Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

18 मार्च का विश्व इतिहास: भारत और विश्व में 2000 वर्षो में हुई महत्वपूर्ण घटनाओं, दिवसों एवं प्रसिद्ध व्यक्तियों के जन्म, निधन तिथियों की जानकारी World History of March 18

इतिहास का गहन अध्ययन करने वाला कोई भी विद्यार्थी यह पाएगा कि सभ्यता के विकास में ईसाई धर्म का योगदान बहुत ही नगण्य रहा है, इसके विपरीत, उसने सभ्यता की प्रगति को अवरुद्ध करने में ही कहीं अधिक भूमिका निभाई है।-मटिल्डा जोसलिन गेज




37 रोमन सीनेट ने टिबेरियस की वसीयत को रद्द कर गयुस जूलियस सीजर ऑगस्टस जर्मेनिकस (कैलीगुला) को सम्राट घोषित किया। अपनी वसीयत में टिबेरियस ने दत्तक पुत्र कैलीगुला और अपने पोते टिबेरियस जेमेलस को अपने संयुक्त उत्तराधिकारी के रूप में नामित किया। लेकिन कैलीगुला ने टिबेरियस की हत्या कर दी, सीनेट की मदद से वसीयत रद्द कर एक मात्र प्रिंसेप्स बन गया।

235 रोमन सम्राट सेवरस अलेक्जेंडर के सेनापति की हत्या कर दी गई, इससे उनके सामने सेना का संकट खड़ा हो गया।

1068 लेवंत और अरब प्रायद्वीप में आए जबरदस्त भूकंप में 20,000 से अधिक लोग मारे गए।

1075 ख्वारज्म में अबू अल-कासिम महमूद इब्न उमर अल-जमख्शरी का जन्म हुआ। ईरानी मूल के मध्यकालीन मुस्लिम विद्वान अल-जमख्शरी ने मक्का में 5 वर्ष प्रवास किया। जार अल्लाह के नाम से मशहूर मुअतजिली धर्मशास्त्री, भाषाविद्, कवि और कुरान के व्याख्याकार बने।

1229 छठे धर्मयुद्ध में रोमन सम्राट फ्रेडरिक द्वितीय ने खुद को यरूशलेम का राजा घोषित कर दिया, उनकी पत्नी योलांडे की मृत्यु हो गई थी उनका शिशु बेटा कॉनराड नियमतः उत्तराधिकारी बना।

1241 चमीलनिक युद्ध में मंगोलों ने क्रेको में पोलिश सेनाओं पर विजय प्राप्त की और शहर को लूट लिया।

1314 नाइट्स टेंपलर के 23वें और अंतिम ग्रैंड मास्टर जैक्स डी मोले को पोप समर्थकों ने जिंदा जला दिया। 

1438 हैब्सबर्ग के अल्बर्ट द्वितीय रोमनों के राजा बने।

1571 ग्रैंड मास्टर पिएत्रो डेल मोंटे ने आधिकारिक तौर पर ऑर्डर ऑफ सेंट जॉन का मुख्यालय बिरगु स्थित फोर्ट सेंट एंजेलो से हटाकर, नव-निर्मित शहर वैलेटा में स्थानांतरित कर दिया। इस तरह वैलेटा माल्टा की राजधानी बन गया। 1566 में महान घेराबंदी के बाद स्थापित वैलेटा शहर मुख्य रूप से रक्षा और प्रशासन के उद्देश्य से डिजाइन किया गया था। माल्टा, सिसिली और उत्तरी अफ्रीकी तट के बीच, मध्य भूमध्य सागर में स्थित एक द्वीपसमूह है।

1590 फेलगुइरास, पुर्तगाल मैनुअल डी फारिया ई सूसा का जन्म हुआ। फारिया ई सूसा जाने माने पुर्तगाली, स्पेनिश इतिहासकार और कवि बने।

1608 सुसेनियोस को औपचारिक रूप से इथियोपिया के सम्राट के रूप में ताजपोषी की गई।

1644 अमेरिका की वर्जीनिया कॉलोनी में तीसरा एंग्लो-पॉवटन युद्ध शुरू हुआ।

1673 अंग्रेज लॉर्ड जॉन बर्कले ने न्यू जर्सी का अपना आधा हिस्सा क्वेकर्स को बेच दिया।

1701 गोथेनबर्ग, स्वीडन में निक्लस साहलग्रेन का जन्म हुआ। निक्लस साहलग्रेन स्वीडिश व्यापारी और परोपकारी और स्वीडिश ईस्ट इंडिया कंपनी के सह संस्थापक बने।

