Ticker

6/recent/ticker-posts

Ad Code

7 मई का विश्व इतिहास - भारत एवं दुनिया में 1900 वर्षों में हुए अहम घटनाक्रमों, दिवसों और मशहूर हस्तियों के जन्म, निधन तारीखों की जानकारी World History of May 7

यह केवल हमारे जीवन की आकांक्षाएं ही हैं जो भयानक हैं। सुंदरता, अच्छाई और न्याय के बारे में हमारी असंभव अवधारणाएँ ही भयानक हैं क्योंकि वे कभी भी साकार नहीं होती हैं, और साथ ही वे हमें जीवन को उसके वास्तविक स्वरूप में लेने से रोकती हैं। वही हमारे सभी दुखों और पीड़ाओं का वास्तविक स्रोत है। -व्लादिस्लाव रेमोंट




160 ईस्वी में 7 मई को एमेसा, सीरिया में जूलिया मेसा का जन्म हुआ। रोमन साम्राज्य के सेवेरन राजवंश की सदस्य जूलिया मेसा सम्राट एलागाबालस और सेवेरस अलेक्जेंडर की दादी, महारानी जूलिया डोम्ना की बड़ी बहन और जूलिया सोएमियास और जूलिया मामा की माँ थीं। उन्होंने 218 से अपनी मृत्यु तक साम्राज्य की ऑगस्टा के रूप में अपने पोते के शासनकाल के दौरान महत्वपूर्ण काम किये, खासतौर पर सम्राटों के उत्थान पर।

351 ईस्वी में 7 मई को यूनान के एंटिओक नगर पहुंचने पर कॉन्स्टेंटियस गैलस के खिलाफ यहूदी विद्रोह शुरु हुआ।

558 ईस्वी में 7 मई को कॉन्स्टेंटिनोपल (वर्तमान इस्तांबूल) स्थित विश्व प्रसिद्ध हागिया सोफिया का गुंबद इसके निर्माण के बीस साल बाद ढह गया। जस्टिनियन प्रथम ने गुंबद का पुनर्निर्माण जल्द किए जाने का आदेश दिया।

833 ईस्वी में 7 मई को 9वीं शताब्दी के अब्बासिद इतिहासकार और विद्वान इब्न हिशाम (अबू मुहम्मद अब्द अल-मलिक इब्न हिशाम इब्न अय्यूब अल-हिमियारी) का इंतकाल हुआ। 

1014 ईस्वी में 7 मई को पनास्केर्टी, ताओ में अब्खाजिया साम्राज्य, जॉर्जिया साम्राज्य के राजा, प्रभावी रूप से जॉर्जिया साम्राज्य के संस्थापक बागरात तृतीय (बागरात तृतीय ऑफ जॉर्जिया, जन्म 960) का निधन हुआ।

1166 पालेर्मो, सिसिली साम्राज्य में सिसिली का दूसरा राजा विलियम प्रथम का निधन हुआ। विलियम प्रथम बुरा या दुष्ट शासक के रूप में कुख्यात हुआ।

1274 फ्रांस में ल्योन की दूसरी परिषद आयोजित हुई जिसमें पोप के चुनाव को विनियमित करने के लिए डिक्री (एक कानून) पारित किया गया।

1487 स्पैनिश रिकोनक्विस्टा के दौरान मलागा की घेराबंदी शुरू हुई। अल-अंडालस पर पुनः विजय, सैन्य अभियानों की सफल श्रृंखला, जो यूरोपीय ईसाई राज्यों ने (उमय्यद खलीफा द्वारा इबेरियन प्रायद्वीप पर मुस्लिम विजय के बाद) मुस्लिम राज्यों के खिलाफ शुरु की थी। इसमें बहुुतों को जबरन इस्लाम धर्म से इसाई धर्म में परिवर्तित किया गया, जो नहीं माने उनमें से बहुतों को खदेड़ दिया गया और बहुत लोग मार डाले गये।

1544 अंग्रेजी सेना ने एडिनबर्ग को जला डाला। यह स्काटलैंड के खिलाफ लड़ाई की बड़ी शुरुआत थी।

1625 इंग्लैंड के राजा जेम्स छठे (1566-1625) का अंतिम संस्कार वेस्टमिंस्टर एबे में राजकीय सम्मन के साथ किया गया।

