संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर को मरणोपरांत सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न दिया गया।
1990 पोल टैक्स यानी प्रति व्यक्ति कर के खिलाफ लंदन में विरोध प्रदर्शन किया गया। विरोध करने के लिए करीब 70 हजार लोग सड़क पर थे। सौ साल के इतिहास में विरोध प्रदर्शन की ये सबसे बड़ी घटना थी। प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा में 113 लोग घायल हुए और करीब 340 प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया।
1991 खूबसूरत, बोल्ड जानी मानी भारतीय बाॅलीवुड फिल्म एवं टेलीविजन अभिनेत्री तथा माॅडल पंखुरी अवस्थी का जन्म लखनऊ में हुआ। इसी दिन 1991 के जॉर्जियाई स्वतंत्रता जनमत संग्रह में लगभग 99 प्रतिशत मतदाताओं ने सोवियत संघ से देश की आजादी का समर्थन किया।
1994 समीरा असगरी का जन्म हुआ। समीरा 2018 से अफगानिस्तान के लिए अंतर्राष्ट्रीय ओलंपिक समिति की सदस्य हैं। 24 साल की उम्र में अपने चुनाव के बाद असगरी अफगानिस्तान की पहली प्रतिनिधि और आईओसी में शामिल होने वाली सबसे कम उम्र की सदस्यों में से एक हैं।
1995 विख्यात अमेरिकी गायिका-गीतकार, द क्वीन ऑफ टोजानो म्यूजिक सेलेना की हत्या कॉरपस क्रिस्टी, टेक्सास में उनके फैन क्लब सदस्य योलांड साल्डीवर ने की।
1997 जवाहर लाल नेहरू विश्व विद्यालय छात्र संघ के अध्यक्ष और बाद में भाकपा माले कार्यकर्ता, लेखक, कवि, सामाजिक, मानवाधिकार और छात्र अधिकार कार्यकर्ता काॅमरेड चंद्रशेखर प्रसाद चंदू की सीवान, बिहार जेपी चौक के पास कुछ लोगों ने गोली मारकर हत्या कर दी। चंद्रशेखर उस वक्त 2 अप्रैल को भाकपा माले द्वारा बुलाए गये बिहार बंद के सिलसिले में प्रचार कर रहे थे। इसी दिन वासलेव क्लार्क को नया नाटो सैनिक कमांडर नियुक्त किया गया।
1998 भारत और चीन इंटर गवर्नमेंटल कांफ्रेंस आन कल्चरल पॉलिसीज के लिए गठित यूनेस्को की मसौदा समिति के सदस्य निर्वाचित हुए। इसी दिन नेटस्केप ने ओपन सोर्स लाइसेंस के तहत मोजिला स्रोत कोड जारी किया।
2000 करीब 22 वर्ष बाद जापान के उत्तरी धोकाइडु द्वीप में दाते के निकट उसू ज्वालामुखी फिर सक्रिय हुआ।
2001 यूगोस्लाविया के पूर्व राष्ट्रपति स्लोबोदान मिलोसेविच की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने उनके आवास पर छापेमारी की। इसी दिन यूरोपीय मंत्रियों ने क्योटो संधि को जीवित घोषित किया।
2004 अर्जेंटीना के ब्यूनस आयर्स में एक नाइट क्लब में आग लगने से 175 लोगों की मौत हुई। 2004 में इसी दिन अनबर प्रांत, इराक फालुजा में ब्लैकवाटर यूएसए के लिए काम करने वाले चार अमेरिकी निजी सैन्य ठेकेदार इराकी विद्रोहियों द्वारा मारे गए।
2005 संयुक्त राष्ट्र संघ ने उत्तर कोरिया को अनाज की आपूर्ति रोकी।
2007 विश्व तैराकी चैंपियनशिप में माइकल फेल्प्स ने छह स्वर्ण हासिल किये।
2008 प्रख्यात हिंदी लेखिका कृष्णा सोबती को के.के. बिड़ला फाउंडेशन का वर्ष 2007 का व्यास सम्मान देने की घोषणा की गई। इसी के साथ रेवती मेनन को दयावती मोदी स्त्री शक्ति सम्मान, 2007 प्रदान किया गया। इसी दिन पाक वायुसेना की बस के पास हुए बम विस्फोट में 12 लोग मारे गए।