1741 फोर्ट जॉर्ज में न्यूयॉर्क के गवर्नर जॉर्ज क्लार्क के परिसर को अपनी बदहाली, शोषण, उत्पीड़न से त्रस्त गुलामों ने आग लगा दी।

1802 कोसीपोर, कलकत्ता में गन कैरिज एजेंसी (गन एंड शेल फैक्ट्री, कोसीपोर) आयुध निर्माणी फैक्ट्री में उत्पादन 18 को शुरू हुआ। यह भारत की सबसे पुरानी आयुध फैक्ट्री है जो अभी भी अस्तित्व में है। इसकी याद में भारत आर्डनेंस फैक्ट्री डे अथवा आयुध निर्माणी दिवस मनाता है।

1837 अमेरिका के 22वें और 24वें राष्ट्रपति हुए ग्रोवर क्लीवलैंड का जन्म हुआ। क्लीवलैंड दो बार राष्ट्रपति बनने वाले इकलौते ऐसे नेता हैं, जिनका दोनों कार्यकाल लगातार पूरा नहीं हो पाया।

1858 विश्व विख्यात जर्मन इंजीनियर, आविष्कारक और डीजल इंजन विकसित करने वाले रुडोल्फ डीजल का जन्म पेरिस, फ्रांस में हुआ। डीजल इंजन के आविष्कार के बाद दुनिया भर में अभूतपूर्व औद्योगिक प्रगति हुई। उत्पादन के लिए मशीनें, यातायात के लिए वाहन और तमाम उपकरण डीजल इंजन से चलने वाले बने। उत्पादन और आवागमन तेज हुआ और दुनिया ने प्रगति, समृद्धि के शिखर छुए।

1871 लंदन, यूनाइटेड किंगडम में भारतीय ब्रिटिश गणितज्ञ और तर्कशास्त्री ऑगस्टस डी मॉर्गन (जन्म 27 जून 1806, मदुरै) का निधन हुआ। ऑगस्टस डी मॉर्गन को मुख्य रूप से डी मॉर्गन के नियमों के लिए जाना जाता है, जो तार्किक संयोजन, वियोजन और निषेध से संबंधित हैं। उन्होंने गणितीय आगमन शब्द भी गढ़ा, जिसके मूल सिद्धांतों को उन्होंने व्यवस्थित रूप दिया। ऑगस्टस डी मॉर्गन का एक उद्धरण, गणितीय आविष्कारों की प्रेरक शक्ति तर्क नहीं, बल्कि कल्पना होती है।