1638 काॅर्नलीस एस गोयर ने मॉरिशस पर कब्जा किया।

1663 प्रसिद्ध नाटककार थॉमस किलिग्रू द्वारा निर्मित रायल थियेटर लंदन में शुरु हुआ।

1664 फ्रांस के सम्राट लुई 14वें ने वर्साय पैलेस का उद्घाटन किया। वर्सेल्स या वर्साय महल फ्रांस के पेरिस से लगभग 19 किलोमीटर पश्चिम में वर्सेल्स में स्थित है। अब इसका स्वामित्व फ्रांस सरकार का है और संस्कृति मंत्रालय के अधीन है। यह महल लंबे समय राजशाही का केंद्र रहा। भारी लागत से इसे कई साल में निर्मित किया गया। लोग भुखमरी, बदहाली के शिकार थे और राजशाही जनता की मेहनत का अधिकांश हिस्सा अपने ऐश-ओ-आराम पर खर्च कर रही थी। पेरिस में बढ़ते गुस्से के कारण 5 अक्टूबर 1789 को वर्साय में महिलाओं ने मार्च निकाला। रोटी की ऊंची कीमत और कमी का विरोध करते हुए कई हजार पुरुषों और महिलाओं की भीड़ ने पेरिस के बाजारों से वर्सेल्स तक मार्च किया। उन्होंने शहर के शस्त्रागार से हथियार ले लिए, महल को घेर लिया, और अगले दिन राजा और शाही परिवार और नेशनल असेंबली के सदस्यों को अपने साथ पेरिस लौटने के लिए मजबूर किया। महल बंद कर दिया गया। 1792 में नई क्रांतिकारी सरकार, नेशनल कन्वेंशन ने महल से सभी चित्रों और मूर्तियों को लूव्र संग्रहालय में स्थानांतरित करने का आदेश दिया। 1793 में कन्वेंशन ने राजशाही के उन्मूलन की घोषणा की और महल की सभी शाही संपत्ति को नीलामी में बेचने का आदेश दिया। नीलामी 25 अगस्त 1793 और 11 अगस्त 1794 के बीच हुई। फर्नीचर, दर्पण, स्नानघर और रसोई के उपकरण सहित महल की साज-सज्जा और कला सत्रह हजार लॉट में बेची गई। इमारतों पर लगे सभी फ्लायर्स-डी-लिस और शाही प्रतीकों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। खाली इमारतें कुलीनों से जब्त किए गए साज-सामान, कला और पुस्तकालयों के भंडारगृह में बदल दिया गया। 1793 में खाली भव्य अपार्टमेंटों को पर्यटन के लिए खोल दिया गया, और कुछ खाली कमरों में फ्रांसीसी पेंटिंग और कला विद्यालय का एक छोटा संग्रहालय खोला गया। यह यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल है। 

1697 मध्ययुगीन काल का स्टॉकहोम का शाही महल आग लगने से नष्ट हो गया। 18वीं शताब्दी में पुनः निर्मित इसकी जगह वर्तमान रॉयल पैलेस ने ले ली। स्टॉकहोम पैलेस या रॉयल पैलेस स्वीडिश सम्राट का आधिकारिक निवास और प्रमुख शाही महल है। स्टॉकहोम पैलेस राजधानी स्टॉकहोम के गामलास्तान में स्टैडशोलमेन में है। यह रिक्सडाग इमारत के बगल में है।

1700 विलियम पेन ने अफ्रीकी स्वतंत्रता कार्यकर्ताओं के लिए नियमित बैठकें शुरू कीं।

1718 जीन-बैप्टिस्ट ले मोयने डी बिएनविले ने न्यू ऑरलियन्स की स्थापना की।

1727 रूस की महारानी कैथरीन प्रथम ने यूक्रेन से यहूदियों को बाहर करने का आदेश दिया।

1771 शैमुएल हर्न ने साउथ सेंट्रल अमेरिका में अलास्का में कॉपर नदी की खोज की। इस नदी की बहुत ख्याति है।

1775 तुर्की राज्य बुकोविना आस्ट्रिया से अलग हुआ।

1785 फ्रांस के जॉन प्येर फ्राँसुआ ब्लनशार और अमरीका के जॉन जैफ्रिज ने एक साथ एक गुब्बारे में बैठकर पहली बार इंगलिश चैनल को पार किया।