2009 अर्जेंटीना के राष्ट्रपति रॉल अलफोन्सिन का निधन हुआ। इसी दिन किन्नर या ट्रांसजेंडर्स के समाज में योगदान का उत्सव अंतर्राष्ट्रीय ट्रांसजेंडर दिवस विजिबिलिटी (टीडीओवी या ट्रांस डे ऑफ विजिबिलिटी) आयोजित किया गया। यह ट्रांसजेंडर के सम्मान में होने वाला वार्षिक वैश्विक कार्यक्रम है। कार्यक्रम 2009 में मिशिगन के ट्रांसजेंडर कार्यकर्ता राचेल क्रैंडल ने स्थापित किया था, ट्रांसजेंडर लोगों की एलजीबीटीक्यू़ मान्यता की कमी की प्रतिक्रिया में। मांग की गई ट्रांसजेंडर लोगों की हत्याओं पर रोक लगे, समाज में उन्हें भी समान अधिकार मिलें और जो ट्रांसजेंडर उनसे घृणा के चलते मार दिए गये, उन्हें सामूहिक रूप से याद किया जा सके और शोक व्यक्त किया जा सके। पहला अंतर्राष्ट्रीय ट्रांसजेंडर दिवस 31 मार्च 2009 को आयोजित किया गया था। तब से इसका नेतृत्व अमेरिका स्थित युवा वकालत संगठन ट्रांस स्टूडेंट एजुकेशनल रिसोर्सेज द्वारा किया गया है।
2011 जनगणना के आंकड़ों के मुताबिक भारत की आबादी बढ़ कर 121 करोड़ (1 अरब 21 करोड़) हो गई है। दस साल पहले हुई गणना के मुकाबले यह 17.64 फीसदी ज्यादा थी। इसी दिन विश्व बैकअप दिवस की शुरुआत रेडिट पर एक पोस्ट के साथ हुई जहां एक उपयोगकर्ता ने अपनी हार्ड ड्राइव खोने के बारे में लिखा और चाहा कि कोई उन्हें याद दिलाए कि डेटा का बैकअप लेना कितना महत्वपूर्ण है। यह अभियान 2011 में इस्माइल जादुन ने शुरू किया और आगे हर साल समाचार आउटलेट विश्व बैकअप दिवस पर डेटा का बैकअप लेने के महत्व के बारे में लेख लिखते रहे। 31 मार्च को कंपनियां डेटा हानि को रोकने के लिए डेटा का बैकअप लेने के महत्व के बारे में ट्वीट करती हैं और पॉडकास्ट करती हैं।
2014 अंटार्कटिका में सभी व्हेलिंग गतिविधियों को रोकने के आदेश को संयुक्त राष्ट्र ने इंटरनेशनल कोर्ट ऑफ जस्टिस द्वारा दिए गए आदेश को स्वीकार किया।
2015 प्रसिद्ध चेक-अंग्रेजी इतिहासकार, लेखक और अकादमिक डेलिबोर वेस्ली का निधन हुआ।
2016 बुडापेस्ट, हंगरी में हंगेरियन लेखक, साहित्य का नोबेल पुरस्कार (ऐसे लेखन के लिए जो इतिहास की बर्बर मनमानी के खिलाफ व्यक्ति के नाजुक अनुभव को बनाए रखता है) इमरे कर्टेज (जन्म 9 नवंबर 1929) का निधन हुआ। इमरे कर्टेज साहित्य का नोबेल जीतने वाले पहले हंगेरियन लेखक थे। इमरे कर्टेज का एक कथन, मैं जुल्म से तंग आ गया हूँ, हालाँकि ये अब हमारी दुनिया का आम नियम बन गए हैं। और मैं अब भी कुछ करना चाहूँगा! 2016 में इसी दिन अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के अंतरिक्ष यात्री स्कॉट केली और रूसी अंतरिक्ष एजेंसी रोस्कोस्मोस के अंतरिक्ष यात्री मिखाइल कोर्निएन्को अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर एक साल के लंबे मिशन के बाद पृथ्वी पर लौटे।
2018 अर्मेनियाई क्रांति (मेरझिरसेरजिन) आर्मेनिया की सरकार में सबसे शक्तिशाली व्यक्ति सर्ज सरगस्यान के लगातार तीसरे कार्यकाल के विरोध में अर्मेनियाई लोगों ने व्यापक विरोध प्रदर्शन शुरु किए।
2019 लोकप्रिय, अमेरिकी रैपर निप्सी हसल का निधन हुआ।
2020 प्रसिद्ध युगांडाई-दक्षिण अफ्रीकी वैज्ञानिक और शोधकर्ता गीता रामजी का निधन हुआ।
2021 प्रसिद्ध बांग्लादेशी शिक्षक और सांसद मुहम्मद वक्कास का इंतकाल हुआ।
2022 न्यूजीलैंड की प्रमुख संविधान विशेषज्ञ और अधिवक्ता मोआना जैक्सन का निधन और प्रसिद्ध अमेरिकी ऑल-अमेरिकन गर्ल्स प्रोफेशनल बेसबॉल लीग (एएजीपीबीएल) खिलाड़ी शर्ली बुर्कोविच का निधन हुआ।
