समानताएँ लोगों को जोड़ती हैं। समान जमीन खोजने से जल्दी तालमेल बनता है और दोस्ती विकसित करने के लिए एक उपजाऊ माहौल बनता है। अरस्तू ने लिखा, हम उन्हें पसंद करते हैं जो हमारे जैसे दिखते हैं, और जो एक ही तरह के कामों में लगे होते हैं। ... हम उन्हें पसंद करते हैं जो हमारी तरह ही चीजें चाहते हैं। -जैक शेफर
41 ईस्वी में 24 जनवरी को प्रीटोरियन गार्ड ने क्लॉडियस को रोमन सम्राट घोषित किया गया। क्लॉडियस ने सत्ता पर काबिज होने के लिए इससे पहले रोमन सम्राट और अपने भतीजे कैलीगुला की हत्या कर दी थी।
76 ईस्वी में 24 जनवरी को इटालिका, हिस्पेनिया बेटिका, रोमन साम्राज्य (वर्तमान सैंटिपोंस, स्पेन) में हैड्रियन (पब्लियस एलियस हैड्रियनस) का जन्म हुआ। हैड्रियन 117 से 138 तक रोमन सम्राट रहा।
817 ईस्वी में 24 जनवरी को रोम, पापल स्टेट्स में स्टीफन चतुर्थ का जन्म हुआ। स्टीफन जून 816 से अपनी मृत्यु तक रोम के बिशप और पापल स्टेट्स के शासक और पोप रहे।
901 ईस्वी में 24 जनवरी को चीनी तांग राजवंश के अंत में एक हिजड़ा और शेन सेनाओं के शक्तिशाली कमांडर लियू जिशु का निधन हुआ। उसने 900 में सम्राट झाओजोंग को कुछ समय के लिए पदच्युत कर दिया था और सम्राट झाओजोंग के स्थान पर सम्राट झाओजोंग के बेटे ली यू, डे के राजकुमार को नियुक्त किया था, लेकिन जल्द ही एक जवाबी तख्तापलट में मारा गया, जिससे सम्राट झाओजोंग सिंहासन पर वापस आ गया।
914 ईस्वी में 24 जनवरी को मिस्र पर प्रथम फातिमिद आक्रमण की शुरुआत हुई।
1046 ईस्वी में 24 जनवरी को लुसाटिया के मार्ग्रोव, मीसेन के मार्ग्रोव, एकेहार्डिंग मार्ग्रोव वंश के अंतिम शासक एकार्ड द्वितीय का निधन हुआ। इसके बाद राजवंश भी समाप्त हो गया।
1287 बरी सेंट एडमंड्स, सफोक, इंग्लैंड के पास रिचर्ड डी बरी (रिचर्ड ऑंगरविले) का जन्म हुआ। रिचर्ड डी बरी प्रसिद्ध अंग्रेज पादरी, शिक्षक, बिशप, लेखक और किताबों के शौकीन बने।
1438 बेसल की परिषद ने पोप यूजीन चतुर्थ को निलंबित कर दिया। फ्लोरेंस की परिषद कैथोलिक चर्च द्वारा मान्यता प्राप्त सत्रहवीं परिषद है। तब सुलह आंदोलन और पोप सर्वोच्चता के सिद्धांत बड़ा संघर्ष चल रहा था।
1458 केवल 14 वर्ष की उम्र के राजकुमार मथायस कोर्विनस को सर्वसम्मति से हंगरी का राजा घोषित किया गया।
1536 इंग्लैंड के राजा हेनरी अष्टम घुड़सवारी करते समय दुर्घटना का शिकार हो गए जिससे उनके मस्तिष्क में चोट आई। कहा जाता है कि इससे हेनरी अष्टम मानसिक रूप से विक्षिप्त और शारीरिक रूप से नपुंसक हो गए।
1556 चीन के शानक्सी प्रांत में आए जबरदस्त भूकंप में लाखों लोगों की मौत हुई।
1667 ब्रिटेन और हालैंड के बीच ब्रेडा समझौता हुआ। जिसके तहत हालैंड ने अमरीका महाद्वीप में अपने उपनिवेशों पर नियंत्रण न रख पाने के कारण उन्हें ब्रिटेन के हवाले कर दिया।
1670 बार्डसे, इंग्लैंड में विलियम कांग्रेव का जन्म हुआ। विलियम कांग्रेव जाने माने अंग्रेजी नाटककार, व्यंग्यकार और कवि बने। उन्होंने अंग्रेजी कॉमेडी को आकार देने में एक बड़ी भूमिका निभाई, और साहित्यिक आलोचकों द्वारा उन्हें रेस्टोरेशन काल के सबसे महान नाटककारों में से एक माना जाता है। विलियम कांग्रेव का एक उद्धरण, डर अनिश्चितता से आता है। जब हम अपनी कीमत या बेकार होने के बारे में पूरी तरह निश्चित होते हैं, तो हम लगभग डर से अप्रभावित रहते हैं।
1722 एडवर्ड विगलेसवर्थ को प्रथम उत्तरी अमेरिकी दिव्यता प्राध्यापक नियुक्त किया गया।
1742 जर्मन नेताओं ने चार्ल्स सातवे को अल्बर्टा का सम्राट चुना।
1744 फिलीपींस में दगोहॉय विद्रोह जीयुसेप लैंबरटी की हत्या के साथ शुरू हुआ।
1776 कोनिग्सबर्ग जर्मनी में ई. टी. ए. हॉफमैन (अर्नस्ट थियोडोर एमेडियस हॉफमैन) का जन्म हुआ। ई. टी. ए. हॉफमैन विख्यात जर्मन रोमांटिक लेखक, फंतासी और गॉथिक हॉरर लेखक, न्यायविद, संगीतकार, संगीत समीक्षक और कलाकार हुए। ई. टी. ए. हॉफमैन ने अपना बहुचर्चित उपन्यास द नटक्रैकर एंड द माउस किंग लिखा जिस पर प्योत्र इल्यिच त्चिकोवस्की का बैले द नटक्रैकर आधारित है। ई. टी. ए. हॉफमैन का एक उद्धरण, मैं आपसे सीधे पूछता हूँ, प्रिय पाठक, क्या आपके जीवन में ऐसे घंटे, बल्कि पूरे दिन और सप्ताह नहीं रहे हैं, जब आपकी सभी सामान्य गतिविधियाँ दर्दनाक रूप से घृणित थीं, और आप जिस पर विश्वास करते थे और जिसे महत्व देते थे, वह सब मूर्खतापूर्ण और बेकार लगता था?