1800 अमेरिका में इंडियाना प्रांत का गठन किया गया।

1832 लंदन संधि के तहत यूनान को स्वतंत्र गणराज्य बनाया गया, बावेरिया के राजकुमार ओटो ऑफ विटल्सबैच को राजा चुना गया और इस तरह आधुनिक यूनान का इतिहास शुरू हुआ।

1861 भारत के राष्ट्रगान के रचयिता नोबेल पुरस्कार प्राप्त बांग्ला कवि, कहानीकार, गीतकार, संगीतकार, नाटककार, निबंधकार, चित्रकार, चिंतक रबींद्रनाथ ठाकुर (टैगोर) का जन्म हुआ।

1867 कोबीले विल्की, कांग्रेस पोलैंड, रूसी साम्राज्य में व्लादिस्लाव स्टैनिस्लाव रेमोंट का जन्म हुआ जो आगे चलकर विख्यात पोलिश उपन्यासकार और 1924 के साहित्य के नोबेल पुरस्कार के विजेता बने। उनका सबसे प्रसिद्ध रचनाकर्म पुरस्कार विजेता चार खंडों वाला उपन्यास क्लोपी (द पीजेंट्स) है।

1875 सिसली द्वीप के पास जर्मनी का जहाज डूबा, जिसमें 312 लोग मारे गए।

1880 प्रसिद्ध भारतीय संस्कृत विद्वान पंडित पांडुरंग वामन काणे का जन्म हुआ।

1889 प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी तथा हिंदुस्तानी सेवादल के संस्थापक एन. एस. हार्डिकर का जन्म हुआ।

1895 अलेक्जेंडर स्टेपानोविच पोपोव ने सेंट पीटर्सबर्ग में रूसी फिजिकल एंड केमिकल सोसाइटी के समक्ष ऑन द रिलेशन ऑफ मेटलिक पाउडर टू इलेक्ट्रिक ऑसिलेशंस शोध और प्रयोगों पर आधारित विवरण प्रस्तुत किया। पोपोव की प्रस्तुति को पूर्व सोवियत संघ और पूर्वी यूरोप में रेडियो का आविष्कारक घोषित किया गया और उनकी याद में 1945 से 7 मई को रेडियो दिवस और संचार श्रमिक दिवस मनाया जाता है।

1907 बंबई में पहली इलेक्ट्रिक ट्राम कार का परिचालन शुरु हुआ।

1912 अमेरिका के कोलंबिया विश्वविद्यालय ने पत्रकार जोसेफ पुलित्जर के नाम पर विभिन्न श्रेणियों में पुलित्जर पुरस्कार प्रदान करने की योजना को मंजूरी दी। इसी दिन गुजराती साहित्यकार पन्नालाल पटेल का जन्म हुआ।

1924 प्रसिद्ध दक्षिण भारतीय स्वतंत्रता सेनानी अल्लूरी सीताराम राजू का निधन हुआ।

1928 ब्रिटेन में महिलाओं की मतदान करने की न्यूनतम आयु सीमा 30 वर्ष से घटाकर 21 वर्ष कर दी गई।

1934 फिलीपींस में विश्व का सबसे बड़े आकार का मोती मिला।

1940 विस्टन चर्चिल ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बने।

1945 जर्मनी के जनरल गुस्ताव जोड्ल ने आत्मसमर्पण के कागजों पर दस्तख्त किए, इसके साथ ही यूरोप में 6 वर्ष चले युद्ध का अंत हुआ। इस संबध में लंदन, मॉस्को और वॉशिंगटन में सरकारी बयान जारी किए गए।

1946 इबुका मसारू और मोरिता ओकियो ने उपभोक्ता इलेक्ट्रानिक उत्पाद बनाने वाली जापानी कंपनी सोनी कोरपोरेशन की स्थापना की।

1952 इंटिग्रेटेड सर्किट की अवधारणा पहली बार जियोफ्रे डमर में प्रकाशित हुआ। यह सभी आधुनिक कंप्यूटरों का आधार हैं।

1956 ब्रिटेन के विदेश मंत्री ने धूम्रपान के विरोध में किए जा रहे तमाम अभियानों को खारिज करते हुए कहा कि धूम्रपान के बुरे प्रभावों के तथ्य अभी सामने नहीं आए हैं।