2023 व्यापक, घातक और ऐतिहासिक, बवंडर के प्रकोप ने मार्च के आखिरी दिन मध्य-पश्चिमी, दक्षिणी और पूर्वी संयुक्त राज्य अमेरिका के बड़े हिस्से को प्रभावित किया। यह अतिरिक्त उष्णकटिबंधीय चक्रवात का परिणाम था जिसने ऊपरी हिस्से में बर्फीले तूफान की स्थिति भी पैदा की। मध्य पश्चिम स्टॉर्म प्रेडिक्शन सेंटर (एसपीसी) ने 31 मार्च को मिसिसिपी घाटी के दो क्षेत्रों में गंभीर मौसम के लिए एक दुर्लभ उच्च जोखिम चेतावनी जारी की जो 25 मार्च, 2021 के बाद पहली उच्च जोखिम चेतावनी थी। कई पीडीएस सहित लगभग 28 मिलियन लोगों को बवंडर निगरानी में रखा गया था। 31 मार्च की शाम से लेकर रात भर और 1 अप्रैल की सुबह तक बवंडर आते रहे इससे काफी नुक्सान हुआ।
2024 प्रसिद्ध अमेरिकी अभिनेत्री बारबरा रश का निधन हुआ।
2025 जानी मानी अमेरिकी टेलीविजन अभिनेत्री सियान बारबरा एलन का निधन हुआ। इसी दिन 2025 में इंग्लैंड में अंग्रेज कोड ब्रेकर बेट्टी वेब (कोड ब्रेकर, शार्लेट एलिजाबेथ वेब, जन्म 13 मई 1923) का निधन हुआ। बेट्टी वेब दूसरे विश्व युद्ध के दौरान 18 साल की उम्र ब्लेचली पार्क में काम करने लगीं, ब्रिटिश ऑक्सिलरी टेरिटोरियल सर्विस में शामिल हो गईं। ब्लेचली में इस अत्यंत गोपनीय मिशन में शामिल होने के बारे में उन्होंने कहा, मैं युद्ध के प्रयासों के लिए सिर्फ सॉसेज रोल बनाने से कहीं ज्यादा कुछ करना चाहती थी।
2026 कुवैत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन ने बताया कि दुबई के एक बंदरगाह पर टैंकर अल सालमी पर एक ईरानी ड्रोन से हमला हुआ, जिससे उसमें आग लग गई, आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया, लेकिन इस घटना से क्षेत्र में तनाव तथा खतरा और बढ़ गया है। एरिना सबालेंका ने कोको गॉफ को हराकर 2026 का मियामी ओपन खिताब जीत लिया है। इसके साथ ही वह एशले बार्टी और इगा स्वियातेक इत्यादि उन खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गई हैं, जिन्होंने सनशाइन डबल का खिताब जीता है। पुरुषों के वर्ग में जानिक सिनर ने जिरी लेहेका को हराकर खिताब अपने नाम किया।
मनुष्य वह नहीं होता जो वह वर्तमान में है, बल्कि वह वह होता है जिसकी वह निरंतर खोज कर रहा है। -ओक्टेवियो पाज
(Disclaimer विशेष सूचना- हमने तथ्यों को यथासंभव जांचकर प्रस्तुत किया है। फिर भी किसी भूल के लिए हम क्षमाप्रार्थी होंगे। पाठक कृपया अपने स्तर पर भी तथ्यों को जांच-परख लें, साथ ही हमारा निवेदन है कि यदि आपको कोई त्रृटि दिखी तो कृपया हमें सूचित करें ताकि हम उसे सुधार सकें। आपकी प्रतिक्रियाएं, सुझाव, रचनाएं आमंत्रित हैं। धन्यवाद ! -संपादक - पीपुल्स फ्रैंड)
प्रस्तुति: एपी भारती (पत्रकार, संपादक पीपुल्स फ्रैंड, रुद्रपुर, उत्तराखंड)
कृपया देखिए हमारा हिंदी समाचार पोर्टल एक्सप्लेनर24.कॉम https://explainer24.com अपने सुझाव दीजिए ! धन्यवाद !
प्रेस / मीडिया विशेष - आप अपने समाचार, विज्ञापन, रचनाएं छपवाने, समाचार पत्र, पत्रिका पंजीयन, सोशल मीडिया, समाचार वेबसाइट, यूट्यूब चैनल, कंटेंट राइटिंग इत्यादि प्रेस/मीडिया विषयक कार्यों हेतु व्हाट्सऐप 9411175848 पर संपर्क करें।
#WorldHistoryofMarch31 #OctavioPaz #WorldBackupDay #InternationalTransgenderDayofVisibility #ImreKertész #RenéDescartes #AndrewMarvell #ArynaSabalenka #JannikSinner #EvanWilliams # Twitter #Blogger #Medium #Iran #Israel #Donaldtrump #War #Quotes #Thoughts #Motivation #Inspiration #Facts #Truth #Nature #Science #Politics #Economy #World #Business #jobs #Inflation #Uttarakhand #Rudrapur #Udhamsinghnagar #Peoplesfriend #Newspaper #APBharati #Journalism #Writing #Socialmedia #Viralphoto #Iran #Israel #War #Hormuz #IRGC #Donaltrump #explainer24.com #Newsportal #Cairo








0 टिप्पणियाँ