Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

13 जून का विश्व इतिहास: भारत एवं विश्व में 2000 वर्षों में हुई महत्वपूर्ण घटनाओं, दिवसों तथा मशहूर हस्तियों की जन्म, निधन तारीखों की जानकारी World History of June 13

मेरे हिसाब से, आपको हर मौके का फायदा उठाना चाहिए क्योंकि हो सकता है कि दूसरा मौका न मिले। आपको अपनी गलतियों से सीखना होगा क्योंकि कोई भी व्यक्ति परिपूर्ण नहीं होता। आपको हर दिन हँसना, प्यार करना और ऐसे जीना होगा जैसे कि यह आपका आखिरी दिन हो। -मैरी-केट ऑलसेन




40 ईस्वी में 13 जून को फोरम जूली, गैलिया नार्बोनेंसिस (अब फ्रेजस, फ्रांस) में ग्नियस जूलियस एग्रीकोला का जन्म हुआ। एग्रीकोला रोमन जनरल और राजनीतिज्ञ थे। एग्रीकोला ने ब्रिटेन पर रोमन विजय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने रोम में विभिन्न राजनीतिक पदों पर काम किया। 64 में उन्हें एशिया प्रांत में क्वेस्टर नियुक्त किया गया। एग्रीकोला को दो साल बाद प्लेबीयन ट्रिब्यून नियुक्त किया गया और 68 में उन्हें प्रेटोर बनाया गया।

220 ईस्वी में 13 जून को चीन के पूर्वी हान राजवंश के अंत में सरदार काओ काओ के अधीन सेवारत चीनी सैन्य जनरल और राजनेता जियाहोउ डुन (शिष्टाचार नाम युआनरंग) का निधन हुआ। 

313 ईस्वी में 13 जून को कॉन्स्टेंटाइन द ग्रेट और सह-सम्राट वैलेरियस लिसिनियस के हस्ताक्षरों से जारी मिलान के निर्णय से पूरे रोमन साम्राज्य में धार्मिक स्वतंत्रता प्रदान की गई और यह आदेश निकोमीडिया में प्रकाशित में सार्वजनिक किए गये। निकोमीडिया प्राचीन यूनानी शहर था जो अब तुर्की में है। 286 में निकोमीडिया रोमन साम्राज्य की पूर्वी राजधानी और बड़ा शहर था। इसे सम्राट डायोक्लेटियन ने अपनी राजधानी चुना था।

823 ईस्वी में 13 जून को फ्रैंकफर्ट, फ्रांसिया में चार्ल्स द बाल्ड का जन्म हुआ। चार्ल्स द बाल्ड फ्रांसिया और इटली के राजा और कैरोलिंगियन साम्राज्य के सम्राट बने।

1036 काहिरा, फातिमिद मिस्र में फातिमिद वंश के सातवें खलीफा अली अज-जाहिर (अल-जाहिर लि-इजाज दीन अल्लाह, जन्म 26 जून 1005) का इंतकाल हुआ। 

1290 ईस्वी में 13 जून को खिलजी सल्तनत के संस्थापक जलालुद्दीन फिरोजशाह खिलजी दिल्ली तख्त पर काबिज हुए इसके साथ ही गुलाम वंश के शासन का अंत और खिलजी सल्तनत की शुरुआत हुई। अफगानिस्तान से दिल्ली तक खिलजी कबीले ने 1320 तक शासन किया।

1325 इब्न बतूता ने सउदी अरब के मक्का के लिए अपनी पहली यात्रा शुरू की। इब्न बतूता अरब यात्री, विद्धान् तथा लेखक हुए। उत्तर अफ्रीका के मोरक्को प्रदेश के प्रसिद्ध नगर तांजियर में 24 फरवरी 1304 को इनका जन्म हुआ था। इब्न बतूता का पूरा नाम था मुहम्मद बिन अब्दुल्ला इब्न बत्तूता। इब्न बतूता मुसलमान यात्रियों में सबसे अधिक यात्रा करने वाले हुए।। अंदाजन इन्होंने लगभग 75000 मील की यात्रा की थी। इतना लंबा भ्रमण उस युग में किसी और यात्री के करने का विवरण कहीं इतिहास में नहीं मिलता। अपनी यात्रा के दौरान बतूता भारत भी आए और यहां की तमाम बातों का उन्होंने अपने संस्मरणों में जिक्र किया है।