1871 फ्रांस की राजधानी पेरिस में पहली बार मजदूरों ने अपनी सरकार स्थापित की। इसे पेरिस कम्यून कहा गया। उन्होंने शोषकों की फैलाई इस धारणा को ध्वस्त कर दिया कि मजदूर राज-काज नहीं चला सकते। पेरिस के जाँबाज मजदूरों ने 72 दिनों के शासन के दौरान आने वाले दिनों का एक छोटा-सा मॉडल भी दुनिया के सामने पेश कर दिया कि समाजवादी समाज में भेदभाव, गैर-बराबरी और शोषण को किस तरह खत्म किया जायेगा। हालांकि 72 दिन बाद यह सरकार जब खत्म हुई तब तक 26000 से अधिक लोग मारे जा चुके थ। आगे चलकर 1917 की रूसी मजदूर क्रान्ति ने इसी कड़ी को आगे बढ़ाया। कार्ल मार्क्स ने पेरिस कम्यून की स्थापना के बाद किये गये कार्यों का वर्णन किया है, कम्यून ने अक्तूबर 1870 से अप्रैल, 1871 तक का सभी मकानों का किराया माफ कर दिया। इस अवधि का जो किराया दिया जा चुका था उसे आगे के लिए पेशगी मान लिया गया तथा नगर पालिका ऋण-कार्यालय में गिरवी रखी वस्तुओं की ब्रिक्री बंद कर दी गयी। उसी दिन कम्यून में निर्वाचित विदेशियों के पदों की पुष्टि की गयी क्योंकि कम्यून का परचम विश्व-जनतंत्र का परचम है, एक अप्रैल को तय किया गया कि कम्यून के किसी भी कर्मचारी का और कम्यून के सदस्यों को भी वेतन 6000 फ्रैंक से अधिक नही होगा। अगले दिन कम्यून ने चर्च को राज्य से पृथक करने की आज्ञाप्ति जारी की। धार्मिक कार्यो के लिए सभी राजकीय भुगतान बंद कर दिये गये। चर्च की सारी संपत्ति राष्ट्रीय संपत्ति घोषित कर दी गयी। 8 अप्रैल को विद्यालयों से सभी प्रकार के धार्मिक प्रतीकों, चित्रों और उपदेशों तथा प्रार्थनाओं संक्षेप में, उन सभी चीजों को हटा देने का आदेश जारी किया गया, और क्रमश उस पर अमल किया गया जो व्यक्ति के अतः करण का क्षेत्र है। 6 तारीख को राष्ट्रीय गार्ड की 137वीं बटालियन ने मृत्यु दंड में प्रयोग आने वाले यंत्र गिलोटिन को बाहर निकालकर उसे सार्वजनिक हर्षोल्लास के साथ जला दिया। 12 तारीख को कम्यून ने निर्णय किया कि प्लास वादाम के विजय स्तंभ को जो 1809 के युद्ध के बाद नेपोलियन बोनापार्ट द्वारा लडाई में जीती गयी तोपों को गलाकर बनाया गया था, गिरा दिया जाये क्योंकि वह अंध राष्ट्रीयता और दूसरे देशों के प्रति द्वेश भावना को भड़काने का प्रतीक था। 16 मई को यह कार्य संपन्न किया गया। 16 अप्रैल को ही कम्यून ने कारखानों के मालिकों द्वारा बंद किया गया कारखानों के सांख्यिकीय सारणीकर के लिए और उन्ही मजदूरों द्वारा, जो पहले उनमें काम करते थे उन्हें फिर से चालू करने की योजना बनाने के लिए, उन्हें सहकारी संघ में संगठित करने और इन सहकारी-संघो को एक बहुत बडी यूनियन में संयुक्त करने की योजना बनाने के लिए हुक्म जारी किये। 20 अप्रैल को उसने नॉनबाइया के लिए रात के काम की मनाही कर दी। रोजगार कार्यालयों को भी बंद कर दिया गया। ये कार्यालय द्वितीय साम्राज्य के समय में पुलिस द्वारा नियुक्त श्रम के प्रथम कोटि के शाषक दलालों की इजारेदारी के रूप में चलाये जा रह थे। इन्हें अब पेरिस के 20 जिलों की नगर पालिका व्यवस्था में सम्मिलित कर दिया गया। 30 अप्रैल को कम्यून ने गिरवी गांठ की दुकानों को इस कारण बंद करने के आदेश दिये क्योंकि वे निजी लाभ के लिए मजदूर का शोषण करती थी और श्रमिकों के ऋण प्राप्त करने के अधिकार के प्रतिकूल थी। 5 मई को कम्यून ने प्रायश्चित-गिरजे को गिरा देने का आदेश दिया, जो लूईस 16वें का सिर काटने के लिए प्रायश्चित करने के स्मारक के रूप में बनवाया गया था।

1874 ओबुखिव, यूक्रेन में निकोलाई अलेक्जेंड्रोविच बेर्दियायेव का जन्म हुआ। निकोलाई बेर्दियायेव प्रसिद्ध रूसी दार्शनिक, धर्मशास्त्री और ईसाई अस्तित्ववादी थे, जिन्होंने मानवीय स्वतंत्रता और मानव-व्यक्तित्व के अस्तित्वगत-आध्यात्मिक महत्व पर जोर दिया। निकोलाई बेर्दियायेव का एक उद्धरण, रचनात्मकता दासता से मुक्ति है। मनुष्य तब स्वतंत्र होता है, जब वह स्वयं को किसी रचनात्मक गतिविधि की अवस्था में पाता है। रचनात्मकता उस क्षण के परमानंद की ओर ले जाती है। रचनात्मकता के परिणाम तो समय के भीतर होते हैं, किंतु स्वयं रचनात्मक कर्म समय से परे होता है।

1892 कनाडा के गवर्नर जनरल प्रेस्टन के लॉर्ड स्टैनली ने कनाडा के स्टॉप-रैंक वाले शौकिया आइस हॉकी क्लब के लिए एक पुरस्कार शुरु करने हेतु बड़ा दान दिया। आइस हॉकी क्लब के लिए अब स्टेनली कप के रूप में जाना जाता है, जो उत्तरी अमेरिका में सबसे पुराना पेशेवर खेल ट्रॉफी है।