1960 भारत ने सीमा सड़क संगठन या बाॅर्डर सड़क आॅर्गनाइजेशन बीआरओ की स्थापना की। यह सशस्त्र बल सड़क और दूसरे बुनियादी ढांचे के निर्माण में सहयोग प्रदान करता है।

1969 उत्तर प्रदेश के भाजपा नेता और उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का जन्म हुआ।

1972 बीसवीं सदी के अंतिम दशक की लोकप्रिय, खूबसूरत, बोल्ड चर्चित हिंदी एवं मराठी फिल्म अभिनेत्री तथा माॅडल अश्विनी भावे का जन्म बंबई में हुआ।

1973 ईटानगर को अरुणाचल प्रदेश की नई राजधानी बनाने का कार्य शुरू हुआ।

1975 अमेरिका ने वियतनाम युद्ध समाप्त करने की घोषणा की।

1964 प्रशांत एयर लाइंस फ्लाइट 773 संयुक्त राज्य अमेरिका में कैलिफोर्निया के सैन रेमन के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई। यह अमेरिका के इतिहास में सामूहिक हत्या और आत्महत्या का पहला मामला था। फ्रांसिस्को पाउला गोंजालेस ने खुद से पहले पायलट और सह-पायलट दोनों को गोली मार दी, दुर्घटना में सभी 44 यात्री मारे गए।

1982 दुनिया की प्रमुख तकनीकी और कंप्यूटर कंपनी आईबीएम ने पीसी-डीओएस का वर्जन 1.1 जारी किया।

1989 जाने माने भारतीय क्रिकेट खिलाड़ी राजविंदर सिंह का जन्म पटियाला में हुआ। इसी दिन भारतीय मूल के ब्रितानी लेखक सलमान रश्दी के विरुद्ध ईरान के सर्वाच्च नेता अयातुल्लाह खुमैनी के फतवे के बाद ब्रिटेन और ईरान के बीच राजनयिक संपर्क टूट गया। बेहद चर्चित रश्दी के उपन्यास द सेटेनिक वर्सेस (शैतान की आयतें) के प्रकाशन पर मुस्लिम जगत में तीव्र प्रतिक्रिया हुई और इसे पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ बताते हुए रश्दी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। भारत सहित दुनिया भर के तमाम देशों में इस किताब पर प्रतिबंध लगा दिया गया। खुमैनी ने रश्दी को मारने वाले को एक कराड़ रुपये ईनाम देने की घोषणा की थी।

1992 सिडनी, नोवा स्कोटिया, कनाडा में एक मैकडॉनल्ड्स रेस्तरां में तीन कर्मचारियों की डकैतों ने बेरहमी से हत्या कर दी और एक कर्मचारी को स्थायी रूप से विकलांग कर दिया। यह कनाडा में पहली फास्ट-फूड हत्या करार दी गई।

1993 जानी मानी खूबसूरत, बोल्ड हिंदी सहित दक्षिण भारतीय फिल्म अभिनेत्री एवं माॅडल अमीरा दस्तूर का जन्म बंबई में हुआ।

1994 फरवरी में नॉर्वे की नेशनल गैलरी से चोरी हो जाने के बाद विख्यात चित्रकार एडवर्ड मंच की पेंटिंग द स्क्रीम को बिना किसी नुकसान के बरामद कर लिया गया।

1996 कलर्स टीवी के लोकप्रिय धारावाहिक इश्क में मरजावां आदि तमाम टीवी धारावाहिकों की जानी मानी अभिनेत्री और माॅडल अलीशा पंवार का जन्म शिमला में हुआ। इंटरनेशनल एसोसिएशन ऑफ एथलेटिक्स फेडरेशन (आईएएएफ) ने पहला विश्व एथेलेटिक्स दिवस 15 मई को मनाया। 21वीं सदी में इसे 7 मई को मनाया जाता है।