1373 इंग्लैंड और पुर्तगाल के बीच एंग्लो-पुर्तगाली गठबंधन हुआ, यह गठबंधन लगातार बना रहा। इसके तहत दोनों देशों ने एक दूसरे की लगातार भरपूर मदद की।

1508 विश्व प्रसिद्ध इतालवी खगोलशास्त्री और दार्शनिक एलेसेंड्रो पिकोलोमिनी का जन्म हुआ।

1514 हेनरी ग्रेस ए डियू ने एक हजार टन से अधिक वजन वाला विश्व का सबसे बड़ा युद्धपोत इंग्लैंड के नए वूलविच डॉकयार्ड में तैयार कर प्रस्तुत किया।

1525 पुजारियों के लिए रोमन कैथोलिक चर्च द्वारा निर्धारित ब्रह्मचर्य अनुशासन को खारिज करते हुए मार्टिन लूथर ने कैटरीना वॉन बोरा से विवाह किया।

1555 विख्यात इतालवी गणितज्ञ, मानचित्रकार और खगोलशास्त्री जियोवानी एंटोनियो मैगिनी का जन्म हुआ।

1625 फ्रांस और नवरे की कैथोलिक राजकुमारी हेनरीटा मारिया से इंग्लैंड के राजा चार्ल्स प्रथम ने कैंटरबरी में विवाह किया।

1707 फेरेंस रकोक्जी द्वितीय ने हंगरी को स्वतंत्र घोषित किया।

1731 स्वीडिश ईस्ट इंडिया कंपनी की स्थापना हुई।

1757 बंगाल, बिहार और उड़ीसा के नवाब सिराजुद्दौला से युद्ध के लिए ईस्ट इंडिया कंपनी के रॉबर्ट क्लाइव ने 1000 यूरोपीय और 2000 भारतीय सैनिकों और आठ तोपों सहित मुर्शिदाबाद के लिए प्रस्थान किया।

1805 लुईस एंड क्लार्क एक्सपेडीशन के दौरान मेरिवर्थ लुईस और उनके चार अन्य साथियों ने मिसौरी नदी के महान जलप्रपात को देखा। ग्रेट फॉल्स मिसौरी अमेरिका में उत्तर-मध्य मोंटाना में ऊपरी मिसौरी नदी पर झरनों की एक श्रृंखला है। अपस्ट्रीम से डाउनस्ट्रीम तक नदी के 10-मील खंड के साथ झरने ब्लैक ईगल फॉल्स, कोल्टर फॉल्स, रेनबो फॉल्स क्रुक्ड फॉल्स, हॉर्सशू फॉल्स हैं। यह पर्यटन का लोकप्रिय क्षेत्र है।

1850 संयुक्त राज्य अमेरिका में पहला अफ्रीकी अमेरिकी श्रमिक संघ अमेरिकन लीग ऑफ कलर्ड लेबरर्स का न्यूयॉर्क में विधिवत गठन किया गया।

1855 विख्यात इतालवी कंपोजर ग्यूसेप वार्डी के बीसवें ओपेरा लेस वेप्रेस सिसिलिएंस यानी द सिसिलियन वेस्पर्स का पेरिस में प्रीमियर हुआ।

1886 कनाडा के वैंकूवर शहर में आग लगने से करीब एक हजार इमारतें जलकर नष्ट हुईं। इसी दिन बावेरिया के राजा लुडविग द्वितीय को रहस्यमय परिस्थितियों में स्टारनबर्ग लेकमुनिच के पास मृत पाया गया।

1888 अमेरिकी कांग्रेस ने श्रम विभाग का गठन किया।

1899 विख्यात मैक्सिकन संगीतकार, कंडक्टर और पत्रकार और मैक्सिकन सिम्फोनिक ऑर्केस्ट्रा के संस्थापक कार्लोस चावेज का जन्म हुआ।

1905 ब्रिटेन शासित भारत में क्रिकेटर हुए कुमार श्री दुलीपसिंहजी का जन्म नवानगर स्टेट में हुआ। यह नवानगर राजघराने के राजकुमार हुए।

1909 केरल के पालाघाट में ईएमएस नंबूदरिपाद का जन्म हुआ। वे भारत के शीर्ष वामपंथी नेता, चिंतक हुए और केरल के लंबे समय तक मुख्यमंत्री भी रहे।