1797 विश्व विख्यात फ्रांसीसी लेखक और कवि अलफ्रेड डो.वीनी का जन्म हुआ।
1813 रॉयल फिलहारमोनिक सोसाइटी की स्थापना जे.बी. क्रेमर और डब्ल्यू. डांस जैसे संगीतकारों ने की। इसे अच्छी क्वालिटी के ऑर्केस्ट्रा और इंस्ट्रुमेंटल संगीत को बढ़ावा देने के लिए बनाया गया था। फिलहारमोनिक सोसाइटी प्राइवेट, सब्सक्रिप्शन-बेस्ड सोसाइटी थी, जिसने मशहूर बीथोवेन की नाइंथ सिम्फनी को कमीशन किया और 1913 में इसे रॉयल टाइटल मिला। वर्तमान में भी यह एक जानी-मानी म्यूजिक चैरिटी के तौर पर काम कर रही है।
1826 प्रथम भारतीय बैरिस्टर ज्ञानेंद्र मोहन टैगोर का जन्म हुआ। इंग्लैंड में बार में आमंत्रित किए जाने वाले पहले एशियाई ज्ञानेंद्रमोहन टैगोर थे।
1835 ब्राजील के साल्वाडोर दा बाहिया में दासों ने विद्रोह किया जिसे सरकार ने बलपूर्वक कुचल दिया। अगले 50 साल आंदोलन चला जिसमें हजारों दास मारे गए लेकिन अंततोगत्वा गुलामी की व्यवस्था खत्म हुई।
1848 जेम्स डब्ल्यू मार्शल ने कैलिफोर्निया के कोलोमा में सटर मिल में सोने की खोज की।
1857 यूनिवर्सिटी ऑफ कलकत्ता की स्थापना की गई। भारत में ब्रिटिश सरकार के शिक्षा सचिव फ्रेडरिक जॉन ने लंदन में सबसे पहले लंदन विश्वविद्यालय की तर्ज पर कलकत्ता में एक विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए एक प्रस्ताव दिया था। जुलाई 1854 में ईस्ट इंडिया कंपनी के निदेशक मंडल ने कलकत्ता, मद्रास और बॉम्बे में विश्वविद्यालय स्थापित करने के लिए भारत के गवर्नर जनरल को वुड्स डिस्पैच के नाम से एक डिस्पैच भेजा। कलकत्ता विश्वविद्यालय अधिनियम 24 जनवरी 1857 को लागू हुआ और विश्वविद्यालय के नीति-निर्माण निकाय के रूप में 41 सदस्यीय सीनेट का गठन किया गया। विश्वविद्यालय के लिए भूमि महाराजा महेश्वर सिंह बहादुर दरभंगा के महाराजा ने दी। जब विश्वविद्यालय की पहली बार स्थापना हुई थी, तो इसका अधिकार क्षेत्र काबुल से रंगून और सीलोन तक था, जो किसी भी भारतीय विश्वविद्यालय से सबसे बड़ा था। कलकत्ता विश्वविद्यालय स्वेज के पूर्व में यूरोपीय क्लासिक्स, अंग्रेजी साहित्य, यूरोपीय, भारतीय दर्शन, पाश्चात्य और प्राच्य इतिहास पढ़ाने वाला पहला विश्वविद्यालय था। ब्रिटिश भारत में पहला मेडिकल स्कूल, कलकत्ता मेडिकल कॉलेज, 1857 में विश्वविद्यालय से संबद्ध था। भारत में महिलाओं के लिए पहला कॉलेज बेथ्यून कॉलेज भी विश्वविद्यालय से संबद्ध है।
1859 राजकुमार एलेक्जेंड्रो इयोन कुजा के अधीन कुछ रोमानियाई रियासतों का एकीकरण हुआ। इसकी स्मृति में रोमानिया में रोमानियाई रियासतों के एकीकरण का दिवस या लिटिल यूनियन डे (रोमानियाई भाषा में जिउआ मिसी यूनिरी) मनाया जाता है। यह रोमानिया का एक सार्वजनिक अवकाश है जो हर 24 जनवरी को रोमानियाई रियासतों (मोल्दाविया और वालाचिया) के एकीकरण की याद में मनाया जाता है।
1862 बुखारेस्ट शहर को रोमानिया की राजधानी बनाया गया। इसी दिन 1862 में न्यूयॉर्क में एडिथ न्यूबोल्ड व्हार्टन का जन्म हुआ। एडिथ व्हार्टन प्रसिद्ध अमेरिकी लेखिका और डिजाइनर बनीं। व्हार्टन ने न्यूयॉर्क के उच्च-वर्ग के अमीर लोगों के बारे में अपनी अंदरूनी जानकारी का इस्तेमाल करके, गिल्डेड एज के जीवन और नैतिकता को असलियत में दिखाया। 1921 में वह अपने उपन्यास द एज ऑफ इनोसेंस के लिए फिक्शन का पुलित्जर पुरस्कार जीतने वाली पहली महिला बनीं। एडिथ व्हार्टन का एक उद्धरण, रोशनी फैलाने के दो तरीके हैं, मोमबत्ती बनना या वह आईना बनना जो उसे दिखाता है।