1898 शिकागो, इलिनोइस में जानी मानी अमेरिकन लेखिका और कार्यकर्ता मटिल्डा जोसलिन गेज (जन्म 24 मार्च 1826, सिसरो, न्यूयॉर्क) का निधन हुआ। मटिल्डा जोसलिन गेज को मुख्य रूप से संयुक्त राज्य अमेरिका में महिलाओं के मताधिकार के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए जाना जाता है, उन्होंने मूल अमेरिकी अधिकारों, दास प्रथा उन्मूलन और स्वतंत्र चिंतन के लिए भी अभियान चलाया। मटिल्डा जोसलिन गेज का एक उद्धरण, आज की महिलाएं अपनी माताओं और दादी-नानी के विचारों का ही साकार और जीवंत रूप हैं। वे सक्रिय, सक्षम, दृढ़ निश्चयी हैं और उनकी जीत निश्चित है। उनके पीछे एक हजार पीढ़ियों का इतिहास है... लाखों महिलाएं, जो अब इस दुनिया में नहीं हैं, आज हमारे माध्यम से बोल रही हैं।

1914 नीदरलैंड के हेग स्थित अंतरराष्ट्रीय न्यायालय के अध्यक्ष रहे प्रसिद्ध भारतीय नयायविद डा. नागेंद्र सिंह डूंगरपुर का जन्म डूंगरगढ़ राजपूत सिसौदिया राजघराने में हुआ। इसी दिन सुभाष चंद्र बोस की सेना आजाद हिंद फौज के अधिकारी गुरबख्श सिंह ढिल्लों का जन्म हुआ।

1919 भारत के प्रमुख वामपंथी राजनेताओं में से एक इंद्रजीत गुप्त का जन्म कलकत्ता में हुआ। वे भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के नेता, सांसद और एचडी देवगौड़ा, इंद्र कुमार गुजराल सरकार में केंद्रीय ग्रह मंत्री रहे।

1921 केंद्र में ऊर्जा मंत्री रहे कांग्रेस नेता और खेल प्रशासक नरेंद्र कुमार प्रसादराव यानी एनकेपी साल्वे का जन्म छिंदवाड़ा में हुआ।

1922 ब्रितानी अदालत ने सविनय अवज्ञा आंदोलन के बाद राजद्रोह मामले में महात्मा गांधी को छह साल की सजा सुनाई थी। 1919 में अंग्रेज सरकार रॉलेट एक्ट लेकर आई। इस कानून में किसी पर राजद्रोह का आरोप लगने पर बिना सुनवाई के ही सजा सुनाई जा सकती थी। इस एक्ट के विरोध में गांधी ने आंदोलन शुरू किया। देखते ही देखते इस आंदोलन से हजारों लोग जुड़ गए। आंदोलन के मध्य उत्तर प्रदेश के चौरी चौरा में प्रदर्शनकारी हिंसक हो गए। भीड़ ने पुलिस स्टेशन में आग लगा दी। हिंसा में 22 लोगों की मौत हुई। इस घटना के बाद गांधी जी ने अपना आंदोलन वापस ले लिया, लेकिन अंग्रेज सरकार ने उन्हें राजद्रोह का दोषी करार देते हुए 6 साल की सजा सुनाई।

1932 रीडिंग, पेंसिल्वेनिया में जॉन होयर अपडाइक का जन्म हुआ। जॉन अपडाइक जाने माने अमेरिकी उपन्यासकार, कवि, लघुकथा लेखक, कला समीक्षक और साहित्यिक समीक्षक बने। जॉन अपडाइक का एक उद्धरण, कोई भी काम तब रचनात्मक बन जाता है, जब उसे करने वाला व्यक्ति उसे सही ढंग से या और भी बेहतर तरीके से करने की परवाह करता है।

1933 लुला, मिसिसिपी में यूनिता जेल्मा ब्लैकवेल का जन्म हुआ। यूनिता ब्लैकवेल जानी मानी अमेरिकी नागरिक अधिकार कार्यकत्री बनीं और अमेरिका के मिसिसिपी राज्य में मेयर चुनी जाने वाली पहली अफ्रीकी-अमेरिकी महिला बनीं। ब्लैकवेल स्टूडेंट नॉनवायोलेंट कोऑर्डिनेटिंग कमेटी की प्रोजेक्ट डायरेक्टर और पूरे मिसिसिपी में अफ्रीकी अमेरिकियों के लिए वोटर ड्राइव (मतदाता अभियान) आयोजित करने में अग्रणी भूमिका निभाई। यूनिता ब्लैकवेल का एक उद्धरण, राजनीति सिर्फ हर चार साल में एक दिन वोट देने के बारे में नहीं है। राजनीति वह हवा है जिसमें हम सांस लेते हैं, वह खाना है जो हम खाते हैं, और वह सड़क है जिस पर हम चलते हैं।