1910 न्युनेटन, वार्विकशायर, इंग्लैंड मैरी व्हाइटहाउस (कॉन्स्टेंस मैरी हचसन, कॉन्स्टेंस मैरी व्हाइटहाउस) का जन्म हुआ। मैरी व्हाइटहाउस ब्रिटिश शिक्षिका और रूढ़िवादी कार्यकर्ता थीं। उन्होंने सामाजिक उदारवाद और मुख्यधारा के ब्रिटिश मीडिया के खिलाफ अभियान चलाया।

1920 संयुक्त राज्य अमेरिका के डाक विभाग ने नियम लागू किया कि बच्चों के पार्सल डाक के माध्यम से नहीं भेजे जाएंगे।

1922 सामंती जमींदारों, दबंगों और ब्रिटिश शासन का विरोध करने वाले क्रांतिकारी नानक भील भारतीय-अंग्रेजी पुलिस की गोलियों से छलनी कर दिए गये। 1922 की 13 जून को राजस्थान के बूंदी जिले के डाबी तालाब क्षेत्र में तत्कालीन दीवान मदन मोहन, नाजिम धन्नालाल और अन्य सामंती जमींदारों, जागीरदारों, दबंगों और अंग्रेज ब्रिटिश-भारतीय सरकारी कारकूनों के जुल्म के खिलाफ भेंट, बेगार, चराई कर जैसे कई टैक्सों की समाप्ति मांग करते हुए आयोजित विशाल जनसभा में झंडा गीत गाकर नानक भील जनता को जागृत कर रहे थे। परेशान, हल्कान लोग अपनी व्यथा बताते हुए इन्साफ की मांग कर रहे थे। ब्रिटिश सरकार व स्थानीय शक्तिशाली लोगों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए देशी-विदेशी गुलामी, शोषण, उत्पीड़न से मुक्ति के लिए आवाज बुलंद कर रहे थे। यहां ब्रिटिश-भारतीय पुलिस ने जनसभा पर गोली चला दी, जिससे अनेक लोग जान बचाने इधर-उधर भागे, नानक भील झंडा हाथ में उठाए क्रांतिकारी गीत गाते। पुलिस ने नानक भील के सीने पर 3 गोलियां मारीं। गुलामी, शोषण, उत्पीड़न, भेदभाव के खिलाफ अपनी जान कुर्बान कर देने वाले नानक भील का घर-घर से भेंट किये गए नारियलों से दाह संस्कार किया।

1923 हिंदी फिल्मों के प्रख्यात कवि, गीतकार, अभिनेता, नृत्य एवं संगीत निर्देशक प्रेम धवन का जन्म अंबाला में हुआ। इसी दिन चीन के राष्ट्रपति ली को अपना घर छोड़ देना पड़ा क्योंकि उनके विरोधी पक्ष के सरदार ने अपनी बड़ी फौज के साथ ली का घर घेर लिया, पद और घर छोड़ने के लिए मजबूर किया, ली के घर के पानी और बिजली आदि की आपूर्ति बाधित कर दी गई थी।

1932 ब्रिटेन ने 72 वर्षों तक स्वेज नहर का नियंत्रण अपने कब्जे में रखने के बाद उसे मिस्र को सौंप दिया।

1937 विख्यात भारतीय - अमेरिकी वैज्ञानिक, अमेरिकी राष्ट्रपति के तकनीकी सलाहकारों में शामिल, आर्टिफिशियल इंटेलीजेंसी के विशेषज्ञ डब्बाला राजागोपाल राज रेड्डी का जन्म चित्तूर में हुआ।

1943 किचेवो, उत्तरी मैसेडोनिया में कोको रासिन यानी कोस्टा अपोस्टोलोव सोलेव का निधन हुआ। 22 दिसंबर 1908 को वेल्स, उत्तरी मैसेडोनिया में जन्मे कोको रासिन मैसेडोनियन कवि, लेखक, कथाकार, राजनीतिक, सामाजिक कार्यकर्ता और कम्युनिस्ट थे। इसी दिन 1943 में नेताजी सुभाष चंद्र बोस जर्मनी से जापान पहुंचे।

1944 संयुक्त राष्ट्र संघ के आठवें महासचिव हुए बान की मून का जन्म दक्षिण कोरिया के हाएंग्ची में हुआ।