1864 पेरिस, फ्रांसीसी साम्राज्य में मार्गुराइट डूरंड का जन्म हुआ। मार्गुराइट डूरंड प्रसिद्ध फ्रांसीसी रंगमंच अभिनेत्री, पत्रकार और एक प्रमुख मताधिकारवादी बनीं। उन्होंने अपना खुद का अखबार ला फ्रोंडे प्रकाशित किया और चुनाव के लिए खड़ी हुईं। उन्हें एक पालतू शेर रखने के लिए भी जाना जाता है। फ्रांस में महिलाओं के मताधिकार आंदोलन में उनके योगदान के लिए बिब्लियोथेक मार्गुराइट डूरंड का नाम उनके सम्मान में रखा गया था। मार्गुराइट डूरंड ने नेपोलियोनिक कानून का विरोध करते हुए कहा था, ऐसी कोई औरत नहीं है जिसे इस कोड को कोसना नहीं चाहिए। ऐसी कोई औरत नहीं है, चाहे अमीर हो या गरीब, बड़ी औरत हो या मजदूर, जिसने अपनी गरीबी या अमीरी में, अपने बारे में, अपने बच्चों के बारे में, अपने काम या अपने खाली समय के बारे में, इस कोड की वजह से दुख न झेला हो या दुख न झेलेगी। अपने समर्थकों की भीड़ को संबोधित करते हुए मार्गुराइट डूरंड ने कहा, आप लोग जो भीड़ बनकर मेरा जय-जयकार करते हैं, जान लें कि मेरा सम्मान करने का सबसे अच्छा तरीका... बीस मिलियन फ्रांसीसी महिला गुलामों को बीस मिलियन संप्रभु बनाना है।
1914 नेताजी सुभाष चंद्र बोस की आजाद हिंद फौज के अफसर और स्वतंत्रता सेनानी मेजर जनरल शाह नवाज खान का जन्म मटोर, पाकिस्तान में हुआ।
1916 सैन फेलिप, वेनेजुएला में राफेल एंटोनियो काल्डेरा रोड्रिग्ज, का जन्म हुआ। राफेल काल्डेरा वेनेजुएला के प्रभावशाली राजनेता और शिक्षाविद और दो बार 5-5 साल के लिए लोकतांत्रिक रूप से राष्ट्रपति चुने गए। राफेल काल्डेरा के दो उद्धरण, हमारे सामने कड़ी मेहनत का भविष्य है, लेकिन उम्मीद का भविष्य भी है, वे साल जिनमें वेनेजुएला में राजनीति की दिशा बदलनी है, ताकि देश का नैतिक, सामाजिक और भौतिक व्यवस्था पर पुनर्निर्माण किया जा सके जो लोकतंत्र को गहरा करेगा और विकास की प्रक्रिया को फिर से शुरू करेगा। और, हमें शांति चाहिए, हम मानते हैं कि शांति, एक प्रतिष्ठित पोप के शब्दों में, न्याय का काम है, हम स्वीकार करते हैं कि राष्ट्रों और समूहों के बीच मौजूदा संबंध जरूरी नहीं कि शांति को बढ़ावा दें, बल्कि अक्सर ऐसे संघर्षों को भड़काते हैं जो लोगों के बीच दोस्ती और सहयोग में बाधा डालते हैं।
1924 पितौंझिया, बिहार में कर्पूरी ठाकुर का जन्म हुआ। कर्पूरी ठाकुर पहले सोशलिस्ट पार्टी फिर भारतीय क्रांति दल, जनता पार्टी और आखिर में लोकदल के नेता हुए। कर्पूरी ठाकुर ने बिहार के 11वें मुख्यमंत्री के रूप में दो कार्यकाल पूरे किए, पहले दिसंबर 1970 से जून 1971 तक और फिर जून 1977 से अप्रैल 1979 तक। वे जन नायक (जनता का नायक) कहे गए। 26 जनवरी 2024 को, उन्हें भारत सरकार द्वारा मरणोपरांत भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान, भारत रत्न से सम्मानित किया गया। इसकी घोषणा भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 23 जनवरी 2024 को की। यह केंद्र की मोदी सरकार ने लोक सभा चुनाव 2024 में राजनीतिक लाभ के लिए किया। कर्पूरी ठाकुर का कहना था, हक चाहिए तो लड़ना सीखो, कदम-कदम पर अड़ना सीखो, जीना है तो मरना सीखो। 1924 में इसी दिन सोवियत संघ में सैंट पीटर्सबर्ग यानी पेट्रोग्राद का नाम बदलकर लेनिनग्राद कर दिया गया। ऐसा दुनिया की महान समाजवादी क्रांति के नेतृत्वकर्ता व्लादीमीर इल्यिच लेनिन की मौत के बाद किया गया।
1927 आपकी कसम, आशिक हूं बहारों का, आखिर क्यों ? और आक्रमण जैसी लोकप्रिय फिल्में बनाने वाले मशहूर फिल्मकार जय ओम प्रकाश का जन्म लाहौर में हुआ।
