यह लंबे समय से मेरे ध्यान में आ गया था कि निपुण लोग शायद ही कभी आराम से बैठते थे और चीजों को अपने साथ होने देते थे। वे बाहर गए और चीजें करने लगे। -लिओनार्दो दा विंची
1203 ईसा पूर्व 2 मई को प्राचीन मिस्र के उन्नीसवें राजवंश के चौथे फिरौन मेरनेप्टाह का निधन हुआ। समकालीन ऐतिहासिक अभिलेखों के अनुसार, मेरनेप्टाह जुलाई के अंत या अगस्त 1213 की शुरुआत से लेकर 2 मई 1203 ईसा पूर्व में अपनी मृत्यु तक मिस्र पर शासन किया। वह अठारहवें राजवंश के तूतनखामुन के बाद पहले शाही परिवार में जन्मे फिरौन थे। मेरनेप्टाह की देह केवी8, ममी केवी35 रॉयल कैश (थेबन नेक्रोपोलिस) में मिली।
373 ईस्वी में 2 मई को अलेक्जेंड्रिया, रोमन मिस्र में ईसाई धर्मशास्त्री, अलेक्जेंड्रिया के 20वें पोप अथानासियस प्रथम ऑफ अलेक्जेंड्रिया (अथानासियस द ग्रेट) का निधन हुआ। अथानासियस चर्च फादर, एरियनवाद के खिलाफ ट्रिनिटेरियनवाद के मुख्य प्रस्तावक और चौथी शताब्दी के प्रसिद्ध मिस्र के ईसाई नेता थे।
649 सिरिएक ऑर्थोडॉक्स चर्च के प्रमुख, ग्रैंड मेट्रोपॉलिटन मारुथा ऑफ तिकरित ( शवारजक, ससानिद साम्राज्य) का निधन हुआ। उन्हें सिरिएक ऑर्थोडॉक्स चर्च में संत के रूप में याद किया जाता है
1194 इंग्लैंड के राजा रिचर्ड प्रथम ने पोर्ट्समाउथ को पहला शाही चार्टर प्रदान किया। पोर्ट्समाउथ बंदरगाह शहर और इंग्लैंड के दक्षिणी तट पर नौसेना बेस है, यह पोर्टि्सया द्वीप पर फैला हुआ है। पोर्ट्समाउथ अपनी समुद्री विरासत और पोर्ट्समाउथ ऐतिहासिक डॉकयार्ड के लिए जाना जाता है। डॉकयार्ड में रॉयल नेवी का इंटरैक्टिव नेशनल म्यूजियम, लकड़ी का युद्धपोत एचएमएस विक्ट्री जहां नेल्सन की ट्राफलगर की लड़ाई में मृत्यु हो गई थी, और एचएमएस वॉरियर 1860 है। ट्यूडर जहाज मैरी रोज को भी डॉकयार्ड संग्रहालय में संरक्षित किया गया है।
1230 विलियम डी ब्रॉज को प्रिंस लिलीवेलिन द ग्रेट ने फाँसी लगवा दी। विलियम डी ब्रॉज शासक रेजिनाल्ड डी ब्रॉज की पहली पत्नी ग्रेसिया ब्रिवेरे का बेटा था। वह मार्चर लॉर्ड्स के एक शक्तिशाली और लंबे समय तक जीवित रहने वाले राजवंश, हाउस ऑफ ब्रॉज का सदस्य था। लिलीवेलिन द ग्रेट मध्ययुगीन वेल्श शासक था। वह 1195 में ग्वेनेड के राजा के रूप में अपने चाचा डैफिड एब ओवेन ग्वेनेड का उत्तराधिकारी बना। युद्ध और कूटनीति के संयोजन से उसने 45 वर्षों तक वेल्स पर शासन किया।
1519 इटली के विश्व विख्यात चित्रकार लिओनार्दो दा विंची का निधन हुआ। 15 अप्रैल 1452 को जन्मे लिओनार्दो दा विंची ने 14 साल की उम्र में शौकिया तौर पर मूर्तियां बनानी शुरू कीं। लोगों को उनका काम पसंद आया और उनकी प्रतिभा को देखकर पिता ने लिओनार्दो को एक प्रतिष्ठित मूर्तिकार के पास फ्रांस भेज दिया। यहां उनकी प्रतिभा और निखरी। विंची की बनाई मशहूर पेटिंग मोना लिसा फ्रांस की राजधानी पेरिस के लूव्र म्यूजियम में है। हर साल इसे देखने लाखों लोग लूव्र पहुंचते हैं। मोना लिसा पेंटिंग के ऊपर पूरी दुनिया में सबसे ज्यादा रिसर्च हुई है, आज तक ये सर्वाधिक चर्चित पेंटिंग कौतूहल का विष बनी हुई है। कहते है कि इस पेंटिंग में लिओनार्दो लगातार बदलाव करते रहते थे, क्योंकि उन्हें लगता था कि ये पेंटिंग अभी पूरी तरह बनी नहीं है।