1999 स्काटलैंड के संसदीय चुनावों में लेबर पार्टी को बहुमत मिला।

2000 व्लादिमीर पुतिन ने रूस के 10वें राष्ट्रपति के रूप में कार्यभार ग्रहण किया।

2001 पोप जॉन पॉल द्वितीय सीरिया के ऐतिहासिक दौरे पर पहुंचे और वहां के हजारों लोगों ने बांहें फैलाकर उनका स्वागत किया। इसी दिन 2001 मेरा रंग दे बसंती चोला जैसे तमाम देशभक्ति और मधुर रोमांटिक गीत लिखने वाले हिंदी सिनेमा जगत् के मशहूर गीतकार प्रेम धवन का निधन हुआ।

2002 नरेंद्र मोदी शासित गुजरात की हिंसा पर अंतर्राष्ट्रीय धार्मिक स्वतंत्रता आयोग ने गंभीर चिंता जताई। इस हिंसा में हजारों मुस्लिम बच्चों, महिलाओं, पुरुर्षों की बेहद बर्बरता से हत्याएं की गईं और उनकी संपत्ति नष्ट की गई।

2002 चीन की नॉर्दर्न एयरलाइंस के एक जेट विमान एमडी 82 में आग लग गई और समुद्र में डूब गया जिससे विमान में सवार सभी 112 लोगों की मौत हुई।

2004 नेपाल के प्रधानमंत्री सूर्य बहादुर थापा ने इस्तीफा दिया। 2004 में इसी दिन अमेरिकी व्यवसायी निक बर्ग का इस्लामी आतंकियों ने सिर कलम कर उसका वीडियोटेप इंटरनेट पर जारी किया।

2007 इजरायल में पुरातत्वविदों ने हेरोड द ग्रेट के मकबरे की खोज की। हेरोद द ग्रेट यहूदिया का एक रोमन ग्राहक राजा था जो अपने विशाल भवन निर्माण परियोजनाओं के लिए जाना जाता है।

2008 पाकिस्तान ने परमाणु क्षमता से लैस मिसाइल हत्फ-8 का परीक्षण किया।

2010 शोधकर्ताओं की एक टीम ने निएंडरथल जीनोम का एक पूरा मसौदा अनुक्रम प्रस्तुत किया, जिसमें दिखाया गया कि आज के आधुनिक मनुष्य के पूर्वज निएंडरथल हैं।

2015 ब्रिटेन के आम चुनाव में डेविड कैमरून फिर से प्रधानमंत्री बने। उनकी कंजर्वेटिव पार्टी को स्पष्ट बहुमत मिला।

2020 विशाखापट्टनम की एक फैक्ट्री में जहरीली गैस का रिसाव होने पर दम घुटने से 13 लोगों की मौत हुई। 2020 में इसी दिन भारत में कोरोना संक्रमितों की संख्या 56,000 और मृतकों की संख्या 1,800 से अधिक हुई।