1949 ब्राइटन, ब्राइटन और होवरेड, इंग्लैंड में रेड सिमंस (रेडमंड सिमंस) का जन्म हुआ। रेड सिमंस ऑस्ट्रेलियाई संगीतकार और टेलीविजन और रेडियो व्यक्तित्व हैं। वह बैंड स्काईहुक्स में मुख्य गिटारवादक थे, रेड फेसेस के स्नाइड जज और टैलेंट सर्च शो ऑस्ट्रेलियाज गॉट टैलेंट के जज रहे। रेड सिमंस ने 2003 से 2017 तक एबीसी रेडियो मेलबर्न के ब्रेकफास्ट शो की मेजबानी की।

1955 सोवियत संघ में पहली हीरा खदान मीर माइन डायमंड-बेयरिंग जमा की खोज सोवियत भूवैज्ञानिकों यूरी खाबार्डिन, एकातेरिना एलागिना और विक्टर एवेदेंको ने याकुत एएसएसआर में बड़े अमैकिंस्की अभियान के दौरान की थी। उन्हें ज्वालामुखीय रॉक किंबरलाइट के निशान मिले, जो आमतौर पर हीरों से जुड़ा होता है।

1956 अंतर्राष्ट्रीय आपराधिक पुलिस संगठन (आईसीपीओ) को गठन किया गया।

1963 न्यूयॉर्क कमोडिटी एक्सचेंज ने चांदी के वायदा अनुबंधों का कारोबार शुरु किया।

1964 भारतीय जनता पार्टी के राजनेता और मोदी सरकार में मंत्री रहे पीयूष गोयल का जन्म हुआ।

1965 भारत के जाने माने फिल्म आलोचक, फिल्म कारोबार के समीक्षक, पत्रकार तरन आदर्श का जन्म जोधपुर, राजस्थान में हुआ। इसी दिन पुणे में जाने माने भारतीय क्रिकेटर मनिंदर सिंह का जन्म हुआ।

1971 प्रख्यात अमेरिकी अखबार न्यूयॉर्क टाइम्स ने पेंटागन पेपर्स को पहली बार प्रकाशित किया। इसकी रिपोर्टिंग पत्रकार डैनियल एल्सबर्ग ने की थी। आगे चलकर इन पेपर्स ने अमेरिका की राजनीति में भूचाल ला दिया। इन पेपर्स में वियतनाम युद्ध में अमेरिका की अमानवीय भूमिका को लेकर कई खुलासे किये गये। अमेरिकी प्रशासन ने राष्ट्रीय सुरक्षा का हवाला देते हुए कोर्ट से मांग की कि सेना के मामलों से जुड़ी बेहद गोपनीय जानकारी अखबारों में प्रकाशित करने पर रोक लगाई जाए। कोर्ट ने पेंटागन पेपर्स छापने पर रोक लगा दी। इसके बाद डैनियल एल्सबर्ग ने ये जानकारी द वॉशिंगटन पोस्ट को दे दी और 18 जून से इस अखबार ने भी पेंटागन पेपर्स से जुड़ी खबरें छापनी शुरू की। सरकार द वॉशिंगटन पोस्ट के खिलाफ भी कोर्ट में गई, लेकिन 30 जून को सुप्रीम कोर्ट ने प्रेस की स्वतंत्रता का हवाला देते हुए अखबारों को राहत दी और पेंटागन पेपर्स प्रकाशित करने की अनुमति दे दी। फिर सराकर ने डैनियल एल्सबर्ग पर देश के खिलाफ साजिश रचने, जासूसी करने और सरकारी कागजों की चोरी करने जैसे कई आरोप लगा दिए। अदालत ने डैनियल को इन सब आरोपों से बरी कर दिया। उसके बाद अखबारों में सीरीज के रूप में पेंटागन पेपर्स प्रकाशित होते रहे। जून 2011 में अमेरिकी सरकार ने पेंटागन पेपर्स को आम लोगों के लिए रिलीज कर दिया। एक मिलेट्री एनालिस्ट डैनियल एल्सबर्ग ने वियतनाम युद्ध से जुड़ी बेहद खुफिया जानकारी द न्यूयॉर्क टाइम्स अखबार को दी थी।