1536 इंग्लैंड की रानी ऐनी बोलिन को व्यभिचार, अनाचार, राजद्रोह और जादू टोना के आरोप में गिरफ्तार कर जेल में डाल दिया गया।
1568 स्कॉट्स की रानी मैरी लोक्लेवेन कैसल से फरार हुई।
1611 बाइबिल का किंग जेम्स संस्करण पहली बार लंदन, इंग्लैंड में मुद्रक रॉबर्ट बार्कर ने प्रकाशित किया।
1625 पोप ग्रेगरी पंद्रहवें द्वारा इथियोपिया के लिए लैटिन पैट्रिआर्क नियुक्त किए गये अफोंसो मेंडेस भारत के गोवा से बेइलुल (इरिट्रिया के दक्षिणी लाल सागर क्षेत्र में छोटा केप टाउन) पहुंचे।
1670 इंग्लैंड के राजा चार्ल्स द्वितीय ने उत्तरी अमेरिका में फर व्यापार खोलने के लिए हडसंस बे कंपनी को एक स्थाई चार्टर प्रदान किया।
1808 प्रायद्वीपीय युद्ध के दौरान मैड्रिड के लोग फ्रांसीसी कब्जे के खिलाफ एकजुट होकर विद्रोह में उतरे। प्रसिद्ध स्पैनिश रोमांटिक चित्रकार और प्रिंटमेकर फ्रांसिस्को डी गोया ने बाद में अपनी पेंटिंग द सेकेंड ऑफ मई 1808 में इस घटना का स्मरण किया।
1859 वॉल्सॉल, यूनाइटेड किंगडम में जेरोम क्लैपका जेरोम का जन्म हुआ। जेरोम प्रसिद्ध अंग्रेज लेखक और हास्यकार बने, जिन्हें मुख्य रूप से उनकी हास्य यात्रा-कथा थ्री मेन इन अ बोट के लिए जाना जाता है। जेरोम के अन्य कार्यों में निबंध संग्रह आइडल थॉट्स ऑफ एन आइडल फेलो और सेकंड थॉट्स ऑफ एन आइडल फेलो थ्री मेन ऑन द बुमेल जो थ्री मेन इन अ बोट का ही अगला भाग है, और कई अन्य उपन्यास शामिल हैं। जेरोम का एक उद्धरण, हम एक-दूसरे से अपनी अच्छाइयों की वजह से नहीं, बल्कि अपनी कमियों और गलतियों की वजह से जुड़ते हैं और एक-दूसरे के लिए हमदर्दी महसूस करते हैं। हमारी अच्छी खूबियों में तो हम एक-दूसरे से बहुत अलग होते हैं। लेकिन अपनी बेवकूफियों में हम सब एक जैसे होते हैं।
1875 बीस सेंट के सिक्के की ढलाई अमेरिका ने बंद की।
1885 बेल्जियम के राजा लियोपोल्ड द्वितीय ने स्वतंत्र स्टेट कांगों की स्थापना की। इसी दिन संयुक्त राज्य अमेरिका में गुड हाउसकीपिंग पत्रिका बिक्री के लिए बाजार में पेश की गई।
1907 रावलपिंडी (अब पाकिस्तान) में सांप्रदायिक दंगे हुए।
1918 भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की नेता और लोकसभा सदस्य रहीं सावित्री श्याम का जन्म मुजफ्फर नगर में हुआ।
1920 विख्यात हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीतज्ञ, गायक वसंतराव देशपांडे का जन्म हुआ। इसी दिन नीग्रो नेशनल लीग बेसबॉल का पहला मैच इंडियानापोलिस में खेला गया।
1921 भारत रत्न से सम्मानित, ऑस्कर पुरस्कार सहित अनेक पुरस्कारों से सम्मानित विख्यात फिल्म निर्माता, निर्देशक और लेखक सत्यजित राय का जन्म हुआ उन्होंने कुल 36 फिल्मों का निर्देशन किया था, जिनमें से 32 को राष्ट्रीय पुरस्कार मिले। सत्यजीत रे फिल्म निर्माण से जुड़े हर काम में माहिर थे। फिर चाहे वह स्क्रीनप्ले हो या फिर कास्टिंग, म्यूजिक, आर्ट डायरेक्शन, एडिटिंग, वह हर विधा में माहिर थे। फिल्मकार होने के साथ-साथ वे कहानीकार, चित्रकार और फिल्म आलोचक भी थे। उनकी फिल्मों को विदेश में भी कई सम्मान मिले। 1978 में बर्लिन फिल्म फेस्टिवल की संचालक समिति ने उन्हें विश्व के तीन सर्वकालिक महान निर्देशकों में से एक चुना था। इसी दिन 1921 झाँसी, संयुक्त प्रांत, ब्रिटिश भारत में ब्रज बासी लाल का जन्म हुआ। बी. बी. लाल जाने माने भारतीय लेखक और पुरातत्वविद बने, 1968 से 1972 तक भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के महानिदेशक और शिमला स्थित भारतीय उच्च अध्ययन संस्थान के निदेशक भी रहे। लाल ने यूनेस्को की विभिन्न समितियों में भी अपनी सेवाएँ दीं।
1922 जाने माने भारतीय पेशेवर बिलियर्ड्स खिलाड़ी विल्सन जोंस का जन्म हुआ।
1924 नीदरलैंड ने सोवियत संघ को मान्यता देने से इनकार किया।
1926 ब्रिटिश भारतीय सरकार ने हिंदू महिलाओं को मतदान का अधिकार दिया। इसी दिन मारियो डी मिरांडा का जन्म दमन में हुआ। मारियो मिरांडा पद्मश्री और पद्मभूषण प्राप्त करने वाले अंग्रेजी के विख्यात कार्टूनिस्ट बने। उनके कार्टून दशकों द टाइम्स ऑफ इंडिया तथा इकोनोमिक टाइम्स में प्रकाशित होते रहे। मारियो को एक जमाने की मशहूर अंग्रेजी समाचार पत्रिका इलेस्ट्रेटेड वीकली के इलेस्ट्रेशन के लिए खास पहचान मिली। गूगल ने कुछ साल पहले इन पर अपना डूडल भी बनाया।
1928 विख्यात भारतीय कत्थक नृत्यांगना, नृत्य कोरियोग्राफर और नृत्य शिक्षिका माया राव का जन्म मल्लेशवरम, कनार्टक में हुआ।
1929 भूटान के तीसरे राजा जिग्मे दोरजी वांग्चुक का जन्म हुआ।
1933 तानाशाह एडोल्फ हिटलर ने जर्मनी में ट्रेड यूनियनों पर प्रतिबंध लगा दिया।
1934 कुख्यात जर्मन क्रूर, बर्बर फासीवादी तानाशाह एडोल्फ हिटलर ने 2 मई, 1934 को जर्मनी में पीपुल्स कोर्ट की स्थापना की। इसका जर्मन संविधान से कोई मतलब नहीं था। यह हिटलर की फासिस्ट पार्टी, नीति-निर्धारकों के मन मुताबिक फैसले देता था। इसमें चलने वाले मुकदमों में प्रायः आरोपी को वकील रखने की अनुमति नहीं दी जाती और बिना सुनवाई के फैसला दे दिया जाता। यहूदियों को कड़ी सजाएं, मृत्यु दंड, जर्मनी से निष्कासन, कारोबार और रोजगार विहीन करना जैसे प्रमुख काम इस अदालत के थे। सरकार की जनविरोधी नीतियों के आलोचकों को भी इसी तरह की कड़ी सजाएं दी जातीं।
1942 विख्यात भारतीय मुस्लिम विद्वान, इतिहासकार, लेखक और अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय में प्रोफेसर बने, इस्तियाक अहमद ज़िल्ली का जन्म आज़मगढ़ में हुआ।
1943 भारतीय जनता पार्टी के विवादित राजनेता, पर्यावरण कार्यकर्ता, और आरएसएस के एजेंडे के प्रसार में सहयोग देने वाले तथा अर्थशास्त्री केएन गोविंदाचार्य का जन्म तिरुपति में हुआ।
1945 हिटलर के 30 अप्रैल 1945 को आत्महत्या कर लेने के बाद जर्मन सेना ने इटली में आत्मसमर्पण कर दिया।
1947 दस्तकार संस्था की संस्थापक दस्तकारी कार्यकर्ता, लेखिका, डिजाइनर और सामाजिक कार्यकर्ता लैला तैयबजी का दिल्ली में जन्म हुआ।
1949 महात्मा गांधी की हत्या मामले की सुनवाई पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट चंडीगढ़ में शुरू हुई। दिल्ली में गांधी की हत्या 30 जनवरी 1948 को नाथूराम गोडसे ने गोली मारकर की थी। दो महीने चली सुनवाई के बाद 21 जून को आरोपियों को सजा सुनाई गई। बंदूक पहुंचाने से लेकर गोडसे को प्रार्थना स्थल तक ले जाने में मदद करने तक कई लोग शामिल थे। शुरु में पुलिस ने 8 लोगों को आरोपी बनाया। नाथूराम गोडसे, उसका भाई गोपाल गोडसे, नारायण आप्टे, विष्णु करकरे, मदनलाल पाहवा, शंकर किस्तैया, दत्तात्रेय परचुरे, विनायक सावरकर आरोपी