2021 प्रसिद्ध भारतीय हिंदी फिल्म संगीतकार वनराज भाटिया का निधन हुआ।

2022 भारत के प्रधान न्यायाधीश एनवी रमना ने चिकित्सकों के खिलाफ बढ़ती हिंसा और उनके खिलाफ झूठे मामले दर्ज किए जाने पर गंभीर चिंता व्यक्त की। न्यायमूर्ति रमना ने कहा कि वह डॉक्टरों की अटूट भावना के प्रति सम्मान व्यक्त करना चाहेंगे जो अपने मरीजों के लिए चौबीसों घंटे काम करते हैं। न्यायमूर्ति रमना ने कहा कि डॉक्टर परामर्शदाता, मार्गदर्शक, दोस्त और सलाहकार होते हैं। उन्हें हमेशा समाज के सक्रिय सदस्य बने रहना चाहिए और लोगों की समस्याओं का समाधान करना चाहिए। प्रधान न्यायाधीश न्यायमूर्ति रमना ने कहा कि डॉक्टरों के खिलाफ बढ़ती हिंसा को देखकर मुझे बेहद दुख होता है। ईमानदार और मेहनती डॉक्टरों के खिलाफ कई झूठे मामले दर्ज किए जा रहे हैं। उन्हें काम करने के बेहतर और अधिक सुरक्षित माहौल की जरूरत है। 7 मई शनिवार को न्यायमूर्ति रमना ने डॉ. कर्नल सीएस पंत और डॉ. वनीता कपूर की ओर से लिखी गई पुस्तक एटलस ऑफ ब्रेस्ट इलास्टोग्राफी एंड अल्ट्रासाउंड गाइडेड फाइन नीडल साइटोलॉजी के विमोचन अवसर पर बोलते हुए कहा कि यह वह जगह है जहां पेशेवर चिकित्सा संघ बहुत महत्व रखते हैं। उन्हें डॉक्टरों की मांगों को उठाने में सक्रिय रहना होगा। उन्होंने कहा कि महिलाएं देश की आबादी का 50 प्रतिशत हैं और वे परिवार और समाज की रीढ़ हैं और इसलिए, उनके स्वास्थ्य को समाज तथा नीतियों में समान रूप से स्थान मिलना चाहिए। न्यायमूर्ति रमना बोले कि लोग, विशेष रूप से घर में महिलाएं, अपने स्वास्थ्य को छोड़कर सभी के स्वास्थ्य का ख्याल रखती हैं। परिवार के अन्य सदस्यों, विशेष रूप से पति और बच्चों का यह कर्तव्य है कि वे उसे नियमित स्वास्थ्य जांच के वास्ते भेजें जिससे कि वह अपने शरीर और स्वास्थ्य को समझने की स्थिति में हो सके। न्यायमूर्ति रमना ने कहा कि हमें एक पत्नी या मां के महत्व का एहसास तब होता है जब वह नहीं होती है। मुझे एहसास है कि भले ही मेरी माँ का 80 वर्ष की आयु में निधन हुआ हो, लेकिन आज तक मुझे अपनी माँ के खोने का एहसास है। इसलिए प्रत्येक परिवार को उस गृहिणी के महत्व को पहचानना चाहिए जो पूरे परिवार की देखभाल करती है।

2023 रविवार को  द्रविड मुनेत्र कषगम (द्रमुक) अध्यक्ष एवं तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने कहा कि ताकत और अहंकार का दंभ भरने तथा जाति-धर्म के नाम पर विभेद करने वाले राज्य के द्रविड़ मॉडल को नहीं समझ सकते। स्टालिन ने द्रमुक सरकार के दो साल का कार्यकाल पूरा होने के मौके पर पार्टी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि तमिलनाडु में द्रमुक को फिर से सत्ता में पहुंचाने वाली जनता स्पष्ट रूप से समझती है कि द्रविड़ मॉडल क्या है। उन्होंने कहा कि राज्य के बुद्धिमान लोग प्रदेश में एक नयी सुबह लाने की उम्मीद से द्रमुक को फिर से सत्ता में लाए और जनता द्रविड़ मॉडल के बारे में बखूबी समझ है। मुख्यमंत्री स्टालिन ने कहा कि उनकी सरकार का चेहरा सत्ता, अहंकार, अलंकरण, अधिनायकवाद, सनातन (धर्म) नहीं बल्कि प्रेम, प्रजातंत्र, सरलता और सामाजिक न्याय है। इसीलिए इसकी कुछ लोग इसलिए आलोचना कर रहे हैं क्योंकि जनता द्वारा पसंद किया जा रहा है। उन्होंने तमिल दोहे तिरुक्कुरल में उद्धृत पिरापोक्कुम एला उयिरक्कुम (सभी बराबर पैदा होते हैं) का उल्लेख किया और कहा कि द्रविड़ियन मॉडल का अर्थ एलारुक्कुम इल्लम (सभी के लिए सब कुछ) है।

2024 शिकागो, इलिनोइस में प्रसिद्ध अमेरिकी संगीतकार, संगीत रिकॉर्ड उत्पादनकर्ता, ऑडियो इंजीनियर और संगीत पत्रकार स्टीवन फ्रैंक अल्बिनी (जन्म 22 जुलाई 1962 पासाडेना, कैलिफोर्निया) स्टीवन अल्बिनी का निधन हुआ। स्टीवन अल्बिनी ने प्रभावशाली पोस्ट-हार्डकोर और नॉइज रॉक बैंड बिग बलैक (1981-1987), रेपमैन (1987-1989), और शेलाक (1992-2024) की स्थापना की और उनका नेतृत्व किया। स्टीवन अल्बिनी ने पिक्सीज के सुपर रोसा (1988), पीजे हार्वे के राइड आफ मीं, निर्वाना के इन उटेरो (दोनों 1993), और मैनिक स्ट्रीट प्रीचर्स के जर्नल फोर प्लेग लवर्स (2009) जैसे प्रशंसित एल्बमों को इंजीनियर किया। संगीत और संगीत तकनीक के दिग्गज स्टीवन अल्बिनी ने इस क्षेत्र में व्यापक काम किया जिसके लिए उन्हें बहुत सराहना, सम्मान और पुरस्कार मिले।