1972 ओल्जटीन, पोलैंड में मारिया जादविगा मिनाकोव्स्का का जन्म हुआ। मारिया मिनाकोव्स्का पोलिश इतिहासकार, वंशावलीविद और जनसांख्यिकीविद हैं। मारिया मिनाकोव्स्का पोलिश वंशावली डेटाबेस विल्का जेनेलोगिया मिनाकोव्स्का की निर्माता हैं। 2024 में मिनाकोव्स्का ने पुरुष से महिला बनने की घोषणा की।

1983 पायनियर 10 नेपच्यून की कक्षा से गुजरा। यह सौर मंडल के ज्ञात ग्रहों से आगे यात्रा करने वाली पहली मानव निर्मित वस्तु बन गई।

1986 शेरमैन ओक्स, कैलिफोर्निया, अमेरिका में मैरी-केट ऑलसेन का जन्म हुआ। मैरी-केट बहुत सफल अमेरिकी व्यवसायी, फैशन डिजाइनर, घुड़सवार, अभिनेत्री और मॉडल रही हैं। अपनी जुड़वां बहन एशले फुलर ऑलसेन के साथ मैरी-केट ऑलसेन की अभिनय यात्रा महज 9 माह की आयु में टेलीविजन कार्यक्रम सिटकॉम फुल हाउस (1987-1995) से प्रारंभ हुई। दोनों बहनों ने अभिनय, कारोबार और बहुत अन्य कार्य साझेदारी के साथ किए। मैरी-केट ऑलसेन का एक उद्धरण, हर किसी का दिमाग अलग-अलग तरीके से काम करता है और मुझे चीजों को समझने के लिए बस ज्यादा समय चाहिए।

1992 जानी मानी खूबसूरत, बोल्ड फिल्म अभिनेत्री एवं माॅडल दिशा पटानी का जन्म बरेली, उत्तर प्रदेश में हुआ।

1993 किम कैंपबेल कनाडा की पहली महिला प्रधानमंत्री बनीं।

1994 भारत की जानी मानी अंतरराष्ट्रीय स्तर की तीरंदाज, ओलंपियन दीपिका कुमारी का जन्म रांची में हुआ। इसी दिन मणिपुर के सातवें मुख्यमंत्री हुए राज कुमार जयचंद्र सिंह का निधन हुआ।

1997 फिल्म बॉर्डर देशभर में करीब 290 स्क्रींस पर रिलीज की गई। इसमें से दक्षिणी दिल्ली का ग्रीन पार्क स्थित उपहार सिनेमा भी था। शाम का शो था इसलिए सिनेमाहॉल खचाखच भरा था। फिल्म लगभग आधी होने को थी तब करीब पौने पांच बजे सिनेमाहॉल के भूतल पर लगे एक ट्रांसफॉर्मर में आग लग गई। इससे पहले कोई कुछ समझ पाता, आग ने पूरे हॉल को अपनी चपेट में ले लिया। कोई जलकर मर गया तो किसी की दम घुटने से मौत हो गई। हादसे में 59 लोग मारे गए और 100 से भी ज्यादा लोगों को चोटें आईं। हॉल की पार्किंग में रखी कारें भी जलकर खाक हो गईं।

2001 नेपाल के शाही परिवार हत्याकांड में दीपेंद्र की कथित प्रेमिका देवयानी ने जांच आयोग के समक्ष गवाही से इन्कार किया। राजा वीरेंद्र की उनके परिवार के सभी लोगों की हत्या के बाद उनके भाई ज्ञानेंद्र सत्ता पर काबिज हुए और बताया यह गया कि देवयानी से दीपेंद्र विवाह करना चाहते थे लेकिन परिवार राजी नहीं हुआ, इसलिए राजकुमार दीपेंद्र ने पूरे परिवार को गोलियां मारकर खुद को भी गोली मार ली। दीपेंद्र की बाद में अस्पताल में मौत हुई। 

2002 अमेरिका ने ऐंटी-बालिस्टिक मिसाइल संधि से खुद को अलग किया।

2003 डेनियल अखमितोव कजाकिस्तान के नये प्रधानमंत्री चुने गये। 2003 में इसी दिन पाकिस्तानी वकील, राजनीतिज्ञ, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री रहे मलिक मेराज खालिद का इंतकाल हुआ।