थे। इस मामले की सुनवाई लाल किले में बने ट्रायल कोर्ट में शुरू हुई थी, जिसका फैसला 10 फरवरी 1949 को आया था। जज आत्मा चरण ने नाथूराम गोडसे और नारायण आप्टे को फांसी की सजा सुनाई। साक्ष्यों के अभाव में सावरकर को बरी किया। दत्तात्रेय परचुरे और शंकर किस्तैया को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया। बाकी 3 दोषियों को उम्रकैद की सजा दी गई। दोषियों ने ट्रायल कोर्ट के फैसले के खिलाफ पंजाब हाईकोर्ट में अपील की। 15 नवंबर 1949 को गोडसे और आप्टे को अंबाला जेल में फांसी दी गई। 12 अक्टूबर 1964 को गोपाल गोडसे, विष्णु करकरे और मदनलाल पाहवा उम्रकैद की सजा काटकर रिहा हुए। गांधी के हत्यारे और षड्यंत्रकर्ता राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ यानी आरएसएस के संपर्क में थे। गोडसे सावरकर का चेला था। माना जाता है कि गांधी की हत्या के पीछे मास्टरमाइंड सावरकर ही थे लेकिन कोई प्रमाण न होने के कारण वह हत्या के केस से बच गये।
1950 फ्रांस ने कोलकाता के पास स्थित अपने उपनिवेश चंद्रनगर को भारत सरकार को सौंप दिया।
1952 दुनिया के पहले जेट विमान डी हैविलैंड धूमकेतु 1 ने लंदन से जोहांसबर्ग तक अपनी पहली उड़ान भरी।
1955 टी विलियम्स को उनके नाटक कैट ऑन अ हॉट टिन रूफ के लिए 1955 में पुलित्जर पुरस्कार प्रदान किया गया।
1956 कर्नाटक की मशहूर शास्त्रीय संगीतज्ञ, गायिका सुधा रगुनाथन का जनम बंगलौर में हुआ।
1959 विश्व स्वास्थ्य संगठन में स्वास्थ्य और चिकित्सा मामलों की वैज्ञानिक सौम्या स्वामीनाथन का जन्म मद्रास / चेन्नई में हुआ।
1966 प्रसिद्ध कनाडाई व्यवसायी, परोपकारी और राजनीतिज्ञ बेलिंडा स्ट्रोनैच का जन्म हुआ।
1968 लोक सभा ने सार्वजनिक भविष्य निधि विधेयक पारित किया। इसी दिन इजरायल की सरकारी ब्रॉडकास्टिंग अथॉरिटी ने टेलीविजन प्रसारण शुरू किया।
1975 जानी मानी भारतीय राजनेत्री श्रीमती सरोजिनी नायडू की पुत्री पद्मजा नायडू का निधन हुआ। इसी दिन 1975 विख्यात ब्रिटिश फुटबाल खिलाड़ी डेविड बेकहम का जन्म लंदन में हुआ।
1978 कराची, पाकिस्तान में कुमैल अली नानजियानी का जन्म हुआ। कुमैल नानजियानी लोकप्रिय पाकिस्तानी-अमेरिकी स्टैंड-अप कॉमेडियन, एक्टर, प्रोड्यूसर और स्क्रीनराइटर हैं। उन्हें कई अवॉर्ड मिले हैं, जिनमें स्क्रीन एक्टर्स गिल्ड अवॉर्ड शामिल है। कुमैल नानजियानी का एक उद्धरण, दर्शनशास्त्र का मतलब है, समस्याओं को हल करना। कोई दार्शनिक समस्या सामने आती है, और फिर आप उसे अलग-अलग नजरियों से देखकर, यह समझने की कोशिश करते हैं कि उसे हल करने का सबसे सही तरीका कौन-सा है। कॉमेडी भी ठीक यही है, आपके पास कोई एक विषय होता है, और आप उसे जितने ज्यादा से ज्यादा अलग-अलग तरीकों से पेश कर सकते हैं, उतनी ही कोशिश करते हैं।
1979 जानी मानी फिल्म खलनायिका, चरित्र अभिनेत्री, माॅडल, स्टेज शो परफारमर और रियलिटी शो बिग बाॅस प्रतिभागी रही निगार खान का जन्म हुआ।
1985 हिंदी के बहुप्रतिष्ठित लेखक, पत्रकार, मनोनीत राज्य सभा सदस्य साहित्यकार बनारसीदास चतुर्वेदी का निधन हुआ।
1986 अमेरिका की युवा पर्वतारोही 30 वर्षीया एन. बैन्क्राफ उत्तरी ध्रुव पर पहुँचने वाली प्रथम महिला बनीं।
1994 जानी मानी भारतीय महिला पहलवान रितु फौगाट का जन्म हुआ। इसी दिन पोलैंड में एक बस दुर्घटना हुई जिसमें 32 लोग मारे गए।
1996 कुख्यात तांत्रिक और आध्यात्मिक गुरु चंद्रास्वामी को धोखाधड़ी के आरोप में जेल की सजा सुनाई गयी, उसे तिहाड़ जेल भेजा गया। चंद्रास्वामी के एक इशारे पर लोग देश भर में एक दिन गणेश, शिव इत्यादि की मूर्तियों को दूध पिलाने को लोग लाइनों में लग गये थे। देर शाम तक खूब नाटक चला।
1997 ब्रिटेन में 18 वर्षों बाद लेबर पार्टी सत्ता में, उसके नेता टोनी ब्लेयर ब्रिटेन के संसदीय इतिहास में सबसे कम उम्र के प्रधानमंत्री बने।
1999 मिरया मोस्कोसो की पनामा की प्रथम महिला राष्ट्रपति के पद पर नियुक्त हुई।
2002 पाकिस्तान के विश्व विख्यात क्रिकेटर इंजामामुल हक ने न्यूजीलैंड के विरुद्ध 329 रन बनाये।
2003 पाकिस्तान के साथ राजनयिक संबंध फिर से जोड़ने का ऐलान भारत ने किया, जो दिसंबर 2001 में भारतीय संसद पर आतंकी हमले के बाद तोड़ दिए गए थे।
2004 मारेक बेल्का पोलैंड के नये प्रधानमंत्री बने। इसी दिन अनिल अंबानी की फर्म रिलायंस पावर लिमिटेड ने इंडोनेशिया में तीन कोयला खदानों का अधिग्रहण किया। हजारों करोड़ रुपया डकार कर अब अनिल अंबानी अपने आपको दिवालिया कह चुके हैं।
2008 म्यांमार में आए चक्रवात नरगिस से 138,000 लोग मारे गए और लाखों लोग बेघर हुये।
2010 सेवी का प्राथमिक पूंजी बाजार में नए इश्युओं की खरीद के लिए आवेदन करते समय संस्थागत निवेशकों को भी खुदरा निवेशकों की तरह शत प्रतिशत भुगतान करने का निर्देश प्रभावी हुआ।
2011 अमेरिका द्वारा दुनिया का सबसे खतरनाक आतंकी करार ओसामा बिन लादेन को पाकिस्तान में एक गुप्त मिशन के तहत मार डाला गया। बताया गया कि लादेन को मारने के मिशन की निगरानी अमेरिकी राष्ट्रपति बराक हुसैन ओबामा ने खुद की। इसे 11 सितंबर 2001 को वर्ल्ड ट्रेड सेंटर पर हुए हमले के 10 साल बाद लिया गया बदला बताया। ओबामा ने ही ओसामा के मारे जाने का ऐलान भी किया। इसी दिन कनाडा की कंजर्वेटिव पार्टी ने पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने लायक संघीय चुनाव में पर्याप्त सीटें जीतीं।
2012 नॉर्वेजियन चित्रकार एडवर्ड मंच के चित्र द स्क्रीम का एक पेस्टल संस्करण न्यूयॉर्क शहर में नीलामी में 120 मिलियन डॉलर में बिका। एक चित्र कला के लिए कीमत का यह उच्चतम विश्व रिकॉर्ड बना।
2015 सेंट मैरी अस्पताल, लंदन, इंग्लैंड में वेल्स की राजकुमारी चार्लोट (चार्लोट एलिजाबेथ डायना) का जन्म हुआ जो ब्रिटिश शाही परिवार की सदस्य हैं। वह वेल्स के राजकुमार विलियम और वेल्स की राजकुमारी कैथरीन की दूसरी संतान और एकमात्र बेटी हैं। वर्तमान किंग चार्ल्स तृतीय की पोती चार्लोट ब्रिटिश सिंहासन के उत्तराधिकार की पंक्ति में तीसरे स्थान पर है। इसी दिन माया प्लिस्त्स्काया, रूसी-लिथुआनियाई बैलेरीना, कोरियोग्राफर, अभिनेत्री और निर्देशक और रूथ रेंडेल, अंग्रेजी लेखक का निधन हुआ।
2016 अफेनी शकूर, अमेरिकी संगीत व्यवसायी, सामाजिक कार्यकर्ता और ब्लैक पैंथर का निधन हुआ।
2022 भारत के उच्चतम न्यायालय ने सोमवार को संविधान के अनुच्छेद 21 का हवाला देते हुए कहा कि किसी भी व्यक्ति को कोरोना रोधी टीकाकरण के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता। अदालत ने केंद्र से इस तरह के टीकाकरण के प्रतिकूल प्रभाव के आंकड़ों को सार्वजनिक करने के लिए कहा। पीठ ने सुझाव दिया कि जब तक कोविड संक्रमितों की संख्या कम है, तब तक सार्वजनिक क्षेत्रों में टीकाकरण नहीं करवाने वालों पर कोई पाबंदी नहीं होनी चाहिए। एक अन्य आदेश में उच्चतम न्यायालय ने बलवंत सिंह राजोआना की मौत की सजा को आजीवन कारावास में बदलने के अनुरोध पर सोमवार को केंद्र सरकार को दो महीने के भीतर फैसला लेने का निर्देश दिया। जुलाई 2007 में एक विशेष अदालत ने उसे पंजाब के मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की हत्या के मामले में मौत की सजा सुनाई थी। लगभग 26 साल से जेल में कैद होने के आधार पर उसने इस सजा को आजीवन कारावास में बदलने का अनुरोध किया था। जस्टिस उदय उमेश ललित की अध्यक्षता वाली पीठ ने कहा कि शीर्ष अदालत में अन्य सह-दोषियों की अपीलों का लंबित होना, राजोआना की याचिका पर फैसला लेने के आड़े नहीं आएगा। पंजाब पुलिस के पूर्व कांस्टेबल राजोआना को 31 अगस्त 1995 को पंजाब सिविल सचिवालय के बाहर हुए विस्फोट में संलिप्तता का दोषी ठहराया गया था। इस विस्फोट में बेअंत सिंह और 16 अन्य लोगों की मौत हो गई थी। खालिस्तान समर्थक बलवंत सिंह ने एक कार में विस्फोटक लगा दिया था जिसके फटने से मुख्यमंत्री बेअंत सिंह की मौत हो गई थी। इसी दिन कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ट्वीट किया, बिजली संकट। रोजगार संकट। किसान संकट। मुद्रास्फीति संकट। प्रधानमंत्री मोदी का 8 साल का कुशासन इस बात का एक उदाहरण है कि कैसे दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक को बर्बाद किया जाए। गांधी और उनकी कांग्रेस पार्टी ने बढ़ती महंगाई तथा बेरोजगारी को लेकर भारतीय जनता पार्टी नीत केन्द्र सरकार पर हमले तेज कर रखे हैं। लेकिन जनता की समस्याओं से ध्यान भटकाने के लिए सरकार और उसका पूरा प्रचार तंत्र जनता को अच्छे भविष्य के सपने दिखाए जा रहा है। इसी दिन महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना मनसे के अध्यक्ष राज ठाकरे ने पार्टी के कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा है कि कल (मंगलवार) रमजान ईद है। मुसलमानों को इस त्योहार को खुशी से मनाना चाहिए। इसलिए अक्षय तृतीया के पूर्व-निर्धारित कार्यक्रमों के अनुसार, कल आरती न करें। मनसे प्रमुख ठाकरे ने स्पष्ट किया कि मनसे किसी भी त्योहार को मनाने के लिए समस्या पैदा नहीं करेगी। राज ठाकरे ने एक ट्वीट में लिखा है, कल ईद है। कल मैंने औरंगाबाद की रैली में उसके बारे में बात की थी। मुस्लिम समाज का ये त्यौहार खुशी से मनाया जाना चाहिए, पहले तय हुआ था, उस तरह से अब आप अक्षय तृतीया के दिन कहीं भी आरती मत करें। हमें किसी के भी त्यौहार में बाधा नहीं डालनी है। लाउडस्पीकर का विषय धार्मिक नहीं सामाजिक है और उसके बारे में आगे क्या करना है, ये मैं कल ट्विटर पर बताऊंगा।
2023 पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंगलवार को आगामी लोकसभा चुनाव में केंद्र सरकार को सत्ता से हटाने के लिए देश की सभी गैर-भाजपा ताकतों से एकजुट होने का आह्वान किया है। मुख्यमंत्री ने एक वीडियो संदेश में कहा कि 2024 के चुनावों को परिवर्तन का चुनाव बनाने के लिए सभी विपक्षी ताकतों की एकता की तत्काल जरूरत है। बनर्जी ने यह वीडियो संदेश मुख्यमंत्री के रूप में अपने तीसरे कार्यकाल के दूसरे वर्ष की प्रतियोगिता पर किया है। बनर्जी ने अपने वीडियो संदेश में कहा, अगला लोकसभा चुनाव बदलाव के लिए होगा। यदि सभी विपक्षी दल एकजुट हो जाते हैं, तो भाजपा की हार निश्चित है। देश को बदलाव की जरूरत है। 2023 में विपक्षी एकता पर जोर देने वाली ममता बनर्जी कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल, आम आदमी पार्टी, समाजवादी पार्टी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी, शिवसेना उद्धव ठाकरे इत्यादि से बने इंडिया गठबंधन में ममता बनर्जी और उनकी पार्टी त्रणमूल कांग्रेस लोकसभा चुनाव 2024 में शामिल नहीं हैं। उनकी पार्टी पश्चिम बंगाल में अकेले चुनाव लड़ रही है। इसी दिन कांग्रेस ने कहा कि बैंकों का साढे तीन सौ करोड़ रुपए का गबन करने वाले संजय शेरपुरिया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम का इस्तेमाल करते हैं लेकिन आश्चर्य की बात यह है कि उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाती है। कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने मंगलवार को यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि इस व्यक्ति की चार दर्जन से ज्यादा शेल कंपनियां हैं और वह मोदी और देश के बड़े बड़े लोगों के नाम का इस्तेमाल करता है। इन बड़े लोगों को पैसे भी देता है। उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर जैसे संवेदनशील राज्य के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा के संजय शेरपुरिया से संबंध हैं और उससे उपराज्यपाल ने 25 लाख का लोन लिया हुआ है। यह वही शेरपुरिया है जिसकी कंपनी डूब गई है और उसने प्रधानमंत्री के नाम का इस्तेमाल करते हुए एसबीआई से 350 करोड़ का लोन लिया है। उसकी 52 शेल कंपनियों के साथ करीब 225 फर्जी ईमेल मिले हैं। खेड़ा ने कहा कि“संजय शेरपुरिया पूरी तरह से भाजपा के इकोसिस्टम में किस तरह घुसे हुए हैं। एसबीआई का डिफॉल्टर है और उसके घर के वाईफाई का पासवर्ड पीएमओ है। ईडी से सेटलमेंट के नाम पर ठगी करते हैं। यही नहीं, जनाब मोदी जी पर किताब भी लिख चुके हैं लेकिन मोदी जी को कुछ नहीं पता। इस शेरपुरिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर पुस्तक भी लिखी है और वह पूरी तरह से उनके नाम का इस्तेमाल करते हैं लेकिन आश्चर्य की बात यह है कि मोदी को इसकी कोई जानकारी नहीं है। इसी दिन एसएस राजामौली की तेलुगु ब्लॉकबस्टर फिल्म छत्रपति का ऑफिशियल हिंदी रीमेक का ट्रेलर रिलीज किया गया। श्रीनिवास बेल्लमकोंडा और नुसरत भरूचा अभिनीत फिल्म का ट्रेलर एक्शन और मनोरंजन की भरपूर बताई गई। फिल्म का निर्देशन वीवी विनायक ने किया है और स्क्रिप्ट एसएस राजामौली के पिता और अनुभवी लेखक वी विजयेंद्र प्रसाद ने लिखी है। अभिनेत्री नुसरत भरूचा ने कहा कि श्रीनिवास बेल्लमकोंडा के साथ काम करना एक अविश्वसनीय अनुभव था जो स्क्रीन पर सिर्फ एक स्वाभाविक है। मैं इस विशाल अखिल भारतीय पेशकश का हिस्सा बनकर बेहद खुश हूं। फिल्म प्रोमोटर्स ने कहा कि फिल्म छत्रपित दर्शकों को सीटी बजाने और हूटिंग करने के लिए उत्साहित है।
2024 डच फिगर स्केटर सजौक्जे डिज्कस्ट्रा, अमेरिकी बास्केटबॉल खिलाड़ी डेरियस मॉरिस एवं अंग्रेजी गोल्फर और प्रसारक पीटर ओस्टरहुइस का निधन हुआ।
2025 प्रसिद्ध फिलिपीनी अभिनेता और निर्देशक रिकी दावाओ और जाने माने अमेरिकी राजनेता, इलिनोइस के 39वें गवर्नर जॉर्ज रयान का निधन हुआ।
2026 ईरान ने पाकिस्तान में मध्यस्थों को 2026 के ईरान युद्ध को खत्म करने का प्रस्ताव भेजा, दूसरी ओर अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कांग्रेस को सूचित किया कि युद्ध समाप्त हो गया है। संयुक्त अरब अमीरात ने छह दशकों की सदस्यता के बाद आर्गनाइजेशन आफ दि पेट्रोलियम एक्सपोर्टिंग कंट्रीज ओपेक छोड़ दिया, इसे वैश्विक तेल राजनीति में एक महत्वपूर्ण बदलाव माना जा रहा है। जमात नुसरत अल-इस्लाम वल-मुस्लिमीन ने माली के किदाल क्षेत्र में एक अड्डे पर कब्जा कर लिया, जिसे माली और रूसी सेनाओं ने छोड़ दिया था। अंतरराष्ट्रीय श्रमिक दिवस पर दुनिया भर में बड़े पैमाने पर मजदूर मार्च, परेड, सभाएं, रैलियां, गोष्ठियां, सेमीनार और हड़तालें हुईं, जिनमें श्रमिकों के अधिकारों, वेतन दरों और एआई युग की कार्य स्थितियों पर मांगें प्रस्तुत की गईं। लंदन के वाटरलू प्लेस में स्ट्रीट आर्टिस्ट बैंक्सी की एक नई मूर्ति मिली।
जिंदगी जीने के लिए है, बिताने के लिए नहीं, इसका सामना करना है, इसे अपनी मर्जी से चलाना नहीं। जिंदगी शतरंज का खेल नहीं है, जिसमें जीत सबसे ज्यादा जानने वाले की होती है, यह तो ताश का खेल है, जिसमें अपने हुनर से अपने पत्तों का सबसे अच्छा इस्तेमाल करना होता है। -जेरोम क्लैपका जेरोम
(Disclaimer विशेष सूचना- हमने तथ्यों को यथासंभव जांचकर प्रस्तुत किया है। फिर भी किसी भूल के लिए हम क्षमाप्रार्थी होंगे। पाठक कृपया अपने स्तर पर भी तथ्यों को जांच-परख लें, साथ ही हमारा निवेदन है कि यदि आपको कोई त्रृटि दिखी तो कृपया हमें सूचित करें ताकि हम उसे सुधार सकें। आपकी प्रतिक्रियाएं, सुझाव, रचनाएं आमंत्रित हैं। धन्यवाद ! -संपादक - पीपुल्स फ्रैंड)
प्रस्तुति: एपी भारती (पत्रकार, संपादक पीपुल्स फ्रैंड, रुद्रपुर, उत्तराखंड)
कृपया देखिए हमारा हिंदी समाचार पोर्टल एक्सप्लेनर24.कॉम https://explainer24.com अपने सुझाव दीजिए ! धन्यवाद !
प्रेस / मीडिया विशेष - आप अपने समाचार, विज्ञापन, रचनाएं छपवाने, समाचार पत्र, पत्रिका पंजीयन, सोशल मीडिया, समाचार वेबसाइट, यूट्यूब चैनल, कंटेंट राइटिंग इत्यादि प्रेस/मीडिया विषयक कार्यों हेतु व्हाट्सऐप 9411175848 पर संपर्क करें।
#WorldHistoryofMay2 #JeromeKJerome #NigaarKhan #KumailNanjiani #LeonardodaVinci #SatyajitRay #JigmeDorjiWangchuck #Bhutan #PrincessCharlotteofWales #OPEC #CocaCola #Softdrink #IMF #Iran #Israel #Donaldtrump #War #Quotes #Thoughts #Motivation #Inspiration #Facts #Truth #Nature #Science #Politics #Economy #World #Business #jobs #Inflation #Uttarakhand #Rudrapur #Udhamsinghnagar #Peoplesfriend #Newspaper #APBharati #Journalism #Writing #Socialmedia #Viralphoto #Iran #Israel #War #Hormuz #IRGC #Donaltrump #explainer24.com #Newsportal #ICC #X #Lebanon #Pakistan #Ukraine #Russia #Sudan #Turkey #Iraq #Kuwait #UAE #EU #Bahrain #Oman #MiddleEastcrisis #MonaLisa









0 टिप्पणियाँ