1936 जोहान्सबर्ग, दक्षिण अफ्रीका में एफ. डब्ल्यू. डी क्लर्क (फ्रेडरिक विलेम डी क्लर्क) का जन्म हुआ। एफ. डब्ल्यू. डी क्लर्क श्वेत दक्षिण अफ्रीकी राजनेता, नेशनल पार्टी लीडर और दक्षिण अफ्रीका के अंतिम राष्ट्रपति बने।

1938 पद्मभूषण सम्मान और दादा साहब फाल्के पुरस्कार प्राप्त करने वाले कपूर खानदान के प्रख्यात बॉलीवुड फिल्म अभिनेता और फिल्मकार शशि कपूर (बलवीर राज कपूर) का कलकत्ता में जन्म हुआ। शशि ने दीवार, कभी-कभी, त्रिशूल, सत्यम शिवम सुंदरम, चोर मचाए शोर, शान, नई दिल्ली टाइम्स इत्यादि सुपरहिट फिल्मों में काम किया। विख्यात फिल्म अभिनेता और फिल्मकार पृथ्वीराज कपूर इनके पिता और शोमैन राजकपूर शशि के भाई थे।

1940 इटली के तानाशाह बेनीटो मुसोलिनी और जर्मनी के तानाशाह एडोल्फ हिटलर की बातचीत के बाद मुसोलिनी ने ब्रिटेन और फ्रांस के खिलाफ युद्ध में जर्मनी का साथ देने पर अपनी सहमति जताई।

1944 नेताजी सुभाषचंद्र बोस की आजाद हिंद फौज ने बर्मा की सीमा पार की।

1946 विख्यात बॉलीवुड फिल्म अभिनेता नवीन निश्चल का जन्म लाहौर (अब पाकिस्तान) में हुआ।

1953 वियना, ऑस्ट्रिया में फ्रांज राइट का जन्म हुआ। अमेरिकी कवि थे। फ्रांज राइट और उनके पिता जेम्स राइट, माता-पिता और संतान की ऐसी एकमात्र जोड़ी हैं जिन्होंने एक ही श्रेणी में पुलित्जर पुरस्कार जीता है। फ्रांज राइट का एक उद्धरण, लंबी खामोशियों से प्रेम किया जाना चाहिए, शायद उन शब्दों से भी कहीं अधिक, जो समय आने पर उन्हें बयां करने के लिए आते हैं।

1955 महाराष्ट्र के भाजपा नेता, केंद्र की मोदी सरकार में मंत्री और लोकसभा सदस्य रहे रावसाहेब दादाराव दानवे का जन्म जालना में हुआ।

1956 भारतीय स्टेट बैंक की प्रथम महिला अध्यक्ष बनीं अरुंधति भट्टाचार्य का जन्म कलकत्ता में हुआ।

1957 जानी मानी थिएटर, टेलीविजन और फिल्म अभिनेत्री रत्ना पाठक शाह का जन्म बंबई में हुआ। वे विख्यात बाॅलीवुड अभिनेता नसीरुद्दीन शाह की पत्नी हैं।

1965 लोकप्रिय पाॅप गायिका, फिल्म पार्श्व गायिका अलीशा चिनाॅय का जन्म अहमदाबाद में हुआ। इसी दिन सोवियत अंतरिक्ष यात्री एलेक्सी लियोनोव स्पेस वॉक करने वाले पहले इंसान बने। लियोनोव ने अंतरिक्ष यान से बाहर निकलकर 12 मिनट तक ये वॉक की थी।

1974 ओपेक देशों के सात सदस्यों ने अमेरिका पर लगे प्रतिबंधों को पांच महीने बाद खत्म किया। इसी दिन अमिताभ बच्चन के दामाद, एस्काॅर्ट लि. के मालिक, प्रमुख भारतीय कारोबारी निखिल नंदा का जन्म हुआ।

1978 जनरल जियाउल हक की सैनिक शासन के दौरान पाकिस्तान के जेल में बद पूर्व प्रधानमंत्री जुल्फिकार अली भुट्टो को फांसी देने का फैसला हुआ। 4 अप्रैल 1979 को रावलपिंडी की अडियाला जेल में भुट्टो को फांसी दी गई।

1979 जाने माने भारतीय वाॅयस एक्टर, हैरी पाॅटर इत्यादि फिल्मों में काम करने वाले राजेश कावा का जन्म हुआ।

1983 फिर भी दिल है हिंदुस्तानी और अशोका जैसी कई चर्चित फिल्में निर्देशित करने वाले प्रभावशाली बाॅलीवुड फिल्मकार फारुख कबीर का जन्म हुआ।