2004 लोकतांत्रिक गणराज्य कांगो में राष्ट्रपति जोसेफ कबीला के विरुद्ध तख्ता पलट का प्रयास किया गया जो विफल हुआ। इसी दिन इराक के विदेश उपमंत्री बासम सालिह कुन्बा की हत्या हुई।

2005 पॉपस्टार माइकल जैक्सन 13 साल के बच्चे के यौन उत्पीड़न मामले में कोर्ट से बरी हुए। इसी दिन ईरान ने 2009 के अंत से भारत को तरल प्राकृतिक गैस का निर्यात करने पर सहमत दी।

2006 नाइजीरिया और कैमरून ने सीमा विवाद पर समझौता किया।

2008 टेलिकॉम मलेशिया (टीम) ने आइडिया सेलुलर कंपनी की 15 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदी। इसी दिन चीन और ताइवान ने विमान सेवा शुरू करने हेतु ऐतिहासिक समझौते पर हस्ताक्षर किये।

2012 कराची, सिंध, पाकिस्तान में विश्व विख्यात पाकिस्तानी गजल गायक और पार्श्व गायक मेहदी हसन (मेहदी हसन खान जन्म 18 जुलाई 1927, लूना, जयपुर राज्य, राजपुताना एजेंसी, ब्रिटिश भारत, अब राजस्थान)) का निधन हुआ। गजल गायन के इतिहास में सबसे महान और सबसे प्रभावशाली शख्सियतों में से एक माने जाने वाले हसन को शहंशाह-ए-गजल (गजल के बादशाह) कहा गया।

2015 प्रति वर्ष 13 जून को संपूर्ण विश्व में अंतर्राष्ट्रीय रंगहीनता जागरूकता दिवस (इंटरनेशनल एल्बिनिज्म अवेयरनेस डे) मनाया जाता है। इसे मनाने का उद्देश्य एल्बिनिज्म (रंगहीनता) के शिकार लोगों से विश्व में होने वाले भेद-भाव के विरुद्ध जागरूकता फैलाना है। संयुक्त राष्ट्र महासभा ने प्रतिवर्ष 13 जून को इस दिवस को मनाने की घोषणा 18 दिसंबर, 2014 को की थी। पहला अंतरराष्ट्रीय एल्बिनिज्म जागरूकता दिवस 13 जून 2015 को मनाया गया। एल्बिनिज्म या रंगहीनता एक जन्मजात रोग है, जो त्वचा, बाल और आंखों में मेलानिन की कमी के कारण होता है. इससे प्रभावित लोगों की त्वचा पर सफेद धब्बे होते हैं अथवा कई बार पूर्ण त्वचा ही सफेद हो जाती है।

2016 लखनऊ में प्रसिद्ध हिंदी लेखक, उपन्यासकार, नाटककार, आलोचक, समीक्षक तथा व्यंग्यकार मुद्राराक्षस का निधन हुआ। इनका वास्तविक नाम सुभाष चंद्र गुप्ता था।

2018 कार्बन उत्सर्जन मानकों के घोर उल्लंघन के लिए वोक्सवैगन आटोमोबाइल कंपनी पर एक बिलियन यूरो का जुर्माना लगाया गया।

2021 चीन के हुबेई प्रांत के शियान शहर के झांगवान में हुए गैस विस्फोट में एक दर्जन से अधिक लोगों की मौत और करीब 150 लोग घायल हुए।

2023 नाइजीरिया के क्वारा राज्य में नाइजर नदी पर एक शादी की नाव पलटने से करीब 100 लोगों की मौत हो गई। 2023 में इसी दिन इंग्लैंड के नॉटिंघम में सुबह-सुबह चाकू घोंपने और वैन से टक्कर मारने की घटना में तीन लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। इसी दिन 2023 में जबलपुर (मध्य प्रदेश) में तैनात केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर यानी सेंट्रल जीएसटी के डिप्टी कमिश्नर कपिल कामले और चार निरीक्षकों को गुटका कारोबारी से सात लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए केंद्रीय जांच ब्यूरो ने रंगे हाथ पकड़ लिया। रिश्वत लेने वाले यह जीएसटी कार्मिक पहले ही 25 लाख रुपये हड़प चुके हैं।

2024 लोकप्रिय अमेरिकी आर एंड बी गायिका एंजेला बोफिल एवं अमेरिकी बाल कलाकार बेन्जी ग्रेगरी का निधन हुआ।