1935 आदि वरापुपेटा, आंध्र प्रदेश में सत्यराजू अल्लाका का जन्म हुआ जो शिवबालयोगी के नाम से जाने गए, योगी और आध्यात्मिक गुरु बने। शिवबालयोगी ने श्रीलंका, इंग्लैंड, अमेरिका में सार्वजनिक ध्यान कार्यक्रम चलाए।
1936 अलबर्ट सैरुएट फ्रांस के प्रधानमंत्री बने।
1939 चिली में आये भूकंप से लगभग 50 हजार लोग मरे।
1943 हिंदी फिल्मों के प्रसिद्ध निर्माता-निर्देशक सुभाष घई का जन्म हुआ।
1947 दिमित्रियो मैक्सिमोज ने एथेंस में राजतंत्रीय सरकार की स्थापना की।
1950 संविधान सभा ने राजेंद्र प्रसाद को भारत का पहला राष्ट्रपति चुना। रबींद्रनाथ टैगोर रचित जन-गण-मन को आधिकारित रूप से 1950 में भारत के राष्ट्रगान का दर्जा दिया गया। 1950 में इसी दिन संयुक्त प्रांत का नाम बदलकर उत्तर प्रदेश कर दिया गया। मई 2017 में उत्तर प्रदेश सरकार ने हर साल 24 जनवरी को यूपी दिवस मनाने की घोषणा की।
1951 भारत की पहली महिला कमर्शियल पायलट प्रेम माथुर बनीं।
1952 बंबई में पहले अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का आयोजन हुआ।
1955 बिहार के प्रमुख नेता, लोकसभा सदस्य और जनता दल यूनाइटेड के अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह का पटना में जन्म हुआ।
1958 प्रसिद्ध हिंदी साहित्यकार चंद्रबली पांडेय का निधन हुआ।
1959 भारतीय विदेश सेवा के जाने माने अधिकारी विजय केशव गोखले का जन्म हुआ।
1960 सिंगापुर के प्रमुख बैंकर पीयूष गुप्ता का जन्म मेरठ, उत्तर प्रदेश में हुआ।
1961 हॉलीवुड की सुपर स्टार मर्लिन मुनरो का अपने तीसरे पति आर्थर मिलर से तलाक हुआ दोनों की शादी पांच साल भी नहीं चली। मुनरो को सैक्स सिंबल और अमेरिकी सिनेमा में सैक्स क्रांति लाने वाली अभिनेत्री के तौर पर जाना चाहता है। उनकी खूबसूरती के दीवाने राष्ट्रपति जाॅन फिटजेराल्ड कैनेडी से लेकर दुनिया भर के करोड़ों लोग थे।
1965 अत्यधिक प्रभावशाली ब्रिटिश अंग्रेजी राजनेता, सैनिक और लेखक और यूनाइटेड किंगडम के प्रधानमंत्री, नोबेल पुरस्कार विजेता विंस्टन चर्चिल का निधन हुआ।
1966 एयर इंडिया का बोइंग आल्पस में दुर्घटनाग्रस्त हुआ जिसमें डॉ. होमी भाभा सहित 117 लोग मारे गये। भाभा का जन्म 30 अक्टूबर 1909 को मुंबई के एक अमीर पारसी परिवार में हुआ था। भाभा न केवल वैज्ञानिक थे, बल्कि बहुमुखी प्रतिभा संपन्न व्यक्ति थे। नोबेल पुरस्कार विजेता सीवी रमन उन्हें भारत का लियोनार्दो द विंची कहकर बुलाते थे। 24 जनवरी 1966 को जिस विमान हादसे में उनकी मौत हुई वह मुंबई से न्यूयॉर्क जा रहा था। लेकिन अमेरिका पहुंचने से पहले ही यह विमान यूरोप के आलप्स माउंटेन रेंज में क्रैश हो गया। माना जाता है कि होमी जहांगीर भाभा की मौत के पीछे अमेरिकी खुफिया एजेंसी सीआईए का हाथ था। भारत के न्यूक्लियर एनर्जी प्रोग्राम को रोकने के लिए भाभा की मौत की साजिश रची गई थी। हादसे के 42 साल बाद 2008 में एक दावा किया गया। विदेशी पत्रकार ग्रेगरी डगलस की एक किताब कन्वर्सेशन विद द क्रो में डगलस और सीआईए अफसर रॉबर्ट क्रॉउली के बीच बातचीत का अंश है। इसी में डगलस ने होमी जहांगीर भाभा की मौत के पीछे सीआईए का हाथ होने का दावा किया था। डगलस के मुताबिक 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में भारत की जीत से अमेरिका बेचैन हो गया था। भारत की बढ़ती परमाणु ताकत को देखकर अमेरिका की चिंता बढ़ गई थी। सीआईए ऑफिसर रह चुके रॉबर्ट क्रॉउली ने भाभा के प्लेन को बम से उड़ाए जाने की बात कही थी। विमान हादसे के तीन महीने पहले भाभा की एक घोषणा ने दुनिया के बड़े देशों की चिंता बढ़ा दी थी। भाभा ने ऑल इंडिया रेडियो पर घोषणा करते हुए कहा था कि अगर उन्हें छूट मिले, तो वे 18 महीने में एटम बम बनाकर दिखा सकते हैं। होमी जहांगीर भाभा हमेशा देश की सुरक्षा, ऊर्जा, कृषि और औष्धि के क्षेत्र में न्यूक्लियर एनर्जी के डेवलपमेंट का जिक्र करते थे। वे देश के विकास के लिए इसे जरूरी मानते थे। कहते हैं कि अगर उनका विमान क्रैश नहीं होता, तो भारत न्यूक्लियर साइंस के क्षेत्र में कई उपलब्धियां बहुत पहले हासिल कर सकता था। होमी भाभा भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के काफी नजदीक थे। साथ ही दुनिया के उन चुनिंदा लोगों में से थे जो उन्हें भाई कहकर पुकारते थे। भाभा 1950 से 1966 तक परमाणु ऊर्जा आयोग के अध्यक्ष थे। तब वे भारत सरकार के सचिव भी हुआ करते थे। कहते हैं कि सादगी पसंद भाभा कभी भी अपने चपरासी को अपना ब्रीफकेस नहीं उठाने देते थे।
1970 रोम, इटली में कैरेस क्रॉस्बी (मैरी फेल्प्स जैकब, जन्म 20 अप्रैल, 1892 न्यूयॉर्क शहर) का निधन हुआ। कैरेस क्रॉस्बी अमेरिकी प्रकाशक और लेखिका और पहली आधुनिक ब्रा की आविष्कारक बनीं। टाइम मैग्जीन ने कैरेस क्रॉस्बी को पेरिस में रहने वाले प्रवासी लेखकों की लॉस्ट जेनरेशन की साहित्यिक गॉडमदर कहा। कला की अमेरिकी संरक्षक के रूप में कैरेस क्रॉस्बी और उनके दूसरे पति हैरी क्रॉस्बी ने ब्लैक सन प्रेस की स्थापना की, जिसने कई लेखकों के शुरुआती लेखन को प्रकाशित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जो बाद में प्रसिद्ध हुए। कैरेस क्रॉस्बी का एक उद्धरण, मैं यह नहीं कह सकती कि ब्रा इतिहास में स्टीमबोट जितनी बड़ी जगह बना पाएगी, लेकिन मैंने इसका आविष्कार किया था।
1972 महाराष्ट्र में भाजपा नेता और विधायक राम कदम का जन्म लातूर में हुआ।
1978 लॉन्गमोंट, कोलोराडो, अमेरिका में क्रिस्टन जॉय शाल का जन्म हुआ। क्रिस्टन शाल लोकप्रिय, खूबसूरत, बोल्ड अमेरिकी अभिनेत्री, हास्य कलाकार और लेखिका हैं। क्रिस्टन शाल अपनी विशिष्ट ऊँची, बच्चों जैसी आवाज के लिए जानी जाती हैं। उन्होंने बॉब्स बर्गर्स में लुईस बेल्चर की और ग्रेविटी फॉल्स में मेबल पाइंस की आवाज दी। क्रिस्टन शाल ने सैक्स पर खूब बोला है और अक्सर अपने वक्तव्यों में सैक्सी शब्दों का प्रयोग किया है। क्रिस्टन शाल ने कहा, जैसा कि आप देख सकते हैं, मैं कई भाषाएँ बोलती हूँ, जिसमें सेक्स की भाषा भी शामिल है।
1980 कन्नड़ फिल्मों के लोकप्रिय अभिनेता अजय राव का जन्म हुआ।
1981 त्रिपुरा के राजा भरत देव वर्मा के राजघराने में जन्मी रिया सेन जानी मानी फिल्म अभिनेत्री और माॅडल हैं। रिया सेन पूर्व अभिनेत्री सुचित्रा सेन की पोती और जानी मानी अभिनेत्री मुनमुन सेन की बेटी हैं।
1982 जाने माने फिल्मकार महेश भट्ट के बेटे अभिनेता और बाॅडी फिटनेश ट्रेनर राहुल भट्ट का जन्म बंबई में हुआ।
1983 डी. इम्मान के नाम से मशहूर दक्षिण भारतीय सिनेमा के प्रमुख संगीतकार इमेनुएल वसंत दिनाकरण का मद्रास में जन्म हुआ।
1984 स्टीव जॉब्स की कंपनी एपल ने मैकंटोश कम्यूटर बाजार में उतारा।
1986 जानी मानी खूबसूरत, बोल्ड फिल्म एवं टीवी अभिनेत्री तथा माॅडल रुचा गुजराती का जन्म हुआ।
1989 पेरू में सोने की खान में 125 से अधिक मजदूर फँस गये।
1990 जापान ने पहला लूनर प्रोब लॉन्च किया।
1991 लिथुआनिया गणराज्य ने सोवियत संघ के सैनिकों को हटाने की मांग की। 1991 में इसी दिन सांता फे, न्यू मैक्सिको में जैक वार्नर शेफर (जन्म 19 नवंबर 1907 क्लीवलैंड, ओहियो) का निधन हुआ। जैक शेफर जाने माने अमेरिकी लेखक और कहानीकार थे। उनका सबसे मशहूर उपन्यास शेन है, जिसे वेस्टर्न राइटर्स ऑफ अमेरिका ने सबसे महान वेस्टर्न उपन्यास माना है और 1964 की बच्चों की किताब स्टबी प्रिंगल क्रिसमस को भी। जैक शेफर का एक उद्धरण, लोग उन व्यक्तियों और चीजों की ओर आकर्षित होते हैं जिन्हें वे आसानी से हासिल नहीं कर सकते। चीजों के मामले में, लोग किसी पसंदीदा चीज की ओर ज्यादा आकर्षित होते हैं क्योंकि वह उनकी पहुँच से बाहर होती है। जब इच्छा की वस्तु आखिरकार मिल जाती है, तो उस वस्तु के प्रति आकर्षण तेजी से कम हो जाता है।
1993 अंतरिक्ष यान सोयूज टी.एम. 16 प्रक्षेपित किया गया।
1996 अमेरिकी इतिहास में पहली बार देश की प्रथम महिला हिलेरी क्लिंटन को न्यायालय में पेश होने का आदेश दिया गया।
2000 चुनावों में दलितों का आरक्षण 10 वर्ष तक बढ़ाने हेतु संविधान के 79वें संशोधन को राष्ट्रपति की मंजूरी मिली।
2002 संयुक्त राष्ट्र महासचिव कोफी अन्नान इस्लामाबाद पहुँचे, भारत और पाकिस्तान के बीच मध्यस्ता की पेशकश की। भारत में काम कर रही अमेरिकी बिजली कंपनी एनरान के अध्यक्ष केनेथ ली ने इस्तीफा दिया। इसी दिन भारतीय उपग्रह इनसेट-3सी सफलतापूर्वक अपनी कक्षा में स्थापित किया गया।
2003 फ्रांस और भारत के बीच प्रत्यर्पण संधि हुई।
2004 गुजरे साल 2003 में लॉन्च किए गए रोबोटिक रोवर अपॉर्चुनिटी की मंगल ग्रह पर लैंडिग हुई।
2005 गणतंत्र दिवस समारोह 2005 के मुख्य अतिथि भूटान नरेश जिग्मे सिंघे वांगचुक भारत पहुँचे। इसी दिन आंध्र प्रदेश के तेलगुदेशम के विधायक परिताला रवि की गोली मारकर हत्या करा दी गयी।
2008 उत्तर प्रदेश में सैनिटेशन पॉलिसी के लिए टास्क फोर्स गठित हुई। इसी दिन पूर्व थल सेना अध्यक्ष जे.जे. सिंह को अरुणाचल प्रदेश का राज्यपाल बनाया गया। इसी दिन अफगानिस्तान की एक अदालत ने एक पत्रकार को इस्लाम का अपमान करने के मामले में सजा-ए-मौत की सजा सुनाई। इसी दिन पाकिस्तानी सेना ने दक्षिणी वजीरिस्तान में अफगान सीमा के निकट आतंकवादियों के साथ भीषण संघर्ष में तीन इलाकों को मुक्त कराया।
2008 राष्ट्रीय बालिका दिवस मनाने की घोषणा की गई। इस दिन बालिकाओं के हित में चर्चा, परिचर्चा और अन्य कल्याणकारी कार्यों हेतु तय किया गया। इस दिन 1966 में श्रीमती इंदिरा गांधी ने पहली बार भारत के प्रधानमंत्री का पदभार ग्रहण किया गया था इसलिए 24 जनवरी का दिन बालिकाओं को समर्पित बालिका दिवस मनाने का निर्णय लिया गया। इसी दिन शाम साढ़े पांच बजे दिल्ली के सर गंगा राम हास्पिटल में भारत की प्रथम महिला रहीं (राष्ट्रपति के.आर.नारायणन की पत्नी) ऊषा नारायणन का निधन हुआ।
2010 वर्ष 2008 के लिए 56वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों की घोषणा की गई। फिल्म अंतहीन को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म, मराठी अभिनेता उपेंद्र लिमये को सर्वश्रेष्ठ अभिनेता और अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा को सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री चुना गया। श्रीबाला को तमिल फिल्म नान कादाउद के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशक पुरस्कार के लिए चुना गया। फरहान अख्तर की फिल्म रॉक ऑन को सर्वश्रेष्ठ हिंदी फिल्म का राष्ट्रीय पुरस्कार मिला।
2011 मॉस्को के डोनोडिडोवो हवाई अड्डे पर हुए बम विस्फोट से 40 लोग मरे, 200 से अधिक घायल हुए। 2011 में इसी दिन भारत रत्न से सम्मानित भारत के प्रसिद्ध शास्त्रीय गायक पंडित भीमसेन जोशी का निधन हुआ।
2014 प्रसिद्ध इजरायली वकील और राजनीतिज्ञ, 11वें इजरायली शिक्षा मंत्री शुलमित अलोनी का निधन हुआ। 2014 में इसी दिन होंडुरास के प्रसिद्ध अकादमिक और राजनीतिज्ञ राफेल पिनेडा पोंस का निधन हुआ।
2016 प्रसिद्ध जर्मन-नार्वेजियन मानवविज्ञानी और अकादमिक फ्रेड्रिक बार्थ, प्रसिद्ध अमेरिकी कंप्यूटर वैज्ञानिक और अकादमिक मार्विन मिंस्की एवं अंग्रेजी कर्नल और खोजकर्ता हेनरी वॉर्स्ली का निधन हुआ।
2017 प्रसिद्ध अमेरिकी ड्रमर बुच ट्रक्स का निधन हुआ।
2018 पूर्व डॉक्टर लैरी नासर को महिला जिमनास्टों का यौन शोषण करने के लिए अपने पद का इस्तेमाल करने का दोषी पाए जाने के बाद 175 साल तक की जेल की सजा सुनाई गई। लॉरेंस जेरार्ड नासर कुख्यात अमेरिकी सीरियल चाइल्ड रेपिस्ट और पूर्व पारिवारिक चिकित्सा चिकित्सक हैं। 1996 से 2014 तक, वह संयुक्त राज्य अमेरिका की महिला राष्ट्रीय जिमनास्टिक टीम के टीम डॉक्टर थे, जहाँ उन्होंने खेल इतिहास के सबसे बड़े यौन शोषण कांड के तहत सैकड़ों युवा एथलीटों का शोषण और यौन उत्पीड़न करने के लिए अपने पद का इस्तेमाल किया। इसी दिन विख्यात ब्रिटिश गायक-गीतकार मार्क ई. स्मिथ का निधन हुआ।
2019 संयुक्त राष्ट्र के तत्वावधान में पहला अंतर्राष्ट्रीय शिक्षा दिवस मनाया गया। संयुक्त राष्ट्र महासभा ने 3 दिसंबर, 2018 को वैश्विक शांति और सतत विकास लक्ष्य हासिल करने में शिक्षा की भूमिका के महत्व के आलोक में 24 जनवरी को अंतर्राष्ट्रीय शिक्षा दिवस के रूप में घोषित करने का एक प्रस्ताव अपनाया। इसी दिन रोजमेरी ब्रायंट मेरिनर, अमेरिकी यूनाइटेड स्टेट्स नेवल एविएटर का निधन हुआ।
2022 अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने सोमवार को फॉक्स न्यूज के एक संवाददाता द्वारा महंगाई के मुद्दे पर किए गए सवाल के जवाब में अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। बाइडेन प्रतिस्पर्धा परिषद की बैठक के लिए व्हाइट हाउस के पूर्वी कक्ष में थे। बैठक के बाद फॉक्स न्यूज के पीटर डूसी ने बाइडेन से पूछा कि क्या मुद्रास्फीति से राष्ट्रपति की लोकप्रियता को नुकसान पहुंचा है ? इस पर बाइडेन ने व्यंग्य के लहजे में जवाब दिया, यह एक बड़ी संपत्ति है... अधिक मुद्रास्फीति। इसके बाद उन्होंने धीमे से मुड़कर पीछे जाते हुए कहा, कैसा, बेवकूफ कुत्ते का पिल्ला है। उनकी यह बात उनके सामने लगे माइक्रोफोन के जरिये सामने मौजूद पत्रकारों द्वारा सुन ली गई। अमेरिका में तब मुद्रास्फीति 40 साल के उच्चतम स्तर पर थी। जनता महंगाई से त्रस्त है। राष्ट्रपति बिडेन के इस व्यवहार पर उनकी जमकर आलोचना हुई। इसी दिन औगाडोउगोउ में पश्चिम अफ्रीकी देश बुर्किना फासो के सरकारी टेलीविजन पर सोमवार को 10 से अधिक विद्रोही सैनिकों ने घोषणा की कि देश पर अब जुंटा यानी सेना का नियंत्रण है। इससे पहले बुर्किना फासो के राष्ट्रपति रोच मार्क क्रिश्चियन काबोरे को बागी सैनिकों ने बंधक बना लिया था। यह पिछले 18 महीने में तीसरा पश्चिमी अफ्रीकी देश है, जहां इस्लामी चरमपंथी हमलों से निपटने के सरकार के तौर-तरीकों को लेकर सेना ने तख्तापलट किया है। कैप्टन सिदसोरे कबेर औएद्राओगो ने कहा कि गहराते इस्लामी विद्रोह और संकट से निपटने में राष्ट्रपति की अक्षमता की वजह से बिगड़ती सुरक्षा स्थिति के कारण सैनिक काबोरे के राष्ट्रपति कार्यकाल को समाप्त कर रहे हैं। जुंटा के प्रवक्ता ने कहा कि केवल तख्तापलट किया गया है, गिरफ्तार किए गए लोगों को किसी प्रकार की कोई चोट नहीं पहुंचाई गई, उन सभी को सम्मान के साथ सुरक्षित स्थान पर रखा गया है।
2023 बॉलीवुड की 1990 के दशक की मशहूर अभिनेत्री, माडल और राजनीतिक कार्यकत्री उर्मिला मातोंडकर मंगलवार को सुबह कड़ाके की ठंड में जम्म्ू के नगरोटा से आगे बढ़ी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुईं। मातोंडकर कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह करीब 8 बजे सैन्य अड्डे के समीप शुरू हुई पदयात्रा में राहुल के साथ शामिल हुईं। उनका स्वागत करने के लिए सड़क के किनारे कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक खड़े थे। क्रीम रंग के पारंपरिक कश्मीरी फेरन और सिर पर स्कार्फ पहने हुए मातोंडकर ने राहुल गांधी से बातचीत करते हुए आगे बढ़ीं। इस सफर में प्रख्यात लेखक पेरुमल मुरुगन तथा जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष विकार रसूल वानी, उनके पूर्ववर्ती जी ए मीर और पूर्व मंत्री तारिक हामिद कर्रा भी तिरंगा लेकर सैकड़ों लोगों के साथ पदयात्रा करते नजर आए।
2024 रूस के कोरोचांस्की जिले में एक इल्यूशिन आईएल-76 विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार सभी 74 लोगों की मौत हो गई।
2025 जाने माने अमेरिकी तैराक और एविएटर आइरिस कमिंग्स का निधन हुआ। शिक्षा एक बुनियादी मानव अधिकार है और हर व्यक्ति के लिए अपनी पूरी क्षमता तक पहुँचने और समाजों और अर्थव्यवस्थाओं के विकास और समृद्धि के लिए एक आवश्यक आधारशिला है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को कभी भी सीखने के आवश्यक मानवीय तत्वों की जगह नहीं लेनी चाहिए। -एंटोनियो गुटेरेस (संयुक्त राष्ट्र महासचिव अंतरराष्ट्रीय शिक्षा दिवस 2025 के अवसर पर अपने संदेश में)
2026 नोबेल पुरस्कार विजेता अर्थशास्त्री अमर्त्य सेन ने पश्चिम बंगाल में चल रही स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन प्रक्रिया को लेकर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया अनुचित जल्दबाजी में की जा रही है, जिससे लोकतांत्रिक भागीदारी प्रभावित हो सकती है। 92 वर्षीय अमर्त्य सेन ने बोस्टन, अमेरिका से समाचार एजेंसी पीटीआई को दिए साक्षात्कार में कहा कि मतदाता सूची का गहन पुनरीक्षण तभी लोकतंत्र को मजबूत करता है, जब उसे पर्याप्त समय और सावधानी के साथ किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पश्चिम बंगाल में इस समय ये दोनों शर्तें पूरी नहीं हो रही हैं। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने अपने 2026 के अंतर्राष्ट्रीय शिक्षा दिवस के संदेश में कहा है कि, शिक्षा एक मानवाधिकार है, और यह बेहतर अवसरों, गरिमा और शांति का रास्ता है। फिर भी, दुनिया भर में 272 मिलियन बच्चे और युवा गरीबी, भेदभाव, संघर्ष, विस्थापन और आपदाओं के कारण शिक्षा से वंचित हैं।
(Disclaimer विशेष सूचना- हमने तथ्यों को यथासंभव जांचकर प्रस्तुत किया है। फिर भी किसी भूल के लिए हम क्षमाप्रार्थी होंगे। पाठक कृपया अपने स्तर पर भी तथ्यों को जांच-परख लें, साथ ही हमारा निवेदन है कि यदि आपको कोई त्रृटि दिखी तो कृपया हमें सूचित करें ताकि हम उसे सुधार सकें। आपकी प्रतिक्रियाएं, सुझाव, रचनाएं आमंत्रित हैं। धन्यवाद ! -संपादक - पीपुल्स फ्रैंड)
प्रस्तुति: एपी भारती (पत्रकार, संपादक पीपुल्स फ्रैंड, रुद्रपुर, उत्तराखंड)
कृपया हमारी Facebook Profile https://www.facebook.com/ap.bharati.journalist देखिए, अपने सुझाव दीजिए ! धन्यवाद !
प्रेस / मीडिया विशेष - आप अपने समाचार, विज्ञापन, रचनाएं छपवाने, समाचार पत्र, पत्रिका पंजीयन, सोशल मीडिया, समाचार वेबसाइट, यूट्यूब चैनल, कंटेंट राइटिंग इत्यादि प्रेस/मीडिया विषयक कार्यों हेतु व्हाट्सऐप 9411175848 पर संपर्क करें।









0 टिप्पणियाँ