अंततः हमारा शत्रु भी एक नए युग में प्रवेश करता है
अपने जूतों कपड़ों और मोबाइलों के साथ
वह एक सदी का दरवाजा खटखटाता है
और उसके तहखाने में चला जाता है
जो इस सदी और सहस्राब्दी की ही तरह अथाह और अज्ञात है
वह जीत कर आया है और जानता है कि उसकी लड़ाइयाँ बची हुई हैं
हमारा शत्रु किसी एक जगह नहीं रहता
लेकिन हम जहाँ भी जाते हैं पता चलता है वह और कहीं रह रहा है
अपनी पहचान को उसने हर जगह अधिक घुला-मिला दिया है
जो लोग ऊँची जगहों में भव्य कुर्सियों पर बैठे हुए दिखते हैं
वे शत्रु नहीं सिर्फ उसके कारिंदे हैं
जिन्हें वह भर्ती करता रहता है
ताकि हम उसे खोजने की कोशिश न करें
वह अपने को कंप्यूटरों टेलीविजनों मोबाइलों
आइपैडों की जटिल आँतों के भीतर फैला देता है
किसी महँगी गाड़ी के भीतर उसकी छाया नजर आती है
लेकिन वहाँ पहुँचने पर दिखता है वह वहाँ नहीं है
बल्कि किसी दूसरी और ज्यादा नई गाड़ी में बैठ कर चल दिया है
कभी लगता है वह किसी फैशन परेड में शिरकत कर रहा है
लेकिन वहाँ सिर्फ बनियानों और जाँघियों का ढेर दिखाई देता है
हम सोचते हैं शायद वह किसी गरीब के घर पर हमला करने चला गया है
लेकिन वह वहाँ से भी जा चुका है
वहाँ एक परिवार अपनी गरीबी में से झाँकता हुआ टेलीविजन देख रहा
जिस पर एक रंगीन कार्यक्रम आ रहा है
हमारे शत्रु के पास बहुत से फोन नंबर हैं ढेरों मोबाइल
वह लोगों को सूचना देता है आप जीत गए हैं
एक विशाल प्रतियोगिता में आपका नाम निकल आया है
आप बहुत सारा कर्ज ले सकते हैं बहुत-सा सामान खरीद सकते हैं
एक अकल्पनीय उपहार आपका इंतजार कर रहा है
लेकिन पलट कर फोन करने पर कुछ नहीं सुनाई देता
हमारा शत्रु कभी हमसे नहीं मिलता सामने नहीं आता
हमें ललकारता नहीं
हालांकि उसके आने-जाने की आहट हमेशा बनी रहती है
कभी-कभी उसका संदेश आता है कि अब कहीं शत्रु नहीं है
हम सब एक दूसरे के मित्र हैं
आपसी मतभेद भुलाकर आइए हम एक ही प्याले से पिएँ
वसुधैव कुटुंबकम्घ् हमारा विश्वास है
धन्यवाद और शुभरात्रि।
-मंगलेश डबराल (प्रख्यात हिंदी पत्रकार, जनसत्ता में फीचर संपादक, कई अन्य प्रकाशनों में संपादक, प्रमुख हिंदी कवि, जन्म 16 मई 1948 टिहरी गढ़वाल, उत्तराखंड)
कृपया देखिए हमारा हिंदी समाचार पोर्टल एक्सप्लेनर24.कॉम https://explainer24.com अपने सुझाव दीजिए ! धन्यवाद !
प्रेस / मीडिया विशेष - आप अपने समाचार, विज्ञापन, रचनाएं छपवाने, समाचार पत्र, पत्रिका पंजीयन, सोशल मीडिया, समाचार वेबसाइट, यूट्यूब चैनल, कंटेंट राइटिंग इत्यादि प्रेस/मीडिया विषयक कार्यों हेतु व्हाट्सऐप 9411175848 पर संपर्क करें।








0 टिप्पणियाँ