1985 लोकप्रिय ऑस्ट्रेलियाई टीवी शो या ओपेरा नेबर्स का पहला एपिसोड सेवन नेटवर्क पर प्रसारित किया गया था, जो अंततः ऑस्ट्रेलियाई टेलीविजन इतिहास में सबसे लंबे समय तक चलने वाला नाटक बन गया।

1990 भाजपा के नजदीकी भगोड़े शराब कारोबारी विजय माल्या की कंपनी किंगफिशर की कैलेंडर गर्ल 2013 एवं टेलीविजन अभिनेत्री इशिता व्यास का जन्म होशंगाबाद, मध्य प्रदेश में हुआ। 1990 में इसी दिन अमरीकी संग्रहालय से 500 मिलियन डॉलर की कलाकृतियों की चोरी हो गई। संग्रहालय ने इन चोरों पर 50 लाख डॉलर का ईनाम घोषित किया। इसके बावजूद भी इन कलाकृतियों का और उन्हेें चुराने वालों का कुछ भी पता नहीं चला।

1992 प्रसिद्ध भारतीय फुटबाॅल खिलाड़ी मंदर राव देसाई का जन्म मापुसा गोवा में हुआ।

1993 भारत के सबसे कम उम्र के शिक्षक, 16 साल की उम्र में प्रधानाध्यापक बन जाने वाले मुर्शिदाबाद, पश्चिम बंगाल के विख्यात शिक्षाविद बाबर अली का जन्म हुआ।

1996 फिलीपीन के इतिहास की सबसे घातक बड़ी आगजनी की घटना में एक नाइट क्लब इनक्यूएजन सिटी लगभग पूरी तरह जल गया जिससे 162 लोग मारे गए, अनेक झुलस गये।

2000 युगांडा में प्रलय दिवस सम्प्रदाय के 230 सदस्यों ने आत्मदाह किया। 2000 में इसी दिन जानी मानी हिंदी फिल्म गीत गायिका राजकुमारी दुबे का निधन हुआ। इसी दिन 2000 माना पटेल का जन्म हुआ। ओलंपिक में क्वालीफाई करने वाली पहली भारतीय महिला तैराक हैं। इसी दिन 2000 प्रो-इंडिपेंडेंस मूवमेंट के नेता चेन शुई-बेन ताइवान के राष्ट्रपति बने। उन्होंने 55 साल से सत्ता में काबिज नेशनलिस्ट पार्टी का राज खत्म किया।

2003 ब्रिटिश संसद ने अमेरिका के साथ मिलकर इराक पर हमले को सही ठहराया था। टोनी ब्लेयर सरकार के इस कदम का संसद में 149 के मुकाबले 412 सांसदों ने समर्थन किया था। इसके एक दिन पहले अमेरिकी राष्ट्रपति जॉर्ज बुश ने सद्दाम हुसैन और उनके बेटों को इराक छोड़ने के लिए 48 घंटे की मोहलत दी थी।

2006 संयुक्त राष्ट्र ने मानवाधिकार परिषद’ के गठन का प्रस्ताव मंजूर किया।

2007 उत्तर कोरिया ने परमाणु कार्यक्रम को बंद करने का कार्य शुरु हुआ। इसी दिन पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कोच बॉब वूल्मर का निधन हुआ।

2008 टाटा समूह के अध्यक्ष रतन टाटा को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, खड़गपुर में डॉक्टर ऑफ सांइस की मानद उपाधि से सम्मानित किया गया। भारती इंटरप्राइजेज के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुनील भारती मित्तल अमेरिका के विशिष्ट उद्यमी अकादमी में शामिल होने वाले प्रथम भारतीय बने। इसी दिन पाकिस्तान की सरकार ने विवादित इंटेलिजेंस ब्यूरो के प्रमुख एजान शाह को बर्खास्त किया।

2009 केंद्रीय मंत्री मंडल ने मेघालय में राष्ट्रपति शासन लगाने की सिफारिश की।

2013 साठवें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों की घोषणा की गई। आशुतोष गोवारिकर की फिल्म पान सिंह तोमर को 60वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह में वर्ष 2012 का सर्वश्रेष्ठ फिल्म चुना गया।