2025 भारतीय सेना और भारतीय वायु सेना ने पहलगाम हमले के (जिसमें हथियारबंद बदमाशों ने 26 पर्यटक मार डाले थे 22 अप्रैल को, भारत सरकार ने इसे पाकिस्तान प्रायोजित आतंकी हमला बताया था) पाकिस्तान में कथित तौर पर आतंकी ठिकानों पर ऑपरेशन सिंदूर नामक कोड-नाम से सर्जिकल स्ट्राइक की, जिसमें करीब ढाई दर्जन लोग मारे गए और कुछ घरों को नुक्सान हुआ। इसके जवाब में अगले दिन पाकिस्तान ने भारत में जम्मू कश्मीर के पुंछ और राजौरी इत्यादि इलाकों में हवाई हमले किए जिसमें करीब डेढ़ दर्जन लोग मारे गए और काफी नुक्सान हुआ।

2026 सोलोमन आइलैंड्स में कैबिनेट के इस्तीफों और अदालत के आदेश पर संसद के दोबारा बुलाए जाने से पैदा हुए राजनीतिक संकट के बीच प्रधानमंत्री जेरेमिया मानेले के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव पर बहस करने के लिए संसद की बैठक हुई। शारीरिक फिटनेस और खेलों में भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए दुनिया भर में विश्व एथलेटिक्स दिवस मनाया गया।

यदि मैं इसे एक दरवाजे से नहीं पार कर सकता, तो मैं दूसरे दरवाजे से जाऊंगा या मैं एक दरवाजा बनाऊंगा। चाहे वर्तमान कितना ही अंधकारमय क्यों न हो, कुछ अद्भुत अवश्य आएगा। -रबींद्रनाथ टैगोर

(Disclaimer विशेष सूचना- हमने तथ्यों को यथासंभव जांचकर प्रस्तुत किया है। फिर भी किसी भूल के लिए हम क्षमाप्रार्थी होंगे। पाठक कृपया अपने स्तर पर भी तथ्यों को जांच-परख लें, साथ ही हमारा निवेदन है कि यदि आपको कोई त्रृटि दिखी तो कृपया हमें सूचित करें ताकि हम उसे सुधार सकें। आपकी प्रतिक्रियाएं, सुझाव, रचनाएं आमंत्रित हैं। धन्यवाद ! -संपादक - पीपुल्स फ्रैंड)

कृपया देखिए हमारा हिंदी समाचार पोर्टल एक्सप्लेनर24.कॉम https://explainer24.com अपने सुझाव दीजिए ! धन्यवाद !

प्रेस / मीडिया विशेष - आप अपने समाचार, विज्ञापन, रचनाएं छपवाने, समाचार पत्र, पत्रिका पंजीयन, सोशल मीडिया, समाचार वेबसाइट, यूट्यूब चैनल, कंटेंट राइटिंग इत्यादि प्रेस/मीडिया विषयक कार्यों हेतु व्हाट्सऐप 9411175848 पर संपर्क करें।

#WorldHistoryofMay7 #RabindranathTagore #WładysławReymont #AlexanderPopov #SolomonIslands #RadioDay #WorldAthleticsDay #IAAF #StevenAlbini #AshwiniBhave #AmyraDastur  #OPEC #CocaCola #Softdrink #IMF #Iran #Israel #Donaldtrump #War #Quotes #Thoughts #Motivation #Inspiration #Facts #Truth #Nature #Science #Politics #Economy #World #Business #jobs #Inflation #Uttarakhand #Rudrapur #Udhamsinghnagar #Peoplesfriend #Newspaper #APBharati #Journalism #Writing #Socialmedia #Viralphoto #Iran #Israel #War #Hormuz #IRGC #Donaltrump #explainer24.com #Newsportal #ICC #X #Lebanon #Pakistan #Ukraine #Russia #Sudan #Turkey #Iraq #Kuwait #UAE #EU #Bahrain #Oman #MiddleEastcrisis #PrinceAlbertII

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