2025 इस्राइल ने ईरान पर बड़ा हमला कर भारी नुक्सान करने का दावा किया है। बताया गया कि 13 जून 2025 की सुबह इस्राइल ने ईरान के कई इलाकों में बड़े पैमाने पर हमले किए। इस हमले के लिए इजराइल का कोडनेम ऑपरेशन राइजिंग लॉयन था। इस्राइली रक्षा बलों और खुफिया एजेंसी मोसाद द्वारा किए गए हमलों ने परमाणु सुविधाओं, सैन्य प्रतिष्ठानों और वरिष्ठ अधिकारियों के आवासों को निशाना बनाया गया जिससे प्रमुख परमाणु स्थलों को नुकसान पहुंचा और ईरान के शीर्ष सैन्य नेतृत्व को खत्म कर दिया गया। यह ईरान-इराक युद्ध के बाद ईरान पर सबसे बड़ा हमला बताया गया है।

2026 मध्य पूर्व में तनाव तब चरम पर पहुँच गया जब अमेरिका ने ईरान के परमाणु ठिकानों पर सैन्य हमले किए, जिसके बाद इंटरनेशनल एटॉमिक एनर्जी एजेंसी को आपातकालीन बैठकें बुलानी पड़ीं। ईरान ने आधिकारिक तौर पर इन हमलों की निंदा की, जबकि इजराइल और ईरान के बीच नए सिरे से मिसाइल हमले हुए। संयुक्त रूप से आयोजित वैश्विक टूर्नामेंट का शुरुआती हफ्ता आगे बढ़ा, जिसमें मैचों को देखने के लिए भारी संख्या में अंतरराष्ट्रीय दर्शक जुटे और बड़े पैमाने पर मीडिया प्रसारण हुआ। स्टेडियमों में सुरक्षा की खास तैयारियाँ भी की गई थीं, जिसमें सैन फ्रांसिस्को जैसे शहरों में एफबीआई द्वारा स्थानीय स्तर पर चलाए जा रहे ऑपरेशन भी शामिल थे।

(Disclaimer विशेष सूचना- हमने तथ्यों को यथासंभव जांचकर प्रस्तुत किया है। फिर भी किसी भूल के लिए हम क्षमाप्रार्थी होंगे। पाठक कृपया अपने स्तर पर भी तथ्यों को जांच-परख लें, साथ ही हमारा निवेदन है कि यदि आपको कोई त्रृटि दिखी तो कृपया हमें सूचित करें ताकि हम उसे सुधार सकें। आपकी प्रतिक्रियाएं, सुझाव, रचनाएं आमंत्रित हैं। धन्यवाद ! -संपादक - पीपुल्स फ्रैंड)

कृपया देखिए हमारा हिंदी समाचार पोर्टल एक्सप्लेनर24.कॉम https://explainer24.com अपने सुझाव दीजिए ! धन्यवाद !

प्रेस / मीडिया विशेष - आप अपने समाचार, विज्ञापन, रचनाएं छपवाने, समाचार पत्र, पत्रिका पंजीयन, सोशल मीडिया, समाचार वेबसाइट, यूट्यूब चैनल, कंटेंट राइटिंग इत्यादि प्रेस/मीडिया विषयक कार्यों हेतु व्हाट्सऐप 9411175848 पर संपर्क करें।

#MaryKateOlsen #IAEA #DishaPatani #InternationalAlbinismAwarenessDay #WorldHistoryofJune13 #IbnBattuta #SpaceX #ElonMusk #PhilipVeraCruz #AnneFrank #OPEC #CocaCola #Softdrink #IMF #Iran #Israel #Donaldtrump #War #Quotes #Thoughts #Motivation #Inspiration #Facts #Truth #Nature #Science #Politics #Economy #World #Business #jobs #Inflation #Uttarakhand #Rudrapur #Udhamsinghnagar #Peoplesfriend #Newspaper #APBharati #Journalism #Writing #Socialmedia #Viralphoto #Iran #Israel #War #Hormuz #IRGC #Donaltrump #explainer24.com #Newsportal #ICC #X #Lebanon #Pakistan #Ukraine #Russia #Sudan #Turkey #Iraq #Kuwait #UAE #EU #Bahrain #Oman #MiddleEastcrisis #Quad #CockroachJantaParty #FIFAWorldCups2026 #SFSR #NanakBhil

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