2014 पोर्टलैंड, ओरेगन में जाने माने अमेरिकी लेखक लुसियस शेपर्ड (जन्म 21 अगस्त 1943, लिंचबर्ग, वर्जीनिया) का निधन हुआ। लुसियस शेपर्ड को विज्ञान कथा और फंतासी लेखक के रूप में वर्गीकृत किया गया है, लेकिन वे जादुई यथार्थवाद जैसी अन्य शैलियों की ओर भी झुकाव रखते थे। लुसियस शेपर्ड के दो कथन, उन्हें एहसास हुआ कि हर चीज यहाँ तक कि सबसे सुखद घटनाएँ भी, आँसुओं का कारण बन सकती हैं यदि आप उन्हें उस दुनिया के संदर्भ में नहीं देखते जिसमें आप रहते हैं। कोई निश्चितता नहीं थी, कोई सुरक्षित मार्ग नहीं था, कोई पूर्णतः नैतिक मार्ग नहीं था। आप अपने और अपने प्रियजनों के लिए यथासंभव सर्वोत्तम करते थे, और आशा करते थे कि यह चिंता का एक व्यापक दायरा होगा जो आपकी आत्मा को स्वस्थ रखेगा।

2016 प्रसिद्ध जर्मन वकील और राजनीतिज्ञ, जर्मनी के 15वें कुलपति गुइडो वेस्टरवेले का निधन हुआ।

2017 लोकप्रिय अमेरिकी गिटारवादक, गायक और गीतकार चक बेरी का निधन हुआ।

2020 अमेरिकी परीक्षण पायलट, इंजीनियर और अंतरिक्ष यात्री अल्फ्रेड वर्डेन का निधन हुआ।

2021 मेक्सिको के कोटेपेक हरिनास में बंदूकधारियों ने पुलिस के एक काफिले पर घात लगाकर हमला किया, जिसमें 8 पुलिस अधिकारियों और 5 अभियोजन जांचकर्ताओं की मौत हो गई। अक्टूबर 2019 के बाद से मेक्सिको में कानून प्रवर्तन एजेंसियों पर यह सबसे घातक हमला था। हत्यारों की तलाश के लिए नेशनल गार्ड तैनात किए गए।

2022 रूस - यूक्रेन युद्ध में रूस के मिसाइल हमले में मायकोलाइव में यूक्रेन की एक सैन्य बैरक तबाह हो गई, जिसमें 50 से अधिक सैनिक मारे गए।

2023 रूसी सेना ने डोनेत्स्क ओब्लास्ट के क्रामटोरस्क पर क्लस्टर बमों से हमला किया, जिसमें 2 से अधिक नागरिकों की मौत हो गई और पाँच से अधिक घायल हो गए। इक्वाडोर के गुयास प्रांत में 6.8 तीव्रता का भूकंप आया, जिससे इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं, 18 से अधिक लोगों की मौत और 400 से अधिक लोग घायल हो गए।

2024 अमेरिकी वायु सेना अधिकारी, टेस्ट पायलट और अमेरिकन अंतरिक्ष एजेंसी नासा के अंतरिक्ष यात्री थॉमस पी. स्टैफोर्ड का निधन हुआ। गाजा शहर में अल-शिफा अस्पताल पर हुए इजराइली हमले में कई दर्जनों लोग मारे गए हैं। अल जजीरा अरबी के रिपोर्टर इस्माइल अल-घौल को अल-शिफा अस्पताल में इजराइली सेना ने गिरफ्तार कर लिया है। पत्रकार अधिकारों के लिए काम करने वाले संगठनों ने अल जजीरा के साथ मिलकर उनकी गिरफ्तारी की कड़ी निंदा की।

2025 इजराइल ने गाजा पट्टी पर बड़े पैमाने पर हवाई बमबारी और हमले किए, जिसमें बच्चों सहित 591 से अधिक लोग मारे गए और हजारों घायल हुए। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने फोन के जरिये बातचीत के दौरान यूक्रेन में ऊर्जा इंफ्रास्ट्रक्चर पर तत्काल युद्धविराम के लिए सहमति जताई, इस संघर्ष के स्थायी समाधान के लिए अतिरिक्त बातचीत तुरंत शुरू करने का फैसला किया। पुतिन ने कहा कि इस तरह के समाधान की एक शर्त यह होगी कि यूक्रेन को मिलने वाली सभी विदेशी सैन्य और खुफिया सहायता पूरी तरह से बंद कर दी जाए।

2025 सैकड़ों प्रदर्शनकारियों ने कराची में अमेरिकी वाणिज्य दूतावास पर धावा बोलने की कोशिश की, जिसके कारण सुरक्षा बलों के साथ झड़पें हुईं और 22 से अधिक लोगों की मौत हो गई। संयुक्त अरब अमीरात के फुजैराह के पास एक तेल टैंकर पर किसी अज्ञात चीज से हमला किया गया। एक ईरानी मिसाइल ने इजराइल के रामत गान पर हमला किया, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई, जबकि इजराइली बलों ने तेहरान में ईरान के उच्च-रैंकिंग अधिकारियों को का दावा किया है। गाजा और लेबनान में इजराइली हवाई हमलों के कारण कई लोग मारे गए। अमेरिकी मीडिया हाउस वॉल स्ट्रीट जर्नल अनुसार रूस, ईरान के साथ बेहतर ड्रोन तकनीक और अमेरिकी ठिकानों से जुड़ी सैटेलाइट खुफिया जानकारी साझा कर रहा है।

18 मार्च को मनाए जाने वाले ग्लोबल रीसाइक्लिंग डे एक सालाना कार्यक्रम है, इसका मकसद रीसाइक्लिंग के महत्व के बारे में जागरूकता फैलाना और लोगों को कचरा कम करने और पर्यावरण की रक्षा के लिए कदम उठाने के लिए प्रोत्साहित करना है। ग्लोबल रीसाइक्लिंग डे दुनिया भर के लोगों, संगठनों और सरकारों को एक साथ लाता है ताकि टिकाऊ तरीकों को बढ़ावा दिया जा सके और रीसाइक्लिंग के फायदों को उजागर किया जा सके। ग्लोबल रीसाइक्लिंग डे की शुरुआत सबसे पहले 2018 में यूनाइटेड किंगडम स्थित ग्लोबल रीसाइक्लिंग फाउंडेशन ने की।

आंदोलन कोई कट्टरपंथी चीज नहीं हैं। आंदोलन तो अमेरिकी तरीका है। गुलामी खत्म करने वाले कार्यकर्ताओं के एक छोटे से समूह ने, अपने लेखन और भाषणों के जरिए, आखिरकार गुलामी को खत्म कर दिया। कुछ जाग्रत महिलाओं ने मिलकर महिलाओं को वोट देने का अधिकार दिलवाया। पॉपुलिस्ट आंदोलन, प्रगतिशील आंदोलन, वियतनाम युद्ध विरोधी आंदोलन, महिला आंदोलन, ऐसे अनगिनत उदाहरण हैं जहाँ आम लोगों ने एक साथ आकर अपनी जिंदगी का सच दुनिया के सामने रखा। उन्होंने हमारी सरकार को काम करने के लिए मजबूर कर दिया। लोगों को धमकियाँ दी गईं, लोगों को जेल में डाल दिया गया, सिर्फ इसलिए कि हम चाहते थे कि लोग वोट देने के लिए रजिस्टर करने की कोशिश करें। -यूनिता ब्लैकवेल

(Disclaimer विशेष सूचना- हमने तथ्यों को यथासंभव जांचकर प्रस्तुत किया है। फिर भी किसी भूल के लिए हम क्षमाप्रार्थी होंगे। पाठक कृपया अपने स्तर पर भी तथ्यों को जांच-परख लें, साथ ही हमारा निवेदन है कि यदि आपको कोई त्रृटि दिखी तो कृपया हमें सूचित करें ताकि हम उसे सुधार सकें। आपकी प्रतिक्रियाएं, सुझाव, रचनाएं आमंत्रित हैं। धन्यवाद ! -संपादक - पीपुल्स फ्रैंड)

प्रस्तुति: एपी भारती (पत्रकार, संपादक पीपुल्स फ्रैंड, रुद्रपुर, उत्तराखंड)

कृपया हमारी Facebook Page https://www.facebook.com/profile.php?id=61586195663713 देखिए, अपने सुझाव दीजिए ! धन्यवाद !

प्रेस / मीडिया विशेष - आप अपने समाचार, विज्ञापन, रचनाएं छपवाने, समाचार पत्र, पत्रिका पंजीयन, सोशल मीडिया, समाचार वेबसाइट, यूट्यूब चैनल, कंटेंट राइटिंग इत्यादि प्रेस/मीडिया विषयक कार्यों हेतु व्हाट्सऐप 9411175848 पर संपर्क करें।

#ForgiveMomandDadDay #GlobalRecyclingDay #UnitaBlackwell #WorldHistoryofMarch18 #MatildaJoslynGage #LuciusShepard #IshitaVyas #AlishaChinai #ShashiKapoor #Quotes #Thoughts #Motivation #Inspiration #Facts #Truth #Nature #Science #Politics #Economy #World #Business #jobs #Inflation #Uttarakhand #Rudrapur #Udhamsinghnagar #Peoplesfriend #Newspaper #APBharati #Journalism #Writing #Socialmedia #Viralphoto #NikolaiBerdyaev #Iran #Israel